विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Hemant Soren Met PM Modi: पीएम मोदी से हेमंत सोरेन शपथ ग्रहण से पहले क्यों मिले? पत्नी कल्पना सोरेन भी साथ नजर आईं

Published: Tue, 26 Nov 2024 08:52 PM (IST)

हेमंत सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस ...और पढ़ें

दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करते हेमंत सोरेन।
दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करते हेमंत सोरेन।

HighLights

  1. पीएम मोदी से मिलकर हेमंत सोरेने ने शपथ ग्रहण में आने का दिया न्योता
  2. राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और अरविंद केजरीवाल से भी की मुलाकात
  3. आईएनडीआईए के बड़े नेताओं का होगा शपथग्रहण समारोह में जुटान

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार गठन की तैयारियों में जुट गए हैं। मंगलवार को उन्होंने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर उन्हें रांची के मोरहाबादी मैदान में 28 नवंबर को आयोजित होने वाले शपथग्रहण समारोह में शामिल होने का न्योता दिया।

इस मौके पर उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन भी साथ थीं। चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री हेमंत ने एक-दूसरे को निशाने पर रखा था। चुनाव के बाद हुई इस शिष्टाचार मुलाकात को तल्ख रिश्ते को सामान्य बनाने के तौर पर भी देखा जा रहा है।

मुलाकात के बाद हेमंत सोरेन ने एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने लिखा-दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें 28 नवंबर को अबुआ सरकार (आदिवासियों की अपनी सरकार) के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

हेमंत सोरेन और उनकी सरकार के मंत्रियों के शपथग्रहण के मौके पर देशभर के आइएनडीआइए के बड़े नेताओं का जुटान कराने की भी तैयारी है। रांची में शपथ ग्रहण समारोह की बड़े पैमाने पर तैयारी चल रही है।

समारोह में राहुल, खरगे, अरविंद केजरीवाल, लालू यादव, तेजस्वी यादव, ममता बनर्जी समेत कई दलों के प्रमुख और राज्यों के मुख्यमंत्री सम्मिलित होंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण के लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रण दिया। इस दौरान दोनों ही नेता मुस्कुराते हुए दिखाई दिए।

लौटकर सरकार बनाने की प्रक्रिया को अंतिम रूप देंगे : हेमंत

  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि दिल्ली से लौटने के बाद वह सरकार गठन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की तैयारी में जुटेंगे।
  • दिल्ली में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि झारखंड में आइएनडीआइए की नई सरकार बनने जा रही है।
  • सरकार गठन की प्रक्रिया 28 नवंबर से शुरू होगी। वे इसी कार्यक्रम के सिलसिले में दिल्ली के दौरे पर हैं और सभी को निमंत्रण दे रहे हैं।
  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।

लुईस, योगेंद्र, मथुरा व स्टीफन हो सकते हैं मंत्री

नई सरकार में झारखंड मुक्ति मोर्चा कोटे से छह मंत्री शामिल होंगे। इसके लिए मंथन चल रहा है। शीर्ष नेतृत्व को निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है। पुरानी सरकार में शामिल रहे मंत्रियों दीपक बिरुआ, रामदास सोरेन का फिर से मंत्री बनना तय है।

नई दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मिले हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन।

अल्पसंख्यक कोटे से हफीजुल हसन का भी नाम तय है। रेस में राजमहल के नवनिर्वाचित विधायक एमटी राजा को भी बताया जा रहा है। वरीयता और अनुभव के आधार पर प्रो. स्टीफन मरांडी का नाम लिया जा रहा है। इसके अलावा चुनाव के मौके पर भाजपा छोड़कर आईं लुईंस मरांडी भी रेस में हैं।

लुईस मरांडी रघुवर दास सरकार में मंत्री रह चुकी हैं। उन्होंने जामा विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की है। कुर्मी कोटे से टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो और गोमिया के विधायक योगेंद्र प्रसाद महतो का नाम लिया जा रहा है। मथुरा वरिष्ठ नेता हैं। योगेंद्र प्रसाद महतो राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष रह चुके हैं।

उन्होंने गोमिया से आजसू के सीटिंग विधायक लंबोदर महतो को हराकर जीत हासिल की है। पूर्व उप मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुधीर महतो की पत्नी ईचागढ़ की विधायक सविता महतो भी इस कड़ी में शामिल हैं। झामुमो के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक शीर्ष नेतृत्व इसपर अंतिम निर्णय लेगा।

यह भी पढ़ें

पिछले चुनाव में जिन 10 सीटों पर 10 हजार से कम वोट से हुई थी जीत, BJP ने इस बार छह गंंवाई; ये रहा हार का कारण

Jharkhand Election Result: सरयू राय ने गिनाईं BJP की 5 बड़ी गलतियां, कहा- मुझे तो अछूत मान लिया गया था