झारखंड विधानसभा में कोयला चोरी पर हंगामा, भाजपा विधायक ने सरकार को घेरा; चोरी रोकने पर विशेष सत्र हो!
झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कोयला चोरी और अवैध खनन पर सरकार को घेरा, जिससे सदन में गरमागरम बहस हुई। उन्होंने वैध कोयले पर अधिक कर, जल जीवन मिशन में घोटाले और डीएमएफटी फंड के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

झारखंड विधानसभा में कोयला चोरी पर हंगामा।
HighLights
भाजपा विधायक ने कोयला चोरी का मुद्दा उठाया।
वैध कोयले पर कर बढ़ाने का आरोप लगाया।
जल जीवन मिशन, डीएमएफटी फंड में घोटाले का जिक्र।
राज्य ब्यूरो, रांची। बोलने के अंदाज के कारण चर्चा में रहने वाले गढ़वा के भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी एमएमडीआर संशोधन अधिनियम पर विधानसभा में बोले तो खूब टोकाटोकी हुई। हो हल्ला भी हुआ। तिवारी ने कहा कि इस सरकार ने जानबूझ कर वैध कोयला पर इतना कर लगा दिया कि वो महंगा हो जाए।
वैध कोयला 2200 रुपये प्रति टन है तो अवैध कोयला 1600 रुपए टन। चोरी के कोयला की मांग है। सरकार को कोयला माफिया की चिंता अधिक है, तभी एमएमडीआर का विरोध कर रहे हैं। एमएमडीआर लागू हो गया तो कोयला माफिया का क्या होगा।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में घोटाला हुआ है, तभी संताल से कोल्हान तक खनन इलाके में लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। वास्तव में कोयला चोरी पर विशेष सत्र होना चाहिए। उन्होंने कहा कि डीएमएफटी फंड को मोदी सरकार ने लागू कराया था।
यहां झारखंड को 19,700 करोड़ मिले। सरकार ने सिर्फ 11 हजार करोड़ खर्च किए हैं। बाकी रकम को खर्च करने से किसने रोका है। भाजपा विधायक बोले कि सात साल में लघु खनिजों के खदानों की नीलामी नहीं हुई है।
भारत सरकार ने इसके लिए नहीं रोका था। संबोधन के दौरान कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने जोरदार आपत्ति दर्ज कराई तो सत्येंद्र बोले कि खनिज चोरी की बात कह दिए तो मंत्री खड़ी हो गईं। झामुमो विधायक दल के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो बोले कि चोरी रोकना सीआइएसएफ की जवाबदेही है। हरेक छह महीने में कोयला मंत्री धनबाद आते रहते हैं।
लोग सब समझते हैं। सारठ के झामुमो विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने कहा कि कोयला कहीं से निकलता है, तभी चोरी
होती है। वही पर रोकिए। सत्येंद्र नाथ तिवारी ने केंद्रीय सहायता की बात उठाई तो पोड़ैयाहाट के कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर 205 करोड़ सेस आना था। नहीं दिया गया।
कोषागार और डीएमएफटी घोटाला पर भी बोलिए: राज सिन्हा
धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा ने कहा कि झारखंड में कोषागार घोटाला हुआ है। वित्त मंत्री ने 330 करोड़ की राशि के गबन पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। डीएमएफटी में बोकारो में 600 करोड़ का गोलमाल हुआ है।
उन्होंने कहा कि सेस जैसा कर लगाने से राज्य का राजस्व नहीं बढ़ता। ओडिशा, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, राजस्थान में खनिज से राजस्व कई गुना अधिक हो गया। उन्होंने कहा कि कोयला चोरी हो रही है।
अरूप चटर्जी राजापुर कोलियरी में कोयला चोरी रोकने गए थे। चार दिन अनशन किए थे। पहले सीआइएसएफ के लोग रोकते थे तो केस होता था। अब सीआईएसएफ का अधिकार बढ़ गया है। थोड़ा रुका है। और रुकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।