यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 14, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Weather Today: झारखंड के 3 जिलों में शीतलहर का कहर, कांके में तापमान ने तोड़ा रिकॉर्ड; रांची में बुरा हाल
Jharkhand Weather झारखंड में अभी से कड़ाके की ठंड ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। राजधानी रांची ...और पढ़ें

HighLights
- धनबाद, बोकारो और रामगढ़ में आज भी जारी रहेगा शीतलहर का कहर
- ठंड के साथ कनकनी और तेज हवाओं के झोंके लोगों को करेगा परेशान
जागरण संवाददाता, रांची। Jharkhand Weather: राजधानी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। रांची का तापमान जहां 9 डिग्री के नीचे पहुंच चुका है तो दूसरी ओर कांके का तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के धनबाद, बोकारो और रामगढ़ में शनिवार तक शीतलहर का कहर जारी रहेगा। लोगों को तेज हवाओं के साथ कनकनी झेलनी पड़ सकती है।
शनिवार को रांची का तापमान गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। कांके में जिस प्रकार से ठंड बढ़ रही है, इससे शाम 6 बजते ही लोग अपने-अपने घरो में प्रवेश कर रहे हैं। साथ ही जनजीवन भी प्रभावित होने लगा है। कांके का तापमान अगले दो-तीन दिनों में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
वहीं, पिछले 24 घंटे में राज्यभर में मौसम शुष्क रहा है। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में जबकि न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज में रिकार्ड किया गया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि मौसम का कहर आने वाले दिनो में जारी रहेगा, ठंड से अभी कोई निजात नहीं मिलने की उम्मीद है। लोग अपने घरों में भी गर्म कपड़ों का उपयोग करें। वहीं आने वाले दिनों में रांची समेत आसपास के जिलों में सुबह और शाम को कोहरा रहेगा।
कांके में घासों में बर्फ की दिखाई देने लगी चादर
ठंड का कहर तेजी से बढ़ रहा है। हर साल ठंड सबसे अधिक कांके और मैक्लुस्कीगंज में पड़ रहा है। शुक्रवार को कांके और मैक्सलुस्कीगंज का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। मौसम विभाग के रिपोर्ट के अनुसार जारी बुलेटिन के अनुसार कांके और मैक्लुस्कीगंज में ओस की बूंदे झाड़ियों व घासों में बर्फ सी दिखाई पड़ने लगी हैं।
सुबह मैक्लुस्कीगंज में कोहरा छाया रहा लेकिन धूप निकलने के बाद लोगों को आंशिक राहत मिली। पिछले कुछ दिनों से लोगों को सूर्यदेव के दर्शन तो हो रहे हैं, पर सूर्य में गर्मी का अहसास नहीं हो रहा है। शाम होते ही ठिठुरन बढ़ जा रही है। लोग घरों का रुख कर रहे हैं। लोगों का मानना है कि आने वाले दिन में ठंड और बढ़ेगी। शाम होते ही सड़कें वीरान हो जा रही हैं। बढ़ती ठंड के कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है।
राज्य के 14 दिसंबर को शीतलहर, यलो अलर्ट जारी
राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, साहिबगंज समेत पश्चिमी हिस्से यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में 14 दिसंबर को शीतलहर की संभावना बनी रहेगी। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। तापमान में गिरावट होने से आमजनों की परेशानी बढ़ने लगी है।
