सहायक आचार्य नियुक्ति में शैक्षणिक योग्यता विवाद पर फैसला सुरक्षित, सहायक शिक्षक को सेवा नियमितीकरण में नहीं मिली राहत
झारखंड हाई कोर्ट ने सहायक आचार्य नियुक्ति में स्नातक स्तर पर तीन साल संबंधित विषय की पढ़ाई की अनिवार्यता के विवाद पर फैसला सुरक्षित रख लिया है। वहीं, एक अन्य मामले में सहायक शिक्षक कुलदीप कुमार सेनगुप्ता को सेवा नियमित करने से राहत नहीं मिली।

संबंधित विषय तीन वर्ष पढ़ाई की शर्त को दी है चुनौती।
HighLights
सहायक आचार्य नियुक्ति में तीन साल पढ़ाई की शर्त पर फैसला सुरक्षित।
हाई कोर्ट ने राजेश मिस्त्री की याचिका पर बहस पूरी की।
सहायक शिक्षक कुलदीप सेनगुप्ता को सेवा नियमितीकरण में राहत नहीं मिली।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने राज्य में सहायक आचार्य नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान स्नातक स्तर पर संबंधित विषय की लगातार तीन साल पढ़ाई की अनिवार्यता को लेकर उठे विवाद में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
बुधवार को अदालत में दोनों पक्षों की ओर से बहस पूरी कर ली गई। इसको लेकर राजेश मिस्त्री एवं अन्य की ओर से हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। यह विवाद दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को जारी किए गए नोटिस से जुड़ा है। आयोग ने संबंधित विषय की पढ़ाई स्नातक स्तर पर लगातार तीन वर्ष तक नहीं करने के आधार पर अभ्यर्थियों की पात्रता पर सवाल उठाया था।
सुनवाई के दौरान प्रार्थियों की ओर से अधिवक्ता चंचल जैन, अमृतांश वत्स और शुभम मिश्रा ने कहा कि सहायक आचार्य नियुक्ति नियमावली और जारी विज्ञापन में कहीं भी यह शर्त नहीं है कि अभ्यर्थी ने संबंधित विषय की पढ़ाई स्नातक स्तर पर लगातार तीन वर्षों तक की हो।
नियमावली और विज्ञापन में केवल तीन वर्षीय स्नातक डिग्री की अनिवार्यता निर्धारित की गई है। साथ ही, आवेदन किए गए विषय का स्नातक पाठ्यक्रम में शामिल होना पर्याप्त है। ऐसे में संबंधित विषय की लगातार तीन साल पढ़ाई करने की शर्त लगाकर अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रक्रिया से बाहर करना उचित नहीं है।
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की ओर से दलील दी गई कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों के तहत स्नातक की डिग्री तीन वर्षों की होती है। इसलिए अभ्यर्थियों के लिए आवेदन किए गए विषय की पढ़ाई भी पूरे तीन वर्षों तक करना जरूरी था।
आयोग के अनुसार, संबंधित अभ्यर्थियों ने स्नातक स्तर पर उस विषय की पढ़ाई केवल दो वर्षों तक की है। इस कारण उन्हें सहायक आचार्य पद के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप नहीं माना गया।
सेवा नियमित करने के मामले में सहायक शिक्षक को नहीं मिली राहत
हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस अऩुभा रावत चौधरी की अदालत से तमाड़ के प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में कार्यरत सहायक शिक्षक कुलदीप कुमार सेनगुप्ता को राहत नहीं मिली है। खंडपीठ ने उनकी सेवा नियमित करने से जुड़े मामले में दाखिल पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी है।
अदालत ने कहा कि शिक्षक ने भूगोल विषय के लिए जरूरी बीएड की डिग्री हासिल नहीं की थी। इसलिए उनकी सेवा नियमित करने का दावा स्वीकार नहीं किया जा सकता। कुलदीप कुमार सेनगुप्ता की नियुक्ति 19 मई 1986 को भूगोल के सहायक शिक्षक के रूप में हुई थी।
उन्होंने अमरावती विश्वविद्यालय से शारीरिक शिक्षा में प्रशिक्षण लिया था। उनका तर्क था कि बीपीएड का प्रशिक्षण बीएड के बराबर है। इस आधार पर उनकी सेवा को मान्यता देते हुए नियमित करने की मांग की गई थी। इससे पहले एकल पीठ ने पांच सितंबर 2018 को उनके पक्ष में आदेश दिया था। इसके खिलाफ राज्य सरकार ने अपील दायर की थी।
हाई कोर्ट की खंडपीठ ने 19 जनवरी 2024 को राज्य सरकार की अपील स्वीकार करते हुए एकल पीठ का आदेश रद कर दिया था। इसी फैसले पर पुनर्विचार के लिए शिक्षक ने याचिका दाखिल की थी। सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने कहा कि बीपीएड और बीएड की योग्यता एक समान नहीं है।
भूगोल शिक्षक के पद पर नियुक्ति के लिए संबंधित विषय में बीएड की योग्यता जरूरी थी। इसके अलावा, विद्यालय का चयन 15 मई 1985 को हुआ था, जबकि शिक्षक की नियुक्ति 19 मई 1986 को हुई।
यानी उनकी नियुक्ति विद्यालय के चयन के करीब एक साल बाद हुई थी। इन दोनों कारणों से आलम कमेटी ने उनकी सेवा को मान्यता देने की अनुशंसा नहीं की थी। खंडपीठ ने कहा कि पुनर्विचार का कोई आधार नहीं बनता है। इसके साथ ही अदालत ने याचिका खारिज कर दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।