Jharkhand Weather Today: झारखंड के 16 जिलों में आज बिगड़ने वाला है मौसम; तेज आंधी-बारिश बढ़ाएंगी मुश्किलें
Jharkhand Weather झारखंड में एक बार फिर से मौसम पलटी मारने वाला है। राजधानी रांची समेत 16 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी का तापमान 39 से 29.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस दौरान लोगों को खुले में जाने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों को खेत में जाने से बचने की भी अपील की गई है।

जागरण संवाददाता, रांची। Jharkhand Weather News: झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार को जहां दिनभर आंशिक बादल छाए रहे तो शाम होते ही हुई झमाझम वर्षा ने गर्मी से आमजनों को राहत दी है। शाम में घने कारे बदरा छा गए और बिजली कड़कने लगी तो लोग जल्दी जल्दी अपने अपने घरों और प्रतिष्ठानों की और लौटने लगे।
डुमरदगा और बूटी बस्ती की ओर छाए घने बादल ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। वहां करीब आधे घंटे तक जोरदार वर्षा हुई जबकि कोकर और लालपुर क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम वर्षा हुई। पिछले दो दिनों से आसमान में छाए आंशिक बादल, रविवार, सोमवार को कहीं-कहीं हुई वर्षा ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। राजधानी रांची व आसपास के जिलों का तापमान भी 9 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच चुका है।
दो दिनों पूर्व तक रांची का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था जो कि गिरकर 29.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है और रात में तो ठंड का अहसास होने लगा।
16 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद और साहिबगंज को छोड़कर राज्य के बाकी 16 जिलों में 29 अप्रैल को मेघगर्जन के साथ 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने और बिजली गिरने की संभावना है, इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
झारखंड के इन 16 जिलों में बारिश के आसार
रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पलामू, लातेहार, गढ़वा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, बोकारो, खूंटी और रामगढ़ में बारिश और तेज आंधी के आसार हैं।
राजधानी रांची का अधिकतम 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21.2 डिग्री सेल्सियस
इसके बाद 30 अप्रैल, 1 और 2 मई को राज्य के सभी जिलों में मेघगर्जन के साथ तेज हवा बहने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में 29 अप्रैल से लेकर 4 मई तक कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है।
झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कहीं कहीं हल्की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 3.7 मिमी पलामू के पाटन में हुई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस गढ़वा का और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।