विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 31, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Hemant Soren Age: क्या 5 साल में 7 साल बढ़ गई हेमंत सोरेन की उम्र? चुनाव के बीच BJP नेता का दावा

Published: Thu, 31 Oct 2024 03:01 PM (IST)

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उम्र पांच साल में सात साल बढ़ने से विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ...और पढ़ें

हेमंत सोरेन का नामांकन रद करने की उठी मांग। फाइल फोटो
हेमंत सोरेन का नामांकन रद करने की उठी मांग। फाइल फोटो

HighLights

  1. भाजपा की शिकायत, पांच साल में सात साल बढ़ गई हेमंत सोरेन की उम्र
  2. बरहेट में हेमंत के खिलाफ चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी ने निर्वाची पदाधिकारी से शिकायत
  3. गमालियल ने कहा, जमीन की कीमत गलत बताई, वाहन की जानकारी छिपाई

जागरण संवाददाता, साहिबगंज। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) की उम्र पांच साल के ही अंतराल में सात साल बढ़ गई है। 2019 में उनके नामांकन पत्र में उनकी उम्र 42 साल बताई गई थी, लेकिन इस साल नामांकन पत्र में उनकी उम्र 49 साल बताई गई है। बरहेट से भाजपा प्रत्याशी गमालियल हेम्ब्रम ने इस आशय की शिकायत निर्वाची पदाधिकारी गौतम भगत से की है।

उन्होंने भाजपा प्रत्याशी ने हेमंत सोरेन की जमीन की कीमत पर भी सवाल उठाए हैं। गमालियल का कहना है कि हेमंत ने बोकारो के जरीडीह में स्थित अपनी 43,560 वर्गफीट जमीन का खरीद मूल्य 2019 में 10 लाख रुपये बताया था, जबकि इस बार उसकी कीमत मात्र चार लाख 45 हजार रुपये बताई गई है।

'हेमंत सोरेन ने 2019 के चुनाव के दौरान...'

भाजपा प्रत्याशी का कहना है कि हेमंत सोरेन ने 2019 के चुनाव के दौरान नामांकन फॉर्म में केस नंबर जीआर 1208/2014 का उल्लेख किया था, लेकिन इस बार के नामांकन में इसका कोई उल्लेख नहीं है। उनका कहना है कि 2019 के नामांकन फॉर्म में अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के नाम एक मारुति सियाज कार (निबंधन संख्या जेएच 01बीडब्लू 7580) का उल्लेख किया गया था, लेकिन इस बार इसका उल्लेख नहीं है, जबकि उक्त गाड़ी आज भी उनकी पत्नी के नाम से है।

हेमंत का नामांकन रद करने की मांग

गमालियल का कहना है कि 2019 के विधानसभा चुनाव में हेमंत सोरेन ने अपने नामांकन फॉर्म में केवल दो भूखंड के बारे में उल्लेख किया था। उक्त दोनों जमीन 2006 से 2008 के बीच खरीदी गई थी, जबकि इस बार कुल 23 भूखंडों का उल्लेख किया गया है। खास बात यह है कि इन भूखंडों की रजिस्ट्री 2006 से 2008 के बीच की है। ऐसे में उक्त जमीन के बारे में 2019 में क्यों नहीं उल्लेख किया गया। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी ने हेमंत सोरेन का नामांकन रद करने की मांग की है।

उधर, निर्वाची पदाधिकारी गौतम भगत ने बताया कि स्क्रूटनी के दौरान प्रेक्षक की मौजूदगी में सभी उम्मीदवारों व उनके प्रतिनिधियों से आपत्ति दर्ज कराने को कहा गया था। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी ने किसी प्रकार की आपत्ति नहीं जताई। बाद में उन्होंने झामुमो प्रत्याशी हेमंत सोरेन के संबंध में कुछ शिकायत की थी।

इस दौरान प्रेक्षक भी मौजूद थे। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी की आपत्ति को खारिज कर दिया गया। उधर, झामुमो जिलाध्यक्ष शाहजहां से इस संबंध में कुछ भी टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया।

ये भी पढ़ें- Jharkhand Election 2024: मनोहरपुर विधानसभा में उलटफेर, दिग्गज नेता ने नामांकन लिया वापस; BJP को मिली राहत

ये भी पढ़ें- Jharkhand Election: '...तो सरना धर्म कोड होगा लागू', हिमंत बिस्व सरमा का झारखंड में बड़ा एलान; सियासी पारा हाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।