गुमला डबल मर्डर: कोर्ट जाने से इनकार पर पत्नी की हत्या, बचाने आई गोतनी को भी मार डाला; गोबर से लीपा खून
गुमला के समसेरा शाहीकोना गांव में दो महिलाओं, मिनी प्रिया और राधिका कुमारी, की हत्या के मामले में रांची से एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए। मुख्य आरोपी शिवशंकर साहू सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स रांची भेजा गया।
HighLights
एफएसएल टीम ने गुमला हत्याकांड स्थल से साक्ष्य जुटाए।
दो महिलाओं की हत्या में चार आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए।
शवों को विस्तृत पोस्टमार्टम और जांच के लिए रिम्स भेजा।
संवाद सूत्र, गुमला। गुमला के समसेरा शाहीकोना गांव में दो महिलाओं—मिनी प्रिया कुमारी (28) और राधिका कुमारी (20)—की हत्या के मामले में जांच ने नई रफ्तार पकड़ ली है। साक्ष्य जुटाने के लिए रांची से चार सदस्यीय एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची और घर से अहम नमूने व सुराग एकत्र किए।
पुलिस टीम हत्यारोपित शिवशंकर साहू, उसके भाई नवीन साहू, पिता समेश्वर साहू और मां तिलेश्वरी देवी को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त टांगी सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए और आरोपियों से घटनाक्रम की बारीकी से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से घर की दीवार पर लगे खून के धब्बों को गोबर से लीप दिया गया था।
कोर्ट जाने से इनकार पर भड़का गुस्सा, बीच-बचाव में गई गोतनी की जान
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी शिवशंकर साहू ने मीडिया के सामने चौंकाने वाला बयान दिया। उसके अनुसार, 21 तारीख को कोर्ट से निकलने के बाद दोनों भाइयों ने अपनी-अपनी पत्नियों को समसेरा शाहीकोना स्थित घर पहुंचाया।
रविवार को मडुआ की फसल काटकर सुखाई गई और सोमवार को दोबारा कोर्ट की तारीख पर जाने की तैयारी होने लगी। इसी दौरान उसकी पत्नी मिनी प्रिया ने कोर्ट जाने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात पर गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी से हमला कर मिनी प्रिया की हत्या कर दी।
जब छोटी गोतनी राधिका कुमारी बीच-बचाव के लिए आगे आई, तो आरोपियों ने टांगी से वार कर उसे भी मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के मुताबिक, जिस घर में यह वारदात हुई, उसके आसपास कोई दूसरा घर नहीं था। सुनसान इलाके का फायदा उठाकर आरोपियों ने आसानी से वारदात को अंजाम दिया और शवों को ठिकाने लगाने निकल पड़े।
बोरे में भरकर एंबुलेंस से ले गए शव, सिमडेगा के जंगल में गाड़ा
वारदात के बाद सबूत छिपाने के लिए शिवशंकर के छोटे भाई नवीन और माता-पिता ने दोनों शवों को बोरे में बंद किया। इसके बाद शवों को एंबुलेंस में लादकर सोमवार शाम को ही सिमडेगा के केलाघाघ ले जाया गया।
वहां लोगों की आवाजाही और भीड़ देखकर आरोपी बीरू जंगल पहुंचे, लेकिन वहां भी उपयुक्त जगह नहीं मिली। आखिरकार आरोपियों ने सिमडेगा के अरानी नकेडांड गांव के पास जंगल में दोनों शवों को दफना दिया।

समझौते के दो दिन बाद ही उजड़ गया घर
इस दोहरे हत्याकांड के पीछे घरेलू हिंसा और लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद की परतें खुलकर सामने आई हैं। दोनों महिलाओं ने अपने-अपने पतियों के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी।
शनिवार को दोनों पक्षों के बीच मौखिक समझौता हुआ था, जिसके बाद महिलाएं अपने पतियों के साथ घर लौटी थीं। लेकिन सोमवार को फिर विवाद भड़का और दोनों की हत्या कर दी गई।
ग्रामीणों ने बताया कि मिनी प्रिया की शादी वर्ष 2016 में शिवशंकर साहू से हुई थी और उनका सात वर्षीय बेटा अंश राज साहू है। मिनी ने दिसंबर 2025 में मारपीट की शिकायत की थी, जबकि जुलाई में मारपीट और भरण-पोषण (मेंटेनेंस) से जुड़ा मामला अदालत पहुंचा था।
वहीं राधिका की शादी वर्ष 2023 में नवीन साहू से हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद वह ससुराल छोड़कर मायके चली गई थी और उसने पति पर मारपीट व दहेज मांगने का आरोप लगाया था।
11 नामजद आरोपी, चार भेजे गए जेल; शव रिम्स रेफर
घटना को लेकर मृतका मिनी प्रिया कुमारी की मां हेमा देवी और राधिका के पिता टिको साहू ने 11 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें शिवशंकर साहू, नवीन साहू, समेश्वर साहू, तिलेश्वरी देवी समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोग शामिल हैं।
पुलिस ने मुख्य चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उधर, गुरुवार को सदर अस्पताल गुमला में दोनों शवों के पोस्टमार्टम के लिए तीन चिकित्सकों की मेडिकल टीम गठित की गई। प्रारंभिक निरीक्षण के बाद मेडिकल टीम ने विस्तृत जांच के लिए दोनों शवों को रांची स्थित रिम्स (RIMS) रेफर कर दिया, जहां एफएसएल जांच के जरिए और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जाएंगे।
मामले के साक्ष्य जुटाने के लिए रांची से एफएसएल की टीम पहुंची थी। मुख्य चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
— दिनेश कुमार, थाना प्रभारी, गुमला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।