Jharkhand Weather: झारखंड में अभी और खतरनाक होगा मानसून, रांची सहित 12 जिलों में मौसम दिखाएगा रौद्र रूप; अलर्ट जारी
रांची और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। जलभराव से शहर की हालत खराब है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वी सिंहभूम और रांची में सामान्य से बहुत अधिक बारिश दर्ज की गई है। अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में लगातार हो रही वर्षा ने आमजनों की परेशानी बढ़ा दी है। जलजमाव ने शहर की सूरत बिगाड़कर रख दी है।
नालों का गंदा पानी उफनकर सड़कों पर बह रहा है। मानसून की फुहारों ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की कलई भी खोल कर रख दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान की बात करें तो 3 जुलाई को राज्य के निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला और खूंटी के अलावे उत्तर पश्चिमी हिस्से यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, 4 जुलाई को राज्य के निकटवर्ती मध्य भाग के साथ-साथ उत्तर पूर्वी क्षेत्र यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है, इन जिलों में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि इन जिलों में मेघगर्जन के साथ साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। इन जिलों में यह स्थिति 6 जुलाई तक बनी रहेगी।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि एक जून से लेकर 2 जुलाई तक हुई वर्षा में सर्वाधिक पूर्वी सिंहभूम में सामान्य वर्षापात 252.2 मिमी की तुलना में अब तक 649.7 मिमी वर्षा हो चुकी है।
वहीं, राजधानी रांची भी पीछे नहीं है और यहां सामान्य वर्षापात 213.8 मिमी की तुलना में अब तक 648.6 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो कि सामान्य वर्षापात से 203 प्रतिशत अधिक है।
ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मानसून की गतिविधि सामान्य बनी रही। लगभग सभी स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा रिकॉर्ड की गई जबकि, कहीं-कहीं भारी वर्षा हुई है।
सबसे अधिक वर्षा 59.8 मिमी सिमडेगा के कुरदेग में रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस लातेहार का रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम 26.7 डिग्री तो न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढ़ें-
झारखंड की राजधानी रांची समेत दूसरे जिलों के मौसम का हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।