Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Jagran Jal Sansad: जैप के रंगरूट जल सैनिक के रूप में करेंगे काम Ranchi News

    By Sujeet Kumar SumanEdited By:
    Updated: Tue, 18 Jun 2019 04:35 PM (IST)

    Jharkhand. जागरण के अभियान आधा गिलास पानी से जैप के जवान भी जुड़ेंगे। एक कार्यक्रम में जैप-2 के कमांडेंट संजय रंजन ने जवानों को भविष्य के लिए जल संरक् ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    Jagran Jal Sansad: जैप के रंगरूट जल सैनिक के रूप में करेंगे काम Ranchi News

    रांची, जासं। बूंद-बूूंद से समुद्र बने, बूंद दियो छलका, इसी बूंद को जग तरसे बूंद कहां से आए। इन दो पंक्तियों से जल के महत्व को समझा जा सकता है। दैनिक जागरण द्वारा जल संचयन और जल संरक्षण के लिए चलाए जा रहे अभियान आधा गिलास पानी के तहत के तहत आयोजित कार्यक्रम में सोमवार को जैप के जवान शामिल हुए। जैप-2 के कमांडेंट संजय रंजन सिंह ने जवानों को भविष्य के लिए जल संरक्षण के लाभ को बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड एक ऐसा राज्य है जहां 1200 मिली के आसपास औसत बारिश होती है, फिर भी यहां कई नदियां हैं जो खत्म होने के कगार पर हैं।

    उन्होंने कहा कि अब जैप का हर जवान जल सैनिक होगा। अब जैप के जवान दुश्मनों से बहादुरी से लडऩे के साथ जल की बर्बादी को भी रोकेंगे। उन्होंने कहा कि ट्रेनिंग के दौरान जल संरक्षण पर बेहतर काम करने वाले जवान को सम्मानित भी किया जाएगा। वहीं जैप ने जल संरक्षण पर काम शुरू कर दिया है। जैप द्वारा कई तालाब बनाए गए हैं और जिन तालाबों के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है, उसे बचाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

    जल संरक्षण के लिए लोगों में जागरूकता जरूरी

    उन्होंने आधा गिलास पानी अभियान में जैप के रंगरूटों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव के लोग जल संरक्षण को लेकर ज्यादा सजग हैं। वहीं शहरी क्षेत्र के लोगों में जागरूकता का अभाव है। इसकी वजह से शहरों में पेयजल की घोर किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। शहर की नदियां प्रदूषित हो रही है। इसे बचाने को लेकर ठोस कदम उठाने की जरूरत है। लोगों को इसके लिए जागरूक करना होगा।

    धरती पर जीवन केवल पानी के कारण ही है

    संजय रंजन सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस धरती पर जीवन केवल पानी के कारण ही है और एक दिन पानी के कारण ही खत्म होगा। जिस दिन इंसान ने पहला पेड़ काटा होगा, संभवत: उस दिन सभ्यता कि शुरुआत हुई होगी और जिस दिन आखिरी पेड़ काटेगा, उस दिन धरती खत्म होगी। आधा गिलास पानी कार्यक्रम में जैप के रंगरूटों ने नृत्य के जरिये पानी के महत्व को बताया। इसके साथ ही जवानों ने आशु भाषण के जरिये जल संरक्षण पर जोड़ दिया। साथ ही जल संरक्षण का शपथ लिया।

    आज पानी बचाएंगे तभी आपका भविष्य सुरक्षित रहेगा

    कार्यक्रम में जैप जवानों को संबोधित करते हुए दैनिक जागरण के वरीय महाप्रबंधक (झारखंड) मनोज गुप्ता ने कहा कि दैनिक जागरण का काम केवल खबरें देना हीं नहीं है, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी है। आज नदियां सूख रहीं हैं। नदियों के किनारे अगर पेड़ लगाया जाए तो जल संकट को दूर किया जा सकता है। हर कोई जल संकट के संकट को समझे व संरक्षण के उपाय को अपनाए। आज पानी बचाएंगे तभी आपका भविष्य सुरक्षित रहेगा।

    वहीं दैनिक जागरण के स्थानीय संपादक (झारखंड) प्रदीप शुक्ल ने कहा कि आज महाराष्ट्र के कई जिले सुखाग्रस्त हैं। मगर ये झारखंड के किसी भी जिले की कहानी हो सकती है। हम ये कहते हैं कि पानी के लिए विश्व युद्ध होगा, मगर ये अभी शुरू हो चुका है। धनबाद में पानी के लिए कई लोगों की हत्या हो चुकी है। इसलिए सभी को मिलकर जल संरक्षण के बारे में सोचना होगा। कार्यक्रम के अंत में रंगरूटों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।