Jharkhand Politics: मंत्री इरफान अंसारी का भाजपा पर पलटवार, आदिवासी समाज को बांटने का लगाया आरोप
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर आदिवासियों को बांटने की साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने भोगनाडीह की घटना को भाजपा की साजिश बताया और कहा कि सरकार दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेगी। मंत्री ने कहा कि भाजपा अंग्रेजों से भी ज्यादा खतरनाक है और विभाजनकारी नीतियां चला रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि झामुमो और कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।

राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य सरकार के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने भोगनाडीह में हुल दिवस के दौरान हुई घटना पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने भाजपा को अंग्रेजों से भी ज्यादा खतरनाक बताते हुए उस पर आदिवासी समाज को बांटने की साजिश करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के मुखबिर रहे भाजपाई आज आदिवासी समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन संविधान के रक्षक उन्हें कभी सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने भोगनाडीह की घटना को भाजपा की साजिश का हिस्सा बताया, जिसमें कुछ असामाजिक तत्वों ने हुल दिवस समारोह को बाधित करने की कोशिश की।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार घटना की गहन जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मार्गदर्शन में झारखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जिससे भाजपा बौखला गई है।
झारखंड आदिवासी बहुल राज्य है। यहां आरएसएस की शाखाओं में सिखाई जाने वाली विभाजनकारी नीतियां नहीं चलेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि झारखंड को बांटने की कोशिश करने वालों को अपना सामान समेटकर गंगा पार करा दिया जाएगा।
संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध
डॉ. इरफान अंसारी ने जोर देकर कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस संविधान के मूल्यों और आदिवासियों की पहचान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भाजपा पर सामाजिक सद्भाव को नष्ट करने और आदिवासियों के बीच विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि अगर सच बोलना बगावत है, तो हम बागी हैं। उन्होंने हुल दिवस का राजनीतिकरण करने की भाजपा की कोशिश को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि लोगों को भाजपा के दुष्प्रचार से सावधान रहना चाहिए। सरकार हर नागरिक की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। झारखंड सरकार विकास और एकता के रास्ते पर अडिग है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।