रामायण फिल्म के दृश्यों पर आपत्ति, झारखंड हाई कोर्ट में रोक के लिए जनहित याचिका दायर; राम मंदिर ट्रस्ट को मिले मुआवजा
झारखंड हाई कोर्ट में फिल्म रामायण के कुछ दृश्यों और कथानक पर आपत्ति जताते हुए जनहित याचिका दायर की गई है। इसमें विवादित अंश हटाने या फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने और कमाई का 50% राम मंदिर ट्रस्ट को देने की मांग की गई है।

कई दृश्यों को लेकर याचिकाकर्ता ने उठाए सवाल, मुआवजे के रूप में कमाई का 50 प्रतिशत राम मंदिर ट्रस्ट को देने की मांग।
HighLights
फिल्म रामायण के दृश्यों पर झारखंड हाई कोर्ट में याचिका।
विवादित अंश हटाने या फिल्म प्रदर्शन रोकने की मांग।
कमाई का 50% राम मंदिर ट्रस्ट को देने की अपील।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड हाई कोर्ट में फिल्म रामायण के कुछ दृश्यों और कथानक पर आपत्ति जताते हुए जनहित याचिका दाखिल की गई है। याचिका में फिल्म के विवादित अंश हटाने और ऐसा नहीं होने तक इसके प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की गई है।
फिल्म को महर्षि वाल्मीकि की रामायण के अनुरूप प्रदर्शित करने तथा भगवान राम की छवि धूमिल करने के मुआवजे के तौर पर फिल्म की कुल कमाई का 50 प्रतिशत हिस्सा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को देने की मांग की गई है।
याचिका संतोष कुमार की ओर से अधिवक्ता संतोष कुमार सोनी ने दाखिल की है। याचिका में कहा गया है कि फिल्म में रामायण के कई प्रसंगों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।
लक्ष्मण का व्यवहार रघुकुल की मर्यादा और परंपरा के अनुरूप नहीं
प्रार्थी के अधिवक्ता संतोष कुमार सोनी के अनुसार, फिल्म में महारानी कैकेयी द्वारा राजा दशरथ से मांगे गये दो वरदान के बाद भगवान राम को 14 वर्ष का वनवास और भरत को राजगद्दी मिलने के प्रसंग में लक्ष्मण का जो व्यवहार दिखाया गया है, वह रघुकुल की मर्यादा और परंपरा के अनुरूप नहीं है। याचिका में लक्ष्मण द्वारा सूर्पणखा की नाक काटे जाने के प्रसंग को लेकर भी आपत्ति जताई गई है।
इसमें कहा गया है कि फिल्म में माता सीता को इस घटना का विरोध करते दिखाना और भगवान राम द्वारा लक्ष्मण के इस कृत्य को गलत ठहराना उचित नहीं है। इसके अलावा भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण को भागते हुए दिखाने पर भी सवाल उठाया गया है।
भगवान राम को भागते हुए दिखाया
प्रार्थी का कहना है कि वाल्मीकि रामायण में भगवान राम को कहीं भी भागते हुए नहीं दिखाया गया है। उन्होंने हमेशा एक साहसी योद्धा के रूप में आगे रहकर युद्ध किया। फिल्म के एक अन्य दृश्य में सोने के हिरण यानी मारीच को देखकर माता सीता के मुंह से राम शब्द निकलने पर भी आपत्ति जताई गई है।
याचिका में तर्क दिया गया है कि भारतीय परंपरा और सभ्यता में पत्नी द्वारा पति का नाम लेने की परंपरा नहीं रही है। इसके अलावा फिल्म में रावण के किरदार को भगवान राम से अधिक महत्व देने और उसे मुख्य भूमिका में दिखाने पर भी सवाल उठाया गया है।
प्रार्थी ने याचिका में फिल्म के निर्माता, निर्देशक, पटकथा लेखक, केंद्र सरकार और झारखंड सरकार को प्रतिवादी बनाया है। याचिका में मांग की गई है कि फिल्म के विवादित दृश्यों को हटाने के बाद ही इसका प्रदर्शन किया जाए। जब तक ऐसा नहीं होता, तब तक फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।