Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jharkhand: 'भाजपा के सिर्फ मुंह में राम... हमने की नारियों की पूजा', बोले वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर

    Updated: Mon, 06 Jan 2025 06:58 PM (IST)

    झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके मुंह में सिर्फ राम है लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नारियों की पूजा की है। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनमें मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना भी शामिल है। इस योजना के तहत महिलाओं को सालाना 30 हजार रुपये दिए जाएंगे।

    Hero Image
    'भाजपा के सिर्फ मुंह में राम... हमने की नारियों की पूजा', बोले वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर (फाइल फोटो)

    राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना को लेकर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राज्य के मुख्य विपक्षी दल (भाजपा) के सिर्फ मुंह में राम है, लेकिन हमारे मुख्यमंत्री ने नारियों की पूजा की है और जहां नारी की पूजा होती है, देवता वहीं बसते हैं। झारखंड में हर धर्म के देवी-देवता बसेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वित्त मंत्री ने कहा कि वर्ष 2017-18 में भाजपा की सरकार ने जेंडर बजट लाकर महिलाओं के लिए छह हजार करोड़ रुपये का बजट निर्धारण किया था। उन्होंने भाजपा से पूछा कि महिलाओं का सशक्तीकरण नहीं हुआ तो छह हजार करोड़ रुपये कहां गए? कहा, भाजपा ने कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास का वादा किया था, लेकिन देवघर छोड़कर इसकी स्थापना कहीं भी नहीं हुई। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत सिलेंडर तो मिला लेकिन उसका उपयोग नहीं हो पा रहा है।

    वित्त मंत्री ने कहा, झारखंड बनने के बाद आधी आबादी के लिए किसी ने कोई कार्य योजना बनाई तो हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आइएनडीआइए की सरकार ने। कहा, राज्य में महिलाएं खून की कमी से ग्रसित हैं। बच्चे कुपोषित हैं। निर्धन परिवार बच्चों को पढ़ा नहीं पा रहे हैं, लेकिन अब मंइयां सम्मान योजना का लाभ मिलने से मां-बहन इससे निपटने के लिए अब किसी के आगे हाथ नहीं पसारेंगी। महिलाओं की श्रम भागीदारी भी पुरुषों के बराबर हो जाएगी। वर्तमान में पुरुषों की श्रम में भागीदारी 53 प्रतिशत है तो महिलाओं की 42 प्रतिशत है।

    भाजपा की सरकार में रिमोट दिल्ली और गुजरात में : संजय प्रसाद यादव

    श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की सरकार में रिमोट दिल्ली और गुजरात से संचालित होता था, लेकिन हेमंत सोरेन के नेतृत्व में लोगों को अधिकार मिला। महिलाओं को सालाना 30 हजार का सम्मान उनकी और आईएनडीआईए गठबंधन की देन है। उनकी सरकार विकास के कार्य में शिथिलता को दूर कर राज्य को उन्नति के मार्ग पर आगे ले जाएगी। हर युवाओं को रोजगार देंगे। पलायन और गुलामी की जंजीरों से मुक्त करेंगे।

    हाथों में तख्तियां लिए पहुंची थीं महिलाएं

    कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से पहुंची महिलाएं अपने हाथों में तख्तियां लिए थीं। उनपर लिखा था खुशियों का उपहार, हर मइंयां को हर साल रुपये 30 हजार। अबुआ सरकार को आभार।

    इनकी भी रही उपस्थिति

    मंत्री दीपक बिरूवा, रामदास सोरेन, हफीजुल हसन, सुदिव्य सोनू, इरफान अंसारी, चमरा लिंडा, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद जाेबा मांझी, महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन, राजेश कच्छप, विकास मुंडा, अमित कुमार, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, मुख्य सचिव अलका तिवारी, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, डीजीपी अनुराग गुप्ता, महिला एवं बाल विकास के सचिव मनोज कुमार आदि।

    ये भी पढ़ें- Jharkhand Coal Dues: 'केंद्र से नहीं मिला बकाया 1.36 लाख करोड़ तो...', अब आर-पार के मूड में हेमंत के मंत्री

    comedy show banner
    comedy show banner