Jharkhand politics: रामगढ़ में हार की समीक्षा करेगी कांग्रेस, निलंबित विधायकों पर भी जल्द फैसला- राजेश ठाकुर
झारखंड की रामगढ़ सीट पर 27 फरवरी को हुए उपचुनाव में आजसू प्रत्याशी सुनीता चौधरी ने लगभग 21 हजार वोटों से जीत हासिल करते हुए यूपीए प्रत्याशी बजरंग महतो को मात दी है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा है कि जनादेश का सभी को सम्मान करना चाहिए।

राज्य ब्यूरो, रांची। कांग्रेस रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में जीत के कारणों की समीक्षा करेगी। प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में हार हुई है। इसे उन्होंने पहले ही स्वीकार किया और इससे सीख लेने की बात कही। पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ी थी, लेकिन जनता ने जो जनादेश दिया, उसका सम्मान करना चाहिए। उसे सिरे से झुठलाया नहीं जा सकता है। चुनाव के दौरान सभी मंत्री, कार्यकारी अध्यक्ष तक लगे हुए थे। एक कांग्रेस नेता द्वारा इस्तीफा मांगे जाने की बात को हंसी में उड़ाते हुए राजेश ठाकुर ने कहा कि होली के माहौल में लोग ऐसी बातें कर जाते हैं।
विधायकों के निलंबन मुद्दे पर निर्णय लेना है बाकी
कांग्रेस के तीन विधायकों डा. इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोंगाड़ी और राजेश कच्छप का निलंबन वापस होने के सवाल पर राजेश ठाकुर ने कहा कि इस मामले में निर्णय आलाकमान को करना है। कांग्रेस प्रदेश ने स्वीकार किया कि तीनों विधायकों से इस मुद्दे पर उनकी बात हुई है। पार्टी विधायक दल के नेता आलमगीर आलम से इस पर चर्चा करेंगे और आलाकमान को इससे अवगत कराएंगे। आलाकमान के निर्णय पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
केंद्र सरकार के खिलाफ करेंगे आंदोलन
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपने व्यवसायी मित्रों को बचाने के लिए एलआइसी और एसबीआइ का पैसा डूबा रही है। कांग्रेस ने इसके खिलाफ प्रखंड से पंचायत तक घेराव का कार्यक्रम तय किया है। सोमवार को सभी प्रखंडों में एसबीआई और एलआईसी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन होगा।
13 मार्च को सभी जिले में पार्टी के नेता-कार्यकर्ता रांची के लिए कूच करेंगे और राजधानी में विरोध मार्च निकाला जाएगा। राजभवन के सामने विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम भी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, डा. एम. तौसिफ, कार्यालय प्रभारी अमूल्य नीरज खलखो और महानगर अध्यक्ष कुमार राजा भी मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।