Jharkhand Politics: झारखंड में मंत्रियों और विधायकों को खरगे ने दे दिया साफ संदेश, बोले- मेरे जो उसूल हैं...
रांची में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने मंत्रियों विधायकों को संगठन के लिए सोचने को कहा और ज़मीनी स्तर पर काम करने की आवश्यकता बताई। के.सी. वेणुगोपाल ने पंचायत स्तर पर कमेटियों को पूरा करने और जातिगत जनगणना को महत्वपूर्ण मुद्दा बताया। खरगे ने कहा मंत्रियों विधायकों को संगठन की मजबूती पर भी सोचना होगा।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विस्तारित कार्य समिति की बैठक मंगलवार को होटल बीएनआर चाणक्य में हुई।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि झारखंड में हम चुनाव जीते हैं, हमारा दायित्व खत्म नहीं होता, बल्कि जीत के बाद अपने आइडियोलाजी को लागू करना महत्वपूर्ण है।
हर किसी को चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिलता है, परिस्थितिवश कई उम्मीदवारों में से किसी एक को ही मौका मिलता है। संगठन का काम भी बहुत महत्वपूर्ण है।
मंत्रियों, विधायकों और सांसदों को यह नहीं समझना चाहिए कि उनकी वजह से संगठन है, बल्कि संगठन की वजह से ही वह हैं, उन्हें संगठन की मजबूती के बारे में भी सोचना होगा।
जनता के वायदे पूरे करने होंगे। मैंने भी प्रखंड अध्यक्ष से लेकर यहां तक का सफर पूरा किया है लेकिन मैं संतुष्ट नहीं हूं क्योंकि मेरा यह मानना है कि मेरे जो उसूल हैं उसे पूरा करना है, समाज और जनता के लिए संघर्ष करना है अभी कई काम बाकी हैं।
अगर आप उसूल पर चलते हैं तो कोई आप पर उंगली नहीं उठाएगा, संगठन में यही होना चाहिए, हमें जो पद मिलता है उसे संभाल कर काम करना चाहिए। संगठन को मजबूत करने के लिए मेहनत करना होगा।
अगर संगठन मजबूत है तो आपको भी सम्मान मिलेगा। मैं नहीं हम पर भरोसा करें। संविधान बचाओ रैली के सफल आयोजन के लिए पूरे झारखंड कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता और यहां की जनता बधाई की पात्र है।
अनुच्छेद 15 (5) को अमल में लाने के लिए हमें कोशिश करना है। निजी संस्थानों में भी आरक्षण लागू करना होगा यह संशोधन कांग्रेस की ही देन है। 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा को बढ़ाना चाहिए।
क्या बोले केसी वेणुगोपाल?
संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि झारखंड में पंचायत स्तर पर कमेटी को जल्द से जल्द पूरा करना है। हम कागजी कमेटी नहीं चाहते, हमें जमीन पर काम करना होगा। 2025 हमारे लिए महत्वपूर्ण है।
पूरे देश के लिए जातिगत जनगणना एक संवेदनशील मुद्दा है, कांग्रेस के इतिहास में जातिगत जनगणना की लड़ाई बहुत बड़ी जीत है। हमारे लिए कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है। हम सभी को समन्वय बनाकर काम करना चाहिए।
प्रदेश प्रभारी के राजू ने कहा कि संगठन मजबूतीकरण की दिशा में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजनीतिक दलों पर बहुत महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होती हैं, हमें जनमुद्दों को चिह्नित कर उस पर काम करना है। 40 दिवसीय संविधान बचाओ अभियान की शुरुआत हुई है, उसे अगले 30 मई तक घर-घर पहुंचाना है।
अगले 10 दिनों में जिला स्तर पर रैली संपन्न करना है। विधानसभा स्तर पर फिर हमें घर-घर संपर्क अभियान चलाना है इसे गंभीरता से लेने की आवश्यकता है।
जातिगत जनगणना हमारा विषय है, इसे हमें घर-घर पहुंचाना है। अगले 100 दिनों का जो टास्क पूर्व में दिया गया है उसे पूरा करें इस संगठन मजबूत होगा।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने संगठन की छह माह की पूरी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान बचाओ अभियान के तहत जातिगत जनगणना सहित तमाम जन मुद्दे घर-घर तक पहुंचाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें-
झामुमों में रामदास सोरेन को मिली बड़ी जिम्मेदारी, कुणाल को मिला BJP छोड़ JMM में आने का गिफ्ट
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।