झारखंड में मतदाता सूची संशोधन की खामियों पर विधानसभा में उठे गंभीर सवाल, 15 प्वाइंट में समझें समस्याएं
झारखंड विधानसभा में मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया की गंभीर खामियां उजागर हुईं। सख्त दस्तावेज़ शर्तों, वर्तनी भिन्नता और कम समयसीमा के कारण बुजुर्गों, महिलाओं, छात्रों व प्रवासी मजदूरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

विधानसभा में मतदाता सूची संशोधन की खामियों पर उठे गंभीर सवाल।
HighLights
दस्तावेजों की सख्त शर्तों से वास्तविक मतदाताओं को परेशानी हुई।
बुजुर्गों, महिलाओं, प्रवासी मजदूरों को संशोधन प्रक्रिया में दिक्कतें आईं।
कम समयसीमा और ऑनलाइन पोर्टल की समस्याओं ने चुनौतियां बढ़ाईं।
राज्य ब्यराे, रांची। विधानसभा में SIR के खिलाफ राज्य संकल्प पेश किए जाने के बीच जमीनी स्तर पर मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया की गंभीर खामियां सामने आई हैं। दस्तावेजों की सख्त शर्तों, नामों की वर्तनी में अंतर और कम समयसीमा के कारण बुजुर्गों, महिलाओं, छात्रों और प्रवासी मजदूरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कई वास्तविक मतदाताओं के नाम संदेहास्पद सूची में आने या प्रारूप सूची से कटने की आशंका ने प्रक्रिया की पारदर्शिता और व्यावहारिकता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
दस्तावेज से संबंधित समस्याएं
- कई वास्तविक मतदाताओं, विशेषकर बुजुर्गों के पास जन्म प्रमाण पत्र, मैट्रिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट या मांगे गए 11 दस्तावेज में से कोई भी उपलब्ध नहीं रहने के कारण उन्हें संदेहास्पद सूची में डाल दिया गया।
- आधार कार्ड, राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र को नागरिकता अथवा जन्मतिथि के प्रमाण के रूप में स्वीकार नहीं किए जाने से लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई। यहां तक कि खतियान को भी 11 दस्तावेज में सम्मिलित नहीं किया गया है।
- आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और पुरानी मतदाता सूची में नाम की वर्तनी अलग-अलग होने के कारण कई आवेदन लंबित रह गए।
- प्रवासी मजदूरों की समस्याएं
- झारखंड के लाखों मजदूर दिल्ली, मुंबई, सूरत जैसे महानगरों में काम करते हैं। उनके लिए गणना प्रपत्र भरने हेतु झारखंड वापस आना कठिन था।
- यदि घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, तो उनका नाम मतदाता सूची से हटने का खतरा उत्पन्न हो गया।
- दूसरे राज्यों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को भी इसी प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ा।
बुजुर्गों और महिलाओं की समस्याएं
- वर्ष 1987 से पहले जन्मे बुजुर्ग मतदाताओं से उनके माता-पिता के दस्तावेज मांगे गए, जबकि अधिसंख्य के पास ऐसे दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।
- विवाह के बाद दूसरे गांव में रहने वाली महिलाओं का नाम कई बार मायके की मतदाता सूची में था, लेकिन ससुराल की सूची में नहीं था। उनके दस्तावेज में कहीं पिता का नाम तो कहीं पति का नाम दर्ज था।
- विधवा एवं तलाकशुदा महिलाओं को अद्यतन दस्तावेज के अभाव में अधिक जांच-पड़ताल का सामना करना पड़ा।
समय और प्रक्रिया से संबंधित समस्याएं
- प्रक्रिया के लिए बहुत कम समय दिया गया। बूथ लेवल आफिसर (बीएलओ) को दो से तीन सप्ताह में 1000 से अधिक मतदाताओं तक पहुंचना था।
- कई मतदाताओं की शिकायत थी कि बीएलओ केवल एक बार उनके घर आए, जबकि उस समय वे काम या खेतों में व्यस्त थे।
- प्रपत्र हिंदी और अंग्रेजी में होने के कारण कई ग्रामीण मतदाताओं को उन्हें भरने में सहायता की आवश्यकता पड़ी।
- स्मार्टफोन की अनुपलब्धता और ओटीपी से जुड़ी समस्याओं के कारण आनलाइन सुधार पोर्टल का उपयोग करना कठिन रहा। कई मामलों में ओटीपी पुराने मोबाइल नंबर पर जा रहा था।
- प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद कई लोगों ने पाया कि उनका नाम गायब था या किसी दूसरे मतदान केंद्र पर स्थानांतरित हो गया था। ऐसे मतदाताओं को अपना नाम वापस जुड़वाने के लिए दावा या आपत्ति दर्ज करानी पड़ी।
यह भी पढ़ें- SIR पर बाबूलाल मरांडी का सरकार पर हमला: आरोप नहीं, सहभागिता जरूरी; घुसपैठिये और शरणार्थी में अंतर