झामुमों में रामदास सोरेन को मिली बड़ी जिम्मेदारी, कुणाल को मिला BJP छोड़ JMM में आने का गिफ्ट
रांची में झामुमो के 13वें केंद्रीय अधिवेशन के बाद नई कार्यकारिणी समिति का गठन हुआ है। जिसकी सूची भी जारी कर दी गई है। रामदास सोरेन उपाध्यक्ष कुणाल षाड़ंगी प्रवक्ता और समीर कुमार मोहंती को सचिव बनाया गया है। संजीव सरदार को भी कार्यकारिणी सदस्य चुना गया है। भाजपा से आए बारी मुर्मू और लक्ष्मण टुडू को समिति में जगह नहीं मिली है।

संवाद सूत्र, घाटशिला। बीते दिन रांची में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 13वें केंद्रीय अधिवेशन के बाद केंद्रीय कार्यकारिणी समिति का गठन कर लिया गया। जिसकी सूची भी जारी कर दी गई है।
केंद्रीय कार्यकारिणी समिति में पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला, बहरागोड़ा और पोटका विधानसभा के पार्टी नेताओं को भी स्थान मिला है।
केंद्रीय कार्यकारिणी समिति में प्रदेश के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के मंत्री रामदास सोरेन को उपाध्यक्ष का दायित्व मिला।
इसके अलावे चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर आने वाले पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी को पार्टी ने प्रवक्ता बनाया है। भाजपा में भी जब कुणाल थे तो वे प्रवक्ता ही थे, अब झामुमो में प्रवक्ता का दायित्व संभालेंगे।
विधायक समीर कुमार मोहंती।
इसके अलावा बहरागोड़ा विधानसभा से लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने वाले विधायक समीर कुमार मोहंती को पार्टी ने केंद्रीय सचिव का दायित्व सौंपा है। पोटका से लगातार दूसरी बार जीतने वाले युवा विधायक संजीव सरदार को भी पार्टी ने कार्यकारिणी सदस्य बनाया है।
भाजपा छोड़ आने वाली जिप अध्यक्ष और पूर्व विधायक को जगह नहीं
बीते विधानसभा चुनाव के समय भाजपा का दामन छोड़ कर झामुमो में शामिल होने वाली पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद की अध्यक्ष बारी मुर्मू को केंद्रीय समिति में जगह नहीं मिली है।
उनके भाई और घाटशिला के पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू को भी केंद्रीय समिति में कोई जगह नहीं मिला। लक्ष्मण टुडू भाजपा के एसटी मोर्चा में राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी में थे।
इसके अलावा भाजपा के पूर्व ग्रामीण जिलाध्यक्ष सरोज महापात्रा को भी केंद्रीय समिति में स्थान नहीं मिला है। वहीं, पिछले विधानसभा चुनाव में बहरागोड़ा से उम्मीदवारी का दावा करने वाले झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य आदित्य प्रधान को इस बार केंद्रीय कार्यकारिणी में जगह नहीं मिल पाई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।