विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रसदार इतना कि मुंह में घुल जाए, पर हाथ से उठाने पर टूटे नहीं... मिलिए GI टैग वाले कोडरमा के शाही 'केसरिया कलाकंद' से

Published: Sat, 28 Nov 2026 02:03 PM (IST)

रांची में झारखंड स्थापना दिवस समारोह में जीआई टैग प्राप्त उत्पादों की धूम है। कोडरमा के केसरिया कलाकंद, पाकुड़ के बरबट्टी बीज और हजारीबाग की सोहराय पेंटिंग आगंतुकों को आकर्षित कर रही हैं, जिनकी मांग जीआई टैग के बाद बढ़ी है।

होटवार स्टेडियम मे झारखंड के स्थापना दिवस पर सास्कृतिक प्रोग्राम।

होटवार स्टेडियम मे झारखंड के स्थापना दिवस पर सास्कृतिक प्रोग्राम।

HighLights

  1. कोडरमा का केसरिया कलाकंद जीआई टैग प्राप्त कर चुका है।

  2. पाकुड़ के बरबट्टी बीज की खेती और व्यापार बढ़ रहा है।

  3. हजारीबाग की सोहराय पेंटिंग की मांग जीआई टैग से बढ़ी।

अश्विनी रघुवंशी, रांची। खेल गांव कॉम्प्लेक्स। आम तौर पर शांत और सुकून भरी यह जगह फिलहाल लोगों के आकर्षण का सबब बनी हुई है। यहां झारखंड का स्थापना दिवस समारोह जो हो रहा है। विशाल मंडप में प्रदेश के सभी जिलों का स्टाल है। उनमें जाएंगे तो उस जिला की किसी न किसी खासियसत से जरूर अवगत हो जाएंगे।

प्रवेश द्वार पर ही कोडरमा का स्टाल है जिसमें जीआइ टैग हासिल कर चुका कोडरमा का केसरिया कलाकंद दिखेगा। आगंतुकों को चखाया जा रहा है। विशेषता से अवगत भी कराया जा रहा है। सफेद कलाकंद से तुलना करे तो यह अधिक दानेदार है और रसदार भी। इतना रस होने पर भी कायदे से उठाइए तो टूटता नहीं है।

दो साल की जिरह के बाद इस कलाकंद को जीआइ टैग हासिल हुआ है। कोडरमा केसरिया कलाकंद कल्याण स्वावलंबी समिति ने स्टाल लगाया है जिसके संयोजक मुरारी कुमार है। विकास सेठ भी उतने ही सक्रिय है। जीआइ टैग के लिए दूध उत्पादकों से लेकर मिठाई बनाने वालों को इस सहकारी समिति से जोड़ा गया है।

कोडरमा जिला उद्योग केंद्र के राजीव कुमार सिंह बताते हैं, बाबा ठाकुर दास ने केसरिया कलाकंद बनाने की शुरूआत की थी। दूध को उबालने के दौरान केसरिया मिलाया जाता है। कोडरमा की जलवायु, दूध की गुणवत्ता और पानी ऐसे कारक हैं जो इसे विशेष बनाते हैं।

27rcl_M_74_27112026_512

पाकुड़ के बरबट्टी बीज का आनंद लेने का मिला अवसर

पाकुड़ की पहाड़ियों की तलहटी में बरबट्टी की बड़े पैमाने पर खेती होती है। सब्जी के लिए नहीं अपितु दाल के वास्ते। बरबट्टी सूख जाती है तो उसका बीज निकाला जाता है जिसे लोबिया और घांघरा भी कहा जाता है। यह नकद फसल है। किसान हिरणपुर हाट ले जाते हैं।

वहां से बंगाल के व्यापारी उसे खरीदते हैं। बंगाल से लोबिया की यात्रा दिल्ली, मुंबई से लेकर विदेश तक होती है। लिट्टीपाड़ा के गुतुगला कल्याण ट्रस्ट ने स्टाल में लोबिया की प्रदर्शनी लगाई है। इसकी प्रमुख रूबी मालतो हैं। वे लोग बीज बैंक भी चलाते हैं।

तीन हजार किसान जुड़े हैं। जितना बीज दिया जाता है, फसल तैयार होने के बाद उतना वापस लिया जाता है। लोबिया की खेती विशुद्ध आर्गेनिक हैं। पहाड़ियों की तलहटी की मिट्टी में फसल तैयार होती है।

कोई खाद डालने की जरूरत नहीं है। लोबिया में प्रोटीन इतना है कि खाइए और तंदरूस्त हो जाइए। चना-आलू की तरह सब्जी बनती है। घुघनी भी। पाकुड़ के गांवों में घुघनी का चलन अधिक है।

जीआइ टैग के बाद हजारीबाग के सोहराय की बढ़ी मांग

हजारीबाग की सोहराय पेटिंग को भी जीआइ टैग मिल चुका है। फायदा यह हुआ है कि अब सोहराय पेटिंग से जुड़े उत्पादों के लिए आनलाइन आर्डर भी बढ़ रहे हैं। लकड़ी के खिलौने, साड़ी, दुपट्टा, चादर, फोटो फ्रैम, डायरी, घर के सजावटी सामानों में सोहराय पेटिंग की जा रही है।

मांग भी है। मडवारी के जन जागरण केंद्र के सदस्यों ने स्टाल लगाया है। एनटीपीसी के लोगों की भी उसी स्टाल में प्रदर्शनी है। आगंतुकों को बताया जा रहा है कि एनटीपीसी भी सीसीआर के तहत सोहराय पेटिंग का प्रशिक्षण दे रहा है।

यह भी पढ़ें- कल्याणेश्वरी परियोजना को रफ्तार, 25 वर्षों तक सालाना 40 लाख टन कोयला उत्पादन; हजारों रोजगार और करोड़ों का राजस्व

यह भी पढ़ें- सियासी तूफान, रद परीक्षाएं और विपक्ष का तीखा वार: कैसा रहा हेमंत सरकार के शुरुआती दो साल का सफर?

यह भी पढ़ें- SAIL निविदाओं में गड़बड़ी का आरोप, पूर्व सेफी महासचिव ने की सीबीआई जांच की मांग; दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आग्रह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।