झारखंड में चौकीदार पद पर दिव्यांग अभ्यर्थियों की नियुक्ति करने के निर्देश, चालक की सेवा नियमित करने का आदेश
झारखंड हाई कोर्ट ने साहिबगंज में चौकीदार नियुक्ति में दिव्यांगों के लिए आरक्षित 4% पदों को 12 सप्ताह में भरने का निर्देश दिया है। अदालत ने बोकारो के चास प्रखंड में 25 साल से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी चालक की सेवा भी 12 सप्ताह के भीतर नियमित करने का आदेश दिया।

हाई कोर्ट ने सरकार को दिया 12 सप्ताह का समय, साहिबगंज में चौकीदारी नियुक्ति से संबंधित मामला।
HighLights
साहिबगंज चौकीदार नियुक्ति में दिव्यांगों के लिए पद भरने का निर्देश।
बोकारो के दैनिक वेतनभोगी चालक की सेवा नियमित करने का आदेश।
हाई कोर्ट ने 12 सप्ताह में आदेशों का पालन करने को कहा।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने साहिबगंज जिले में चौकीदार नियुक्ति मामले में दिव्यांग अभ्यर्थियों को राहत देते हुए उनके लिए आरक्षित चार प्रतिशत पदों को 12 सप्ताह के भीतर भरने का निर्देश दिया है।
अदालत ने स्पष्ट किया कि नियुक्ति प्रक्रिया में निर्धारित पात्रता और चयन की शर्तें पूरी करने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियुक्ति से वंचित नहीं रखा जा सकता। इस संबंध में फूलचंद मुर्मू एवं अन्य की ओर से हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। साहिबगंज जिले में 2024 में चौकीदार के कुल 315 पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
विज्ञापन में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए चार प्रतिशत पद आरक्षित किए गए थे। याचिकाकर्ता दिव्यांग श्रेणी के तहत निर्धारित पात्रता रखते थे और उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया में हिस्सा लिया था। उन्होंने लिखित परीक्षा में सफलता हासिल की और शारीरिक दक्षता परीक्षा भी पास कर ली। इसके बाद भी उनकी नियुक्ति नहीं की गई।
जिला प्रशासन ने दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया था। याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता शुभम मिश्रा और हर्ष चंद्र ने अदालत को बताया कि जब विज्ञापन में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए चार प्रतिशत पद आरक्षित किए गए थे और याचिकाकर्ताओं ने लिखित व शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफलता प्राप्त की थी, तो उन्हें नियुक्ति से वंचित रखना उचित नहीं है।
केवल नियुक्ति प्रक्रिया को स्थगित रखने के आधार पर उनके अधिकारों को रोका नहीं जा सकता। अधिवक्ताओं ने कहा कि दिव्यांग व्यक्तियों को समान अवसर और उचित सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य का वैधानिक दायित्व है।
इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट और झारखंड हाई कोर्ट के फैसले का हवाला दिया गया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रक्रिया में समान अवसर देने के लिए उचित समायोजन का प्रविधान लागू किया जाना चाहिए।
राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि दिव्यांग अभ्यर्थियों की नियुक्ति और उनके शारीरिक दक्षता परीक्षण को लेकर कोई विशिष्ट नियम निर्धारित नहीं है। इसी कारण साहिबगंज के उपायुक्त ने राज्य सरकार से मार्गदर्शन मांगा था और निर्देश मिलने तक संबंधित पदों पर नियुक्ति रोक दी गई थी।
राज्य की ओर से यह भी कहा गया कि नियुक्ति वर्ष 2015 के नियमों के तहत होनी है और दिव्यांग अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा से छूट देने का कोई स्पष्ट प्रविधान नहीं है। अदालत ने दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित चार प्रतिशत पदों को 12 सप्ताह के भीतर भरने का निर्देश दिया।
25 साल से काम कर रहे बीडीओ के चालक को नियमित करने का आदेश
झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने बोकारो जिले के चास प्रखंड में 25 वर्षों से अधिक समय से दैनिक वेतनभोगी चालक के रूप में कार्यरत बेला पद बाउरी को बड़ी राहत दी है। एकलपीठ ने राज्य सरकार और बोकारो जिला प्रशासन को उनकी सेवा 12 सप्ताह के भीतर नियमित करने तथा इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी करने का निर्देश दिया है।
याचिकाकर्ता बेला पद बाउरी बोकारो जिले के चास प्रखंड के निवासी हैं। वह वर्ष 2001 से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चास के अधीन लगातार चालक के पद पर कार्यरत हैं। वर्ष 2015 की नियमितीकरण नियमावली के तहत वर्ष 2017 में बोकारो के उपायुक्त की ओर से तैयार पैनल में उनका नाम तीसरे स्थान पर शामिल किया गया था।
हालांकि, वर्ष 2020 में तैयार पैनल में 13 मार्च 2020 को उनका दावा खारिज कर दिया गया। इसके पीछे यह कारण बताया गया कि उनकी नियुक्ति सक्षम प्राधिकार यानी उपायुक्त की ओर से नहीं, बल्कि प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा की गई थी।
राज्य सरकार की ओर से अदालत में दलील दी गई कि याचिकाकर्ता की नियुक्ति स्वीकृत पद के विरुद्ध नहीं हुई थी और उनकी नियुक्ति सक्षम प्राधिकार द्वारा भी नहीं की गई थी।
इसलिए वह वर्ष 2015 की नियमितीकरण नियमावली की शर्तों को पूरा नहीं करते हैं।मामले की सुनवाई के बाद हाई कोर्ट ने 13 मार्च 2020 के आदेश के उस हिस्से को निरस्त कर दिया, जिसके तहत याचिकाकर्ता का नियमितीकरण का दावा खारिज किया गया था।
यह भी पढ़ें- रामायण फिल्म के दृश्यों पर आपत्ति, झारखंड हाई कोर्ट में रोक के लिए जनहित याचिका दायर; राम मंदिर ट्रस्ट को मिले मुआवजा
यह भी पढ़ें- झारखंड हाई कोर्ट ने रद की रजिस्ट्रेशन एक्ट की धारा 22ए, सरकार के मनमाने अधिकार पर रोक
यह भी पढ़ें- शादी के बाद पढ़ाई या नौकरी करना पति का अहसान नहीं, बल्कि पत्नी का अधिकार: झारखंड हाई कोर्ट का अहम फैसला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।