विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संकल्प में ज्ञानेश को हटाने की बात नहीं, फिर भी संसदीय मंत्री बोल दिए, विधानसभा में मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर गरमाई बहस

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:24 AM (IST)

झारखंड विधानसभा में एसआइआर सत्र के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के प्रस्ताव पर गरमागरम बहस हुई। जदयू विधायक सरयू राय ने तकनीकी सवाल उठाए, जिस पर संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रतिक्रिया दी।

सरयू की आपत्ति पर विस अध्यक्ष से राधाकृष्ण अनुरोध किए कि इसे भी शामिल कीजिए

सरयू की आपत्ति पर विस अध्यक्ष से राधाकृष्ण अनुरोध किए कि इसे भी शामिल कीजिए

HighLights

  1. विधानसभा में ज्ञानेश कुमार को हटाने के प्रस्ताव पर तीखी बहस हुई।

  2. सरयू राय ने निर्वाचन आयोग पर चर्चा की वैधानिकता पर सवाल उठाए।

  3. बाबूलाल मरांडी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की परंपरा पर आपत्ति जताई।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड विधानसभा में एसआइआर पर विशेष सत्र के दौरान जदयू विधायक सरयू राय ने तकनीकी बातें उठाई तो संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर को जवाब देना पड़ा। सरयू राय बोले कि लिखित संकल्प में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की बात नहीं है। संसदीय कार्य मंत्री इसे पढ़ रहे थे तो ज्ञानेश कुमार को हटाने की बात धीमे से बोल दिए।

इस पर संसदीय कार्य मंत्री जवाब दिए कि प्रस्तावना में नहीं था। अब विधानसभा अध्यक्ष को विधिवत प्रस्ताव देते हैं कि इस बात को भी शामिल कीजिए। राधाकृष्ण किशोर के कथन पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी उठ गए। बोले कि मुख्य चुनाव आयुक्त को बनाने का प्रविधान है और हटाने का भी। इस तरह की बातों से गलत परंपरा शुरू नहीं करे।

उनके कथन का जवाब राधाकृष्ण किशोर ने समापन संबोधन में दिया। बोले कि हमें मुख्य चुनाव आयुक्त बनाने का तरीका मालूम है। यदि हटाने का अधिकार होता तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कब का उन्हें हटा चुके होते। खैर, विधानसभा अध्यक्ष से सरयू राय बोले कि यह देखना होगा कि यहां निर्वाचन आयोग पर चर्चा करना विधिसम्मत है या नहीं।

पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त नवीन चावला के बारे में गोपाला स्वामी ने लिखा था कि सूचना लीक होती है। कांग्रेस के प्रति मोह रखते हैं। टीएन शेषन कहते थे कि वे राजनीतिज्ञों का नाश्ता करते हैं। कांग्रेस के टिकट पर गांधीनगर से चुनाव लड़े थे।

कई चुनाव आयुक्त राज्यपाल बनाए गए। कई को पद्म भूषण एवं पद्म विभूषण भी मिला है। ज्ञानेश कुमार पर चर्चा के समय पूर्व चुनाव आयुक्तों का भी इतिहास देखना चाहिए।

शिविर लगाकर छोटी बड़ी परेशानियों को दूर किया जाए : जयराम महतो

जेएलकेएम के विधायक जयराम महतो ने कहा कि एसआइआर की प्रक्रिया में जो नाम, जन्म तिथि जैसी समस्याओं में छोटी बहुत परेशानी आ रही है, उसे शिविर के माध्यम से दूर किया जाए। कहा जा रहा है एक विशेष समुदाय के नाम को काटा जा रहा है।

हम लोग डेटा के युग में जी रहे हैं, अगर विशेष समुदाय के लोगों का नाम हटाया जा रहा है तो डेटा के माध्यम से बताएं कि किस बूथ में किस समुदाय के लोगों का नाम हटाया गया है, जिससे राज्य और देश के लोगों को यकीन हो।

राहुल गांधी को पप्पू बनाते बनाते भाजपा खुद पप्पू बन गई : राजेश कच्छप

कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि एसआइआर के नाम पर प्रपंच और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। निर्वाचन आयोग भाजपा और अमित शाह की कठपुलती बन रही है। भाजपा के लोग एसआइआर पर बात नहीं कर सकते, इसलिए दूसरी बातों में सदन को उलझा रहे हैं।

योग्य नागरिकों में किसी का भी नाम न छूटे, चाहे वो किसी भी जाति, धर्म या गांव का हो। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के लोग राहुल गांधी को पप्पू बनाते-बनाते खुद पप्पू बन गए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।