झारखंड को 13 हजार करोड़ के नुकसान का खतरा, MMDR एक्ट के खिलाफ विधानसभा में हेमंत सोरेन ने पेश किया राजकीय संकल्प
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र के MMDR संशोधन एक्ट के खिलाफ राजकीय संकल्प पेश किया है। राज्य सरकार का दावा है कि इससे झारखंड को सालाना 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होगा, जिससे जनकल्याणकारी योजनाओं पर असर पड़ेगा।

झारखंड में MMDR एक्ट के खिलाफ हेमंत सोरेन ने पेश किया राजकीय संकल्प।
HighLights
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने MMDR संशोधन एक्ट का विरोध किया।
झारखंड को सालाना 13 हजार करोड़ रुपये राजस्व नुकसान की आशंका।
राजकीय संकल्प में केंद्र से कानून पर पुनर्विचार की मांग।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र के एमडीडीआर एक्ट के खिलाफ राजकीय संकल्प पेश किया। राज्य सरकार का कहना है कि इस संशोधन कानून के लागू होने से खनिज युक्त भूमि और खनिज अधिकारों पर कर या उपकर लगाने की राज्यों की शक्तियां सीमित हो गई हैं, जिससे झारखंड को सालाना करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका है।
क्या है पूरा मामला?
केन्द्र सरकार ने 17 अगस्त 2026 को 'The Mines and Minerals (Development and Regulation) Amendment Act 2026' अधिसूचित किया था। राजकीय संकल्प के अनुसार, इस कानून के जरिए न केवल राज्यों की कर/उपकर/सेस लगाने की शक्तियों को सीमित किया गया है।
बल्कि पूर्व के ऐसे किसी भी राज्य कर, उपकर या सेस के बकाया अथवा वसूली न की गई राशि के दावे को भी अमान्य कर दिया गया है। अब राज्य सरकारें केंद्र द्वारा निर्धारित शर्तों के बिना खनिज अधिकारों या खनिज युक्त भूमि पर किसी तरह का कर या उपकर नहीं लगा सकेंगी।
13 हजार करोड़ की आय और जनकल्याण पर असर
झारखंड विधानसभा द्वारा पारित और राज्य सरकार द्वारा अधिनियमित 'झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस विधेयक/अधिनियम, 2024' से राज्य को हर साल लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का राजस्व मिल रहा था।
राजकीय संकल्प में बताया गया है कि इस राशि का उपयोग सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि, आधारभूत संरचना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के वित्त प्रबंधन में किया जा रहा था। राजस्व घटने से इन योजनाओं के संचालन में चुनौतियां बढ़ सकती हैं।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले और संघीय ढांचे का हवाला
संकल्प में जुलाई 2024 में सर्वोच्च न्यायालय की 9 न्यायाधीशों की संवैधानिक पीठ के उस निर्णय का उल्लेख किया गया है, जिसमें कहा गया था कि खनिज युक्त भूमि भी भूमि है और संविधान की 7वीं अनुसूची के तहत राज्य सूची (प्रविष्टि-49) के अंतर्गत राज्यों को ऐसी भूमि पर कर या उपकर लगाने का अधिकार है, जिसकी गणना का आधार खनिज का मूल्य या उत्पादन हो सकता है। राज्य सरकार ने तर्क दिया है कि यह अधिकार संघीय ढांचे के अनुकूल और संविधान प्रदत्त है।
आदिवासी और खनन प्रभावित समुदायों की चिंता
झारखंड को खनिज संपदा से समृद्ध और आदिवासी बाहुल्य राज्य बताते हुए संकल्प में कहा गया है कि अधिकतर खनन क्षेत्रों में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और आदिम जनजाति के लोग रहते हैं। खनन से विस्थापन, भूमि से बेदखली, पर्यावरणीय क्षति तथा सामाजिक-सांस्कृतिक बदलाव का असर इन्हीं समुदायों पर सबसे अधिक पड़ता है।
सरकार के मुताबिक, खनन से होने वाले आर्थिक लाभ का एक हिस्सा आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों और महिलाओं के उत्थान पर खर्च करना नैतिक व संवैधानिक दायित्व है, जिस पर नए संशोधन कानून ने विराम लगा दिया है।
केंद्र से पुनर्विचार की मांग
राजकीय संकल्प के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की गई है कि 'The Mines and Minerals (Development and Regulation) Amendment Act, 2026' पर पुनर्विचार किया जाए। इसका उद्देश्य-
- राज्य के संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों को अक्षुण्ण रखना।
- खनन गतिविधियों से होने वाली क्षति की भरपाई जारी रखना।
- खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और आदिवासी, पिछड़े, दलित व महिला कल्याणकारी योजनाओं को सुचारु रूप से जारी रखना है।
यह भी पढ़ें- झारखंड विधानसभा में आज MMDR एक्ट संशोधन के विरुद्ध राजकीय संकल्प पेश कर रही हेमंत सरकार, पढ़ें क्या है पूरा विवाद?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।