झारखंड में खनिज विवाद: MMDR एक्ट संशोधन से CNT SPT जमीन पर खतरा, बड़े आंदोलन की तैयारी
झारखंड में एमएमडीआर एक्ट में संशोधन के बाद खनिज अधिकार और सीएनटी/एसपीटी एक्ट के तहत भूमि पर उपकर को लेकर विवाद गहरा गया है। केंद्र के नए संशोधन से राज्यों के कर लगाने के अधिकार पर रोक लग गई है, जिससे बड़ी लड़ाई की आशंका है।

एमएमडीआर एक्ट पर बखेड़ा की असल वजह खनिज की जमीन के एवज में उपकर की उगाही। (तस्वीर: फाइल)
HighLights
एमएमडीआर एक्ट संशोधन से झारखंड के खनिज अधिकार पर विवाद।
सीएनटी/एसपीटी एक्ट के तहत भूमि पर उपकर का मुद्दा।
राज्य सरकार के कर लगाने के अधिकार पर केंद्र की रोक।
अश्विनी रघुवंशी, रांची। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के कुछ प्रविधान में संशोधन के बाद झारखंड में खनिज के अधिकार पर बखेड़ा शुरू हुआ। धीरे-धीरे कानूनी नुक्ताचीनी समझ आती गई तो अब यह विवाद सीएनटी एवं एसपीटी एक्ट के दायरे में आने वाली जमीन तक पहुंच चुका है।
जिस जमीन के नीचे खनिज है, उसके लिए झारखंड सरकार ने झारखंड खनिज धारित भूमि उपकर अधिनियम 2024 को विधानसभा से पारित कराया। उसके तहत कोयला समेत सभी खनिजों पर प्रति टन उपकर (सेस) लेना शुरू किया गया।
उपकर खनन कंपनी या पट्टेदार से वसूला जाता है जिसे जमीन से खनिज निकालने का अधिकार मिला होता है। इंडी गठबंधन में शामिल दलों के विधायक गुस्सा जताते हैं कि खनिज के साथ जमीन का अधिकार भी छीना जा रहा है। जल, जंगल एवं जमीन के लिए झारखंड आंदोलन हुआ था। विधानसभा में भी यही नारा गूंजेगा।
ऐसे शुरू हुआ सेस और फिर रोकने की यह कवायद
2024 में उच्चतम न्यायालय का निर्णय : उच्चतम न्यायालय ने आदेश दिया कि राज्य सरकारों के पास खनिज वाली ज़मीन पर कर या सेस लगाने का संवैधानिक अधिकार है। जमीन राज्य सरकार के अधिकार का मसला है।
इसी आधार पर हेमंत सरकार ने 2024 में ही झारखंड खनिज धारित भूमि उपकर अधिनियम 2024 को लागू किया। इसके तहत कोयला समेत सभी खनिजों की जमीन के लिए प्रति टन की दर से उपकर लेना शुरू किया है।
2026 में एमएमडीआर अधिनियम में संशोधन : अगस्त 2026 में संसद के मानसून सत्र द्वारा पारित नए संशोधन कानून के बाद राजस्व उगाही की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया। संशोधन के तहत अब केंद्र सरकार की तय शर्तों के बिना जिस जमीन के नीचे खनिज है, उसके लिए राज्य सरकारें अपनी ओर से कोई अतिरिक्त सेस या टैक्स नहीं लगा सकतीं। खनिज अधिकार पर भी कोई कर नहीं लिया जा सकता।
जमीन पर विवाद होगा तो अब सीआरपीएफ आएगा : स्टीफन
पूर्व डिप्टी सीएम स्टीफन मरांडी बोले कि भारत सरकार परदे के पीछे से झारखंडियों से जमीन का अधिकार लेना चाहती है। सीएनटी और एसपीटी एक्ट में भी यह दखलंदाजी है। खान चालू करने के लिए जमीन पर विवाद होगा तो अब सीआरपीएफ और सीआइएसएफ आएगा।
वही लोग झारखंडियों पर गोली चलाएगा। उन्होंने कहा कि पाकुड़ में कई लड़कों की शादी बंगाल में हुई है। जो बहू आई हैं, उन्हें बंगाल में जाति प्रमाणपत्र नहीं दिया जा रहा है। उन्हें मतदाता सूची में नाम चढ़ाने में दिक्कत है। पाकुड़ डीसी को ऐसे आवेदन दिए हैं। विधानसभा में आवाज उठेगी तो पूरा देश सुनेगा।
अनूप बोले, अस्पताल एवं स्कूल बनाए बगैर खुल गए खदान
खान मजदूरों की ट्रेड यूनियन करने वाले कांग्रेस के बेरमो विधायक अनूप सिंह बोले कि कोल इंडिया के खदान खोलने के पहले अस्पताल, स्कूल जैसी नागरिक सुविधाएं पहले तैयार होती थी। सोच थी कि खदान से प्रभावित होने वाली आबादी के हितों के लिए पहले काम किया जाय।
अभी झारखंड में ही अस्पताल एवं स्कूल बनाए बगैर पर्वतपुर समेत कई खदान खोल दिए गए हैं। यह भारत सरकार की सोच दिखाती है। डीएमएफटी भी बंद होगा। विधानसभा में बात निकलेगी तो दूर तलक जाएगी।
जो सवाल उठेंगे, उसका किसी के पास जवाब न होगा : मथुरा
झामुमो के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो बोले कि एमएमडीआर और एसआइआर पर सदन में जो सवाल उठेंगे, उसका किसी के पास जवाब नहीं होगा। संघीय व्यवस्था में केंद्र और राज्य सरकार के बीच किसी मसले पर विवाद की संभावना होती है तो खुले मन से विचार-विमर्श होता है। न्यायिक आदेश के आधार पर सेस लेना शुरू किया गया था। केंद्र ने अचानक संसद में कानून पलट दिया। यह अमान्य है।
राजनीतिक संघर्ष चलता रहेगा, कानूनी लड़ाई भी : सुखराम
चक्रधरपुर के झामुमो विधायक सुखराम उरांव बोले कि खनिज के साथ झारखंडियों की भावना जुड़ी हुई है। यह बिहार के जमाने से है। खनिज जिस जमीन पर है, वो झारखंडियों की है। सेस ही उस जमीन पर अधिकार को दिखाता है। बिना बात किए अधिकार छीन लिए हैं। राजनीतिक संघर्ष चलता रहेगा। कानूनी लड़ाई भी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।