विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 05, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand News: रांची के सोनाहातू में डायन के शक में मारी गई एक और महिला का शव जंगल से बरामद

By M EkhlaqueEdited By:
Published: Mon, 05 Sep 2022 03:08 PM (IST)

Ranchi News रांची के सोनाहातू व राहे थाना पुलिस ने दो घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद कर लिया ...और पढ़ें

Jharkhand Crime News: जंगल से बरामद शव को कुछ तरह लाते पुलिस जवान।
Jharkhand Crime News: जंगल से बरामद शव को कुछ तरह लाते पुलिस जवान।

रांची, जागरण संवाददाता। रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र के राणाडीह गांव में डायन बिसाही के शक में मारी तीसरी महिला आलोमनी देवी का शव भी सोमवार को बरामद कर लिया गया। इससे पूर्व राणाडीह जंगल से रायलू देवी व ढोलो देवी का शव रविवार को बरामद कर लिया गया था। पर, रात होने के कारण तीसरी महिला आलोमनी देवी का शव बरामद नहीं किया जा सका था। पुलिस रात में वापस आ गई थी। सोमवार की सुबह से ही सोनाहातू व राहे थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर आलोमनी देवी का शव बरामद किया। पुलिस को शव तलाशने में लगभग दो घंटे लगे। गौरतलब हो कि राणाडीह गांव में डायन बिसाही का आरोप लगाकर तीन वृद्ध महिलाओं की हत्या शनिवार को कर दी गई थी। पर, इसकी जानकारी किसी ने पुलिस को नहीं थी। रविवार को ही किसी ग्रामीण ने मामले की जानकारी सोनाहातू थाना पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और गांव पहुंची। गांव में महिलाओं ने पुलिस को विरोध करते हुए उन्हें पहले उन्हें घुसने नहीं दिया था। बाद में भारी पुलिस बल के पहुंचने पर उन्हें गांव में घुसने दिया गया।

Jharkhand Witch Murder: रांची के मांडर में आधी रात घर से अगवा कर पांच महिलाओं की हुई थी हत्या

गांव पसरा सन्नाटा, पुरुष भागे, सिर्फ कुछ महिलाएं दिखीं

सोमवार को भी गांव में कोई पुरुष नहीं दिखा। सभी गांव छोड़कर कहीं अन्यत्र चले गए हैं। कुछ महिलाएं ही अपने-अपने घरों के सामने बैठी हुई दिखीं। पर, पूछने पर कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं थी। कुछ भी पूछने पर कहतीं थीं नहीं पता। हेसाडीह पंचायत के मुखिया प्रताप सिंह मुंडा भी मामले में कुछ बोलने से बचते रहे। फोन पर कहा कि उन्हें इस संबंध में कुछ भी पता नहीं है। इधर, सोनाहातू प्रमुख विक्टोरिया देवी ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस प्रकार की घटना से पूर्व उन्हें सोचना चाहिए था। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। ताकि, इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके। गांव का प्राथमिक स्कूल तो खुला था, पर बच्चों की उपस्थिति कम थी। 63 बच्चों में सिर्फ 21 बच्चे ही उपस्थित थे।

गांव से लगभग ढाई किमी दूर घटना को दिया गया अंजाम

राणाडीह गांव से लगभग ढाई किलोमीटर दूर जंगल में ले जाकर तीनों महिलाओं की हत्या की गई। इससे पूर्व उन्हें डायन की बात स्वीकार कराई गई। इससे पूर्व गांव में 1991 में भी इस प्रकार की घटना घटी थी। उस समय भी कुछ महिलाओं को डायन कहकर प्रताड़ित किया गया था। मामले में सोनाहातू थाना पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, ताकि उनसे पूछताछ कर आरोपितों को पकड़ा जा सके।