Jharkhand Ministers Portfolio: झारखंड में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा आज, बड़े फेरबदल की संभावना नहीं
झारखंड में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा शुक्रवार सुबह होगा। विभागों में इस बार व्यापक फेरबदल की उम्मीद नहीं है। पिछली सरकार में जो विभाग जिन दलों के कोटे के मंत्रियों के जिम्मे थे वे ही विभाग इस बार भी उन दलों के मंत्रियों के पास रहेंगे। बता दें कि हेमंत सोरेन सरकार के कैबिनेट की बैठक शुक्रवार शाम तीन बजे से होगी।

राज्य ब्यूरो, रांची। Jharkhand Cabinet राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्यों के बीच विभागों का बंटवारा अब शुक्रवार को सुबह में होगा। मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद संभावना जताई जा रही थी कि देर शाम तक मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर देंगे। लेकिन गुरुवार को विभागों का बंटवारा नहीं हो सका।
विभागों में इस बार व्यापक फेरबदल की उम्मीद नहीं है। संभावना जताई जा रही है कि पिछली सरकार में जो विभाग जिन दलों के कोटे के मंत्रियों के जिम्मे थे, वे ही विभाग इस बार भी उन दलों के मंत्रियों के पास रहेंगे। ऐसा होता है तो गृह, कार्मिक, कैबिनेट, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास, परिवहन, पथ निर्माण, पेयजल एवं स्वच्छता, जल संसाधन, पर्यटन, कला संस्कृति एवं खेलकूद विभाग आदि मुख्यमंत्री और झामुमो के मंत्रियों के जिम्मे रहेंगे।
दूसरी तरफ, योजना एवं वित्त, कृषि एवं पशुपालन, ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य, पंचायती राज, स्वास्थ्य आदि विभाग कांग्रेस के मंत्रियों के खाते में आएंगे। राजद के मंत्री को श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग मिल सकता है। हालांकि विभागों का बंटवारा मुख्यमंत्री के विवेक पर निर्भर करेगा।
राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आज, कई प्रस्तावों पर लगेगी मुहर
हेमंत सोरेन सरकार के कैबिनेट की बैठक शुक्रवार शाम तीन बजे से होगी। झारखंड मंत्रालय भवन में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सभी मंत्री शामिल होंगे। इसमें राज्य के विकास से संबंधित कई प्रस्तावों पर स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। बता दें कि गुरुवार को ही हेमंत सरकार की कैबिनेट का विस्तार हुआ है।
कांग्रेस के एजेंडों पर काम शुरू हो चुका है : मीर
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने गुरुवार को प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव के पूर्व कांग्रेस ने जो घोषणाएं की थीं, उनपर काम शुरू हो चुका है। न्यूनतम समय लेते हुए काम शुरू किया गया है। इसी के साथ महाराष्ट्र का भी चुनाव हुआ था और वहां अभी मुख्यमंत्री के नाम पर ही मुहर लगी है। कैबिनेट को लेकर गतिविधियां जारी हैं। महाराष्ट्र की तुलना में झारखंड में तेजी से काम हुआ है। इसके लिए एक बार फिर हम झारखंड की जनता काे धन्यवाद देते हैं।
उन्होंने कहा कि अगले पांच सालों के लिए हमने जो एजेंडा तय किया था, उसपर काम शुरू हो चुका है। मंइयां सम्मान योजना की राशि एक हजार से बढ़ाकर ढाई हजार कर दी गई है। कल्याणकारी योजनाओं को धीरे-धीरे लागू कर दिया जाएगा। हमारी चिंता सिर्फ यहां के गरीब हैं और उनके लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाएं हैं।
मीर ने कहा कि झारखंड में निश्चित तौर पर एक मॉडल सरकार और मॉडल गठबंधन देखने को मिलेगा। हम इसे अगले पांच वर्षों तक जारी रखेंगे। इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय व अन्य कुछ सीनियर नेता भी मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।