सियासी तूफान, रद परीक्षाएं और विपक्ष का तीखा वार: कैसा रहा हेमंत सरकार के शुरुआती दो साल का सफर?
झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार का दो साल का कार्यकाल कई उतार-चढ़ावों और सियासी टकरावों से भरा रहा, जिसमें विपक्ष के हमलों और नियुक्ति विवादों का सामना करना पड़ा। तीसरे साल में हेमंत सरकार के सामने बड़ी चुनौतियां।

सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं और आक्रामक रणनीति से कई झंझावातों के बीच संतुलन साधने का प्रयास किया।
HighLights
हेमंत सरकार का दो साल चुनौतियों और सियासी टकरावों से भरा।
नियुक्ति परीक्षाओं में अनियमितता, लगभग दो दर्जन रद्द करनी पड़ीं।
कल्याणकारी योजनाओं से जनता के बीच पैठ बनाने का प्रयास जारी।
अश्विनी रघुवंशी, रांची। झारखंड की राजनीति में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का शुरुआती दो वर्ष का कार्यकाल कई उतार-चढ़ाव, प्रशासनिक चुनौतियों और तीखे सियासी टकरावों का साक्षी रहा है।
सरकार अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं के बूते विकास की रफ्तार बढ़ाने का दावा करती रही तो विपक्ष के हमलों, नियुक्ति विवादों और कई संवेदनशील घटनाओं ने सरकार के सामने लगातार कठिन परिस्थितियां खड़ी कीं। इसके बावजूद गठबंधन सरकार विधायकों को एकजुट रखते हुए विपक्ष पर आक्रामक रुख दिखाते हुए डटी रही।
सदन से सड़क तक विपक्ष हमलावर, सरकार का भी जोरदार पलटवार
हेमंत सरकार बनने के बाद दो साल के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी तलवारें खिंची रहीं। विधानसभा के विभिन्न सत्रों में विपक्षी दलों ने कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, खनिज संपदा की लूट और स्थानीय नीति जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की पुरजोर कोशिश की।
सदन के भीतर और बाहर विपक्ष के आक्रामक तेवर के कारण कई बार विधायी कार्य बाधित हुए। हालांकि, हेमंत सरकार ने भी आरोपों पर केवल बचाव करने के बजाय आक्रामक रणनीति अपनाई।
मुख्यमंत्री और गठबंधन के नेताओं ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की खामियों को उजागर करते हुए विपक्ष पर तगड़ा पलटवार किया। केंद्र सरकार पर भी राज्य के बकाया धन को रोकने का आरोप लगाकर राजनीतिक दबाव बनाने का भी प्रयास किया।
नियुक्ति परीक्षाओं में वसूली पर सवाल, दो दर्जन परीक्षाएं रद करनी पड़ी
सरकार के लिए सबसे बड़ी प्रशासनिक और राजनीतिक चुनौती रोजगार और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी रही। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर उंगलियां उठीं।
लाखों का खेल उजागर हुआ। अनियमितता के आरोपों के बीच अभ्यर्थियों का आक्रोश सड़कों पर दिखा। स्थिति यह बनी कि तकनीकी और नीतिगत कारणों से लगभग दो दर्जन परीक्षाओं को रद करना पड़ा।
कई नियुक्ति प्रक्रियाएं न्यायालय की चौखट पर जाकर अटक गईं। विपक्ष ने इसे युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बताकर सरकार की घेराबंदी की, तो सरकार ने नियुक्ति नियमावली में संशोधन कर पारदर्शी तरीके से बहाली करने का भरोसा दिलाया।
वरिष्ठ नेताओं के निधन और निशा भगत की मौत ने बढ़ाई सरकार की मुश्किलें
इन दो वर्षों में राज्य ने कई वरिष्ठ और अनुभवी राजनीतिक हस्तियों को खोया। कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू नहीं रहे। लंबी बीमारी के बाद सीएम हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन का निधन हो गया। इसके बाद राज्य में कुछ ऐसी संवेदनशील घटनाएं भी घटीं जिन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
प्रमुख मामला आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध मौत का रहा। इस घटना को लेकर उठे विवाद और विपक्ष के चौतरफा दबाव के बाद सरकार को सीबीआइ जांच की अनुशंसा करनी पड़ी।
लब्बोलुआब है कि हेमंत सरकार का यह कार्यकाल सियासी झंझावतों के बीच संतुलन साधने की कवायद जैसा रहा। अस्थिरता की तमाम अटकलों, विपक्ष के तीखे हमलों और परीक्षाओं से जुड़े विवादों के बीच सरकार ने कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता के बीच पैठ बनाए रखने का प्रयास जारी रखा है। हां, सरकार का तीसरा साल बेहद चुनौतीपूर्ण रहेगा। वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति तो यही इशारा कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।