विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पात्र युवाओं को भी मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जा रहा नाम, CEO ने रांची के तमाड़ में होम टू रोल सत्यापन में पकड़ी गड़बड़ी

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:59 AM (IST)

SIR Jharkhand: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने तमाड़ विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची सत्यापन का जायजा लिया, जहां पात्र युवाओं के नाम शामिल न होने की बात सामने आई। जबकि झामुमो ने एसआइआर प्रक्रिया से गरीबों को हो रही परेशानी पर चिंता जताई।

एसआइआर से जुड़े अधिकारियों को सघन होम टू रोल सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश।

एसआइआर से जुड़े अधिकारियों को सघन होम टू रोल सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश।

HighLights

  1. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सूची सत्यापन का जायजा लिया।

  2. पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में नहीं मिले।

  3. सघन होम टू रोल सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को तमाड़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत होम टू रोल वेरीफिकेशन के तहत मतदाता सूची के सत्यापन कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर होम टू रोल मतदाता सूची के सत्यापन कार्य की समीक्षा की।

इसमें यह बात सामने आई है कि एसआइआर में उन युवाओं को भी मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं किया गया है, जो पात्र हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इसे गंभीरता से लिया है। समीक्षा के क्रम में तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 07, 100 एवं 255 के अंतर्गत क्रमशः डिम्बुजारदा गांव, जंगामी गांव एवं बुंडू शहरी क्षेत्र में होम टू रोल सत्यापन किया गया।

चार अलग-अलग स्थानों पर किए गए सैंपल सर्वेक्षण के दौरान 30 घरों का भ्रमण कर वहां निवास करने वाले नागरिकों की मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई। सर्वेक्षण के दौरान सात ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों की पहचान की गई, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।

विशेष बात यह रही कि ये सभी सात नागरिक युवा हैं तथा मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं। इसके बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सघन होम टू रोल सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं अथवा इससे पहले जन्मे सभी पात्र भारतीय नागरिकों की पहचान करते हुए उनका मतदाता सूची में शत-प्रतिशत निबंधन सुनिश्चित किया जाए।

एसआईआर के नाम पर गरीबों को परेशान करना बंद करे : विनोद पांडेय

झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया से गरीब परेशान हैं। आदिवासी, मूलवासी, प्रवासी मजदूर, महिलाएं एवं बुजुर्गों को निर्वाचन आयोग तंग करना बंद करे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का एमएमडीआर संशोधन कानून के झारखंड के आर्थिक हितों को नुकसान पहुंचाने वाला है।

उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर आम नागरिकों से ऐसे दस्तावेज मांगे जा रहे हैं, जिन्हें उपलब्ध कराना आसान नहीं है। कहीं नाम की वर्तनी में अंतर है, तो कहीं जन्मतिथि और माता-पिता के दस्तावेजों पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

सवाल है कि दस्तावेज की कमी के कारण गरीब, आदिवासी या मजदूर को मताधिकार से वंचित करना उचित होगा। झारखंड के 2.64 करोड़ मतदाताओं की प्रारूप सूची में केवल 2.21 करोड़ नाम शामिल होना और बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाना चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों से देश की अर्थव्यवस्था को दशकों से मजबूती मिलती रही है। खनन का प्रदूषण, विस्थापन और सामाजिक-पर्यावरणीय बोझ झारखंड के लोग उठाते हैं। खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और कल्याण के लिए राज्य को मिलने वाले वित्तीय संसाधनों पर चोट उचित नहीं है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।