SIR पर बाबूलाल मरांडी का सरकार पर हमला: आरोप नहीं, सहभागिता जरूरी; घुसपैठिये और शरणार्थी में अंतर
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने एसआईआर पर सरकार के संकल्प को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष को आरोप लगाने के बजाय इसमें सहभागी बनना चाहिए।

विधानसभा में विपक्षी विधायकों का प्रदर्शन।
HighLights
एसआईआर संवैधानिक प्रक्रिया, सरकार को सहभागी बनना चाहिए।
मतदाता सूची में अनियमितताएं, घुसपैठियों की आशंका जताई।
कैबिनेट स्वीकृति बिना संकल्प पेश करने पर सवाल उठाए।
राज्य ब्यूरो, रांची। नेता प्रतिपक्ष ने एसआईआर पर सदन में प्रस्तुत राजकीय संकल्प पर चर्चा के दौरान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एसआइआर को संवैधानिक प्रक्रिया बताते हुए कहा कि सत्ता पक्ष को एसआइआर पर आरोप लगाने की बजाए, उसे इसमें सहभागी बनना चाहिए। एसआइआर पर लोगों की हो रही परेशानी पर भी जवाब देते हुए कहा कि इस प्रक्रिया में शामिल बीएलओ से लेकर तमाम लोग राज्य सरकार के पदाधिकारी ही हैं।
इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के बीएलए-2 भी होते हैं। उन्होंने यह भी कहा यह प्रक्रिया कोई पहली बार नहीं हो रही है। तिथिवार जानकारी रखते हुए कहा कि सबसे अधिक बार तो कांग्रेस के शासनकाल में ही यह प्रक्रिया अपनाई गई।
मरांडी ने राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने विशेष समुदाय को लेकर सवाल उठाए हैं। मरांडी ने दावा किया कि जमशेदपुर में अफगानी नागरिक मिले हैं।
वहीं गढ़वा का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वर्षों से ईरानी नागरिकों के रहने की बात कही जा रही है। उनके अनुसार, इन लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और वोटर कार्ड तक बने हुए हैं, लेकिन उनके भारतीय नागरिक होने का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है।
उन्होंने कहा कि कि राजमहल के विधायक को यह बताना चाहिए कि वे कौन लोग हैं। उन्होंने फर्जी दस्तावेज के मामले में पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज होने का भी जिक्र किया। दस्तावेज में पिता और बेटे की उम्र के बीच महज एक साल का अंतर दिखाया गया है। अगर इन विसंगतियों की जांच निर्वाचन आयोग नहीं करेगा तो आयोग की जिम्मेदारी क्या रह जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री राधाकृष्ण किशोर का कहना है कि एसआइआर में कम समय दिया गया, जबकि इसमें साढ़े चार माह दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि वित्त मंत्री ने आंकड़ों का पूरा ब्रेकअप नहीं बताया और चालाकी से इस सवाल को टाल गए।
मरांडी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 7 लाख 62 हजार 903 मतदाता मृत पाए गए हैं। वहीं 15 लाख 92 हजार 194 मतदाता स्थायी रूप से झारखंड से बाहर चले गए हैं। 4 लाख 38 हजार 596 मतदाता ऐसे हैं जिनके नाम एक से अधिक जगह दर्ज हैं। इसके अलावा करीब 14 लाख 50 हजार मतदाताओं का अता-पता नहीं है।
उन्होंने कहा उन्हें लगता है यही लोग घुसपैठिये होंगे। मरांडी ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा एसआइार कराना न तो असंवैधानिक है और न ही भारतीय नागरिकों का अधिकार छिनने के लिए कोई कार्रवाई है।
इसका उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को स्पष्ट और पारदर्शी बनाना है। उनके अनुसार, उनका भी मानना है कि मतदाता सूची से किसी पात्र नागरिक का नाम न कटे। लेकिन यह भी सुनिश्चित हो कि किसी अपात्र या घुसपैठिए का नाम सूची में रह जाए।
घुसपैठिये और शरणार्थी में अंतर समझना जरूरी
बाबूलाल ने मो. ताजुद्दीन के वक्तव्य पर जवाब देते हुए कहा कि घुसपैठिये और शरणार्थी के बीच अंतर समझना जरूरी है। बांग्लादेश, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से अवैध तरीके से आने वाले लोगों को घुसपैठिया कहा जाता है।
वहीं इन देशों में प्रताड़ना झेल रहे अल्पसंख्यक हिंदू अगर जान बचाकर भारत आते हैं तो वे शरणार्थी हैं, घुसपैठिये नहीं। मो. ताजुद्दीन ने कहा कि एक खास समुदाय के लोग आते हैं तो उन्हें घुसपैठिया कहा जाता है और अन्य आते हैं तो उन्हें शरणार्थी कहा जाता है।
कैबिनेट की स्वीकृति नहीं लेने पर उठाए सवाल
मरांडी ने एसआइआर पर पेश राजकीय संकल्प पर कैबिनेट की पूर्व में स्वीकृति नहीं लेने तथा कैबिनेट की प्रत्याशा में इसके पेश करने पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि सरकार इस गंभीर विषय पर सदन को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। सरकार की मंशा समझ से परे है। पांच नवंबर को इसकी सूचना मिलने के बावजूद अब तक मंत्रिपरिषद की बैठक नहीं हुई है।यह एक तरह से मजाक या माखौल बनाने जैसा है। अगर सरकार इस मामले को गंभीर मानती है तो उसे गंभीरता से काम भी करना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।