झारखंड में विधानसभा सीटें 81 से बढ़कर होंगी 122, परिसीमन से लोकसभा की सीटें 14 से बढ़कर 21 होने का अनुमान
केंद्रीय कैबिनेट से परिसीमन और महिला आरक्षण संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद झारखंड में लोकसभा सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा सीटें 81 से बढ़कर करीब 122 होने का अनुमान है।

परिसीमन लागू होने के बाद राज्य में बदलेगा राजनीतिक भूगोल व समीकरण।
प्रदीप सिंह, जमशेदपुर। केंद्र सरकार द्वारा परिसीमन की नई कवायद झारखंड की राजनीति का भूगोल व समीकरण बदल सकती है। केंद्रीय कैबिनेट से शुक्रवार को परिसीमन संबंधी प्रस्ताव और महिला आरक्षण कानून में संशोधन को मंजूरी मिलने के बाद राज्य में राजनीतिक प्रतिनिधित्व के विस्तार की संभावना बढ़ गई है।
प्रस्ताव के अनुसार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि की जाएगी। इस हिसाब से झारखंड की लोकसभा सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा की सीटें 81 से बढ़कर करीब 122 हो सकती हैं।
हालांकि, इसके लिए संसद की मंजूरी और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है। राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा आनुपातिक हिस्सा 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव भी महत्वपूर्ण है। इससे झारखंड की राजनीतिक हिस्सेदारी पर जनसंख्या आधारित पुनर्वितरण का तत्काल दबाव नहीं पड़ेगा।
झारखंड के लिए यह बदलाव केवल सात अतिरिक्त लोकसभा और करीब 41 अतिरिक्त विधानसभा सीटों का मामला नहीं है। इसके साथ राज्य के निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं, आरक्षण का स्वरूप और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का सामाजिक संतुलन भी नए सिरे से निर्धारित होगा।
कई मौजूदा विधानसभा क्षेत्रों का भौगोलिक विस्तार या विभाजन हो सकता है। नए निर्वाचन क्षेत्र बनने से ऐसे इलाकों को भी विधानसभा और संसद में अपनी आवाज पहुंचाने का अवसर मिल सकता है, जिन्हें अब तक बड़े निर्वाचन क्षेत्रों के भीतर अपेक्षाकृत कम प्रतिनिधित्व मिलता रहा है। दूसरी ओर, मौजूदा राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्रों के समीकरण भी बदल सकते हैं।
आदिवासी प्रतिनिधित्व होगा सबसे अहम कसौटी
झारखंड में परिसीमन की चर्चा का सबसे संवेदनशील पहलू आदिवासी आरक्षण है। राज्य विधानसभा की 81 सीटों में फिलहाल 28 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं, जबकि लोकसभा की 14 सीटों में पांच एसटी आरक्षित हैं।
विधानसभा की कुल सीटें करीब 122 होने पर सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या कितनी बढ़ेगी। यह जरूरी नहीं कि कुल सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के अनुपात में आरक्षित सीटें भी स्वतः बढ़ जाएं।
इसका निर्धारण संबंधित क्षेत्रों में अनुसूचित जनजाति की आबादी और परिसीमन के संवैधानिक मानकों के आधार पर होगा। कोल्हान, संताल परगना, और दक्षिणी छोटानागपुर के आदिवासी बहुल इलाकों में इस प्रक्रिया का खास असर पड़ सकता है।
बरहेट, बोरियो, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, चाईबासा, मझगांव, चक्रधरपुर, खरसावां, मनोहरपुर, खूंटी, तोरपा, सिसई, गुमला और बिशुनपुर जैसे क्षेत्रों के राजनीतिक स्वरूप पर भी नजर रहेगी। पूर्व में परिसीमन प्रक्रिया में झारखंड की विधानसभा की एसटी आरक्षित सीटों को 28 से घटाकर 22 और लोकसभा की पांच से चार करने का प्रस्ताव सामने आया था।
तब झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन के नेतृत्व में तीव्र विरोध हुआ था। यह लागू नहीं हो पाया। इस पुराने अनुभव के कारण मोर्चा समेत आदिवासी सामाजिक संगठनों में नई परिसीमन प्रक्रिया को लेकर सतर्कता है।
उनकी चिंता है कि सीटों की संख्या बढ़ने के बावजूद आदिवासी समाज का राजनीतिक प्रतिनिधित्व अपेक्षित अनुपात में नहीं बढ़ा तो राज्य की सामाजिक-राजनीतिक संरचना में असंतुलन पैदा हो सकता है।
सत्ता के मौजूदा समीकरणों पर भी पड़ेगा असर
सत्तारूढ़ क्षेत्रीय दल झारखंड मुक्ति मोर्चा की राजनीति का प्रमुख आधार आदिवासी समाज रहा है। ऐसे में परिसीमन और आरक्षण के नए निर्धारण का मुद्दा उसके लिए विशेष महत्व रखता है। कांग्रेस सहित सत्तारूढ़ गठबंधन के दूसरे दलों के सामने भी अपने-अपने सामाजिक और क्षेत्रीय आधार को नए निर्वाचन क्षेत्रों में मजबूत बनाए रखने की चुनौती होगी।
दूसरी ओर भाजपा समेत विपक्षी दलों के लिए भी बढ़ी हुई सीटें नए क्षेत्रों में संगठन और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के विस्तार का अवसर बन सकती हैं। हालांकि, सीटों की संख्या बढ़ने से किसी राजनीतिक दल की ताकत अपने आप नहीं बढ़ेगी।
नए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं, आरक्षण का निर्धारण, ग्रामीण और शहरी आबादी का अनुपात तथा स्थानीय नेतृत्व की भूमिका चुनावी समीकरणों को प्रभावित करेगी। खासकर कोल्हान, संथाल परगना और पलामू जैसे क्षेत्रों में नए निर्वाचन क्षेत्रों के गठन से राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का स्वरूप बदल सकता है।
महिला नेतृत्व के विस्तार का भी खुलेगा रास्ता
महिला आरक्षण कानून में प्रस्तावित संशोधन झारखंड की राजनीति के लिए एक और महत्वपूर्ण पहलू है। 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने की प्रक्रिया आगे बढ़ती है तो विधानसभा की बढ़ी हुई सदस्य संख्या में महिलाओं के लिए प्रतिनिधित्व के नए अवसर पैदा होंगे।
करीब 122 सदस्यीय विधानसभा में आरक्षण के अनुपात के आधार पर लगभग 41 सीटें महिलाओं के लिए हो सकती हैं। हालांकि, वास्तविक सीटों का निर्धारण कानून और परिसीमन की प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।
इससे पंचायत और नगर निकायों में सक्रिय महिला नेतृत्व को विधानसभा तक पहुंचने का अवसर मिल सकता है। फिलहाल कैबिनेट की मंजूरी के बाद प्रस्ताव को संसद की कसौटी से गुजरना है। संविधान संशोधन के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत जरूरी है। इसके बाद परिसीमन की संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत नए निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।