विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड HC से वाणिज्य कर विभाग के 28 कर्मियों का तबादला आदेश रद, चार सप्ताह में मूल पदस्थापन स्थल पर भेजें

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:31 PM (IST)

रांची हाई कोर्ट ने वाणिज्य कर विभाग के 28 कर्मचारियों के तबादले के आदेश को रद कर दिया है। अदालत ने इसे दंडात्मक कार्रवाई मानते हुए सभी कर्मचारियों को चार सप्ताह के भीतर उनके मूल पदस्थापन स्थल पर वापस भेजने का निर्देश दिया है।

अदालत ने कहा- कार्रवाई दंडात्मक प्रकृति की, सभी को मूल पदस्थापन पर भेजने का निर्देश।

अदालत ने कहा- कार्रवाई दंडात्मक प्रकृति की, सभी को मूल पदस्थापन पर भेजने का निर्देश।

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने 28 कर्मचारियों के तबादले का आदेश निरस्त किया।

  2. अदालत ने इसे दंडात्मक प्रकृति की कार्रवाई करार दिया।

  3. कर्मचारियों को चार सप्ताह में मूल स्थान पर वापस भेजा जाएगा।

राज्य ब्यूरो, रांची। हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत में वाणिज्य कर विभाग के लिपिकीय संवर्ग के 28 कर्मचारियों के तबादले के आदेश के खिलाफ दाखिल याचिका पर गुरुवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद अदालत ने तबादले के आदेश को निरस्त कर दिया है।

अदालत ने कहा कि सामान्य तबादले की आड़ में की गई यह कार्रवाई दंडात्मक प्रकृति की है, जो कानूनी रूप से उचित नहीं है। अदालत ने राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी 28 कर्मचारियों को चार सप्ताह के भीतर उनके मूल पदस्थापन स्थल पर वापस भेजा जाए।

सुनवाई के दौरान कर्मचारियों की ओर से अदालत को बताया गया कि वाणिज्य कर विभाग के उप सचिव ने नौ जुलाई को तबादले का आदेश जारी किया था। देखने में यह सामान्य तबादला आदेश था, लेकिन इसके पीछे मुख्य सचिव का 28 अप्रैल को जारी पत्र और स्थापना समिति की बैठक में लिया गया निर्णय था।

मुख्य सचिव के पत्र में राज्य के विभिन्न जिलों के सरकारी कार्यालयों में वेतन मद की राशि की कोषागार के माध्यम से अवैध निकासी, कर्मचारियों के विवरण में छेड़छाड़, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और एक समूह से दूसरे समूह में राशि के अवैध हस्तांतरण जैसी गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का उल्लेख किया गया था।

इसी आधार पर तीन साल से अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मचारियों का तबादला करने का निर्देश दिया गया था। हाई कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि 28 अप्रैल के पत्र में वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े आरोपों का उल्लेख था।

स्थापना समिति ने भी इसी आधार पर कर्मचारियों के तबादले का निर्णय लिया। ऐसे में बिना किसी विभागीय कार्रवाई और कर्मचारियों के खिलाफ कदाचार का निष्कर्ष निकाले उनका तबादला करना दंडात्मक कार्रवाई के समान है।

कोर्ट ने कहा कि इस तरह का तबादला कर्मचारियों के करियर पर दूरगामी प्रभाव डाल सकता है। इसलिए संबंधित तबादला आदेश कानूनी रूप से टिकने योग्य नहीं है और इसे निरस्त किया जाता है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि वह विभाग की तबादला नीति के खिलाफ नहीं है। विभाग अपनी नीति के तहत नियमानुसार कर्मचारियों का तबादला करने के लिए स्वतंत्र है।

यह भी पढ़ें- झारखंड में चौकीदार पद पर दिव्यांग अभ्यर्थियों की नियुक्ति करने के निर्देश, चालक की सेवा नियमित करने का आदेश

यह भी पढ़ें- गुमला डबल मर्डर: कोर्ट जाने से इनकार पर पत्नी की हत्या, बचाने आई गोतनी को भी मार डाला; गोबर से लीपा खून

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।