Jharkhand New Governor: रांची पहुंचे संतोष गंगवार, आज लेंगे झारखंड के राज्यपाल पद की शपथ
Jharkhand New Governor Santosh Gangwar पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा के कद्दावर नेता संतोष गंगवार आज झारखंड के राज्यपाल पद की शपथ लेंगे। झारखंड उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसएन प्रसाद उन्हें राज्यपाल पद की शपथ दिलाएंगे। संतोष गंगवार मंगलवार को रांची पहुंच चुके हैं। वे आज झारखंड के 12वें राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।

राज्य ब्यूरो, रांची। Jharkhand New Governor Santosh Gangwar झारखंड के नवनियुक्त राज्यपाल संतोष गंगवार बुधवार को 9.45 बजे शपथ लेंगे। झारखंड उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसएन प्रसाद उन्हें राजभवन में झारखंड के 12वें राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभाध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो, तमाम मंत्री एवं पदाधिकारी आदि उपस्थित रहेंगे। राजभवन सचिवालय नेने शपथ ग्रहण समारोह की सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मंगलवार शाम रांची पहुंचे संतोष गंगवार
संतोष गंगवार मंगलवार को शाम में रांची पहुंचे। राजभवन पहुंचने से पूर्व बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया।
इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड विधानसभाध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री रामेश्वर उरांव, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कृषि एवं पशुपालन मंत्री दीपिका पांडे सिंह, ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी, विधायक कल्पना सोरेन ने उनका स्वागत किया।
इस मौके पर राज्य के मुख्य सचिव एल खियांग्ते, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त राज्यपाल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उनके राजभवन पहुंचने पर डॉ. कुलकर्णी एवं राजभवन के अन्य अधिकारियों ने भी उनका स्वागत किया।
नवनियुक्त राज्यपाल ने राजभवन के अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय भी प्राप्त किया। बता दें कि संतोष गंगवार झारखंड के 12वें राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे।
सीपी राधाकृष्णन गए महाराष्ट्र, मुख्यमंत्री ने दी विदाई
इससे पहले, झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को रांची से विदाई दी गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन ने उन्हें बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर में पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भावपूर्ण विदाई दी।
इस मौके पर मंत्री बन्ना गुप्ता, सांसद नलिन सोरेन, राज्य के मुख्य सचिव एल. खियांग्ते, डीजीपी अनुराग गुप्ता, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग की प्रधान सचिव सहित राज्य सरकार के अन्य वरीय पदाधिकारीगणों ने भी उन्हें सप्रेम विदाई दी।
सीपी राधाकृष्णन यहां से महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए है। उन्हें महाराष्ट्र का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़ें: Jharkhand Monsoon Session: नेता प्रतिपक्ष और स्पीकर में हुई तीखी बहस, अमर बाउरी बोले- आप विपक्ष को मीठा जहर दे रहे

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।