विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: स्वास्थ्य विभाग के मल्टीपर्पस वर्कर्स और लंबे समय से कार्यरत कर्मी होंगे नियमित

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:30 PM (GMT+05:30)

झारखंड हाई कोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग के 51 मल्टीपर्पस वर्कर्स को नियमित करने का आदेश दिया है, साथ ही 35 साल से कार्यरत पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के एक कर्मी को भी नियमित करने का निर्देश दिया। सरकार कर्मचारियों की मजबूरी का फायदा नहीं उठा सकती।

लंबे समय से कार्यरत कर्मी की नियमितीकरण से इन्कार व्यवस्थागत शोषण के समान।

लंबे समय से कार्यरत कर्मी की नियमितीकरण से इन्कार व्यवस्थागत शोषण के समान।

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने 51 मल्टीपर्पस वर्कर्स को नियमित करने का आदेश दिया।

  2. राज्य सरकार को प्रारंभिक नियुक्ति तिथि से लाभ देने का निर्देश।

  3. पेयजल विभाग के कर्मी बाहा उरांव को भी नियमित करने का आदेश।

राज्य ब्यूरो, जागरण. रांची। हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत में स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से कार्यरत 51 मल्टीपर्पस वर्कर्स (एमपीडब्ल्यू) को नियमित करने के मामले में गुरुवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद अदालत ने राज्य सरकार को सभी याचिकाकर्ताओं की सेवा नियमित करने का निर्देश दिया है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि कर्मियों को नियमितीकरण के साथ सभी परिणामी लाभ दिए जाएं।

उनके सेवानिवृत्ति लाभ और अन्य सुविधाओं की गणना प्रारंभिक नियुक्ति की तिथि से की जाएगी। इस संबंध में एस लोहरा एवं अन्य की ओर से याचिका दाखिल की गई थी। मामले के अनुसार वर्ष 2008 में केंद्र सरकार ने झारखंड को मलेरिया प्रभावित राज्य घोषित किया था।

इसके बाद वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत लिखित परीक्षा, साक्षात्कार और काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी कर मल्टीपर्पज वर्कर्स की अनुबंध पर नियुक्ति की गई थी। वर्ष 2010 से 2014 के बीच केंद्र सरकार ने कई पत्र भेजकर राज्य सरकार को इन पदों पर नियमित नियुक्ति करने का निर्देश दिया था। लेकिन राज्य सरकार की ओर से समय पर इस दिशा में कार्रवाई नहीं की गई।

इस कारण सितंबर 2014 से वर्ष 2016-18 के बीच इन कर्मियों को काम से बाहर रहना पड़ा। बाद में राज्य सरकार ने 2150 पद सृजित किए और इनकी दोबारा नियुक्ति की। इसके बाद कर्मियों ने प्रारंभिक नियुक्ति की तिथि से सेवा नियमित करने और संबंधित लाभ देने की मांग को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी।

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि याचिकाकर्ताओं की नियुक्ति अनुबंध के आधार पर हुई थी। उन्होंने शपथ पत्र भी दिया था कि वे नियमितीकरण का दावा नहीं करेंगे। हाई कोर्ट ने सरकार की इस दलील को स्वीकार नहीं किया।

अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि राज्य एक आदर्श नियोक्ता है। वह कर्मचारियों की मजबूरी और कमजोर स्थिति का फायदा उठाकर उन पर अन्यायपूर्ण शर्तें नहीं थोप सकता। अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ताओं का चयन विधिवत विज्ञापन और निर्धारित प्रक्रिया के तहत हुआ था।

इसलिए उनकी नियुक्ति को अवैध नहीं कहा जा सकता। ये कर्मी वर्षों से बिना किसी शिकायत के स्थायी प्रकृति का काम कर रहे हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी उन्होंने अग्रिम पंक्ति में रहकर अपनी सेवाएं दीं।

कोर्ट ने यह भी माना कि वर्ष 2014 से 2016 के बीच सेवा में आया अंतराल कर्मचारियों की गलती से नहीं, बल्कि सरकार की प्रशासनिक देरी के कारण हुआ था। यह एक कृत्रिम सेवा विराम था। इसके आधार पर कर्मियों को नियमितीकरण और उससे जुड़े लाभों से वंचित नहीं किया जा सकता।

35 साल से काम कर रहे कर्मी को नियमित करने का निर्देश

हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में 35 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत कर्मी बाहा उरांव को बड़ी राहत दी है। अदालत ने विभाग के उस आदेश को रद कर दिया, जिसमें कट आफ तिथि का हवाला देकर उनकी सेवा नियमित करने से इन्कार कर दिया गया था।

अदालत ने राज्य सरकार को आदेश की प्रति प्राप्त होने के 12 सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता को नियमित करने का निर्देश दिया है। साथ ही, नियमानुसार सेवा से जुड़े परिणामी लाभ देने और पेंशन एवं सेवानिवृत्ति लाभों पर विचार करने को कहा है।

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता शशांक शेखर ने अदालत में पक्ष रखा। याचिकाकर्ता बाहा उरांव तत्कालीन लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (वर्तमान में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग) के स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल में जून 1989 से कीमैन कम वाचमैन के पद पर लगातार कार्यरत हैं।

नियमितीकरण की मांग को लेकर उन्होंने पहले भी हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। अदालत ने पांच अक्टूबर 2021 को विभाग को उनके मामले पर विचार करने का निर्देश दिया था। इसके बाद विभाग ने 11 जुलाई 2022 को उनका दावा खारिज कर दिया।

विभाग का तर्क था कि कार्य भारित कर्मियों के नियमितीकरण के लिए कट आफ तिथि एक जनवरी 1988 निर्धारित है, जबकि बाहा उरांव जून 1989 से कार्यरत हैं।

मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने विभाग के रवैये को अनुचित और संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत मनमाना करार दिया। अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता की जून 1989 से नियुक्ति विभाग के दस्तावेजों में दर्ज है और वह तीन दशक से अधिक समय से लगातार सेवा दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें- झारखंड HC से वाणिज्य कर विभाग के 28 कर्मियों का तबादला आदेश रद, चार सप्ताह में मूल पदस्थापन स्थल पर भेजें

यह भी पढ़ें- झारखंड में चौकीदार पद पर दिव्यांग अभ्यर्थियों की नियुक्ति करने के निर्देश, चालक की सेवा नियमित करने का आदेश

 

यह भी पढ़ें- रामायण फिल्म के दृश्यों पर आपत्ति, झारखंड हाई कोर्ट में रोक के लिए जनहित याचिका दायर; राम मंदिर ट्रस्ट को मिले मुआवजा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।