यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Election 2024: भाजपा झारखंड में भी चलाएगी हरियाणा का 'सिक्का', विधानसभा चुनाव की आहट से पहले फॉर्मूला सेट
Jharkhand Election 2024 झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले भारतीय जनता पार्टी अपनी तैयारी में जुटी हुई है। भाजपा ...और पढ़ें

HighLights
- चुनाव जीतने के लिए हरियाणा की तरह सामाजिक समीकरण साधेगी भाजपा
- हरियाणा में ओबीसी और सामान्य जाति के मतदाताओं की भाजपा के पक्ष में गोलबंदी का मिला लाभ
- बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे से आदिवासी मतों के ध्रुवीकरण की उम्मीद
राज्य ब्यूरो, रांची। विधानसभा चुनाव में जीत के लिए भाजपा ओबीसी और सामान्य जातियों का मजबूत समीकरण बनाने की तैयारी में है। आदिवासी संस्कृति को बांग्लादेशी घुसपैठ से हो रहे नुकसान के जरिये इस समुदाय को अबतक भाजपा अपने केंद्र में रखे हुए हैं।
अब प्रत्याशी चयन में ओबीसी और सामान्य जातियों को प्रतिनिधित्व देकर जीत की ठोस रणनीति बनाई जाएगी। हरियाणा विधानसभा चुनाव में गैर जाट मतदाताओं की मजबूत गोलबंदी कर भाजपा ने जबर्दस्त जीत हासिल की है।
पार्टी के रणनीतिकारों को उम्मीद है कि राज्य में वैश्य समुदाय के सभी धड़ों का समर्थन उसे मिलेगा। सामान्य जातियों का भी समर्थन भाजपा को मिलता रहा है। यादव समुदाय से आने वाली केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के जरिये इस वर्ग के समर्थन की उम्मीद भी भाजपा कर रही है।
आदिवासी नेतृत्व बरकरार रखेगी भाजपा
भाजपा भले ही ओबीसी और सामान्य जातियों के वोट को लेकर रणनीतिक तैयारी कर रही हो, लेकिन पार्टी नेतृत्व की भूमिका में आदिवासी समाज को ही रखेगी।
बाबूलाल मरांडी प्रदेश अध्यक्ष हैं, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन पूरे चुनाव अभियान का नेतृत्व करने वाली टीम में रहेंगे।
सीता सोरेन और गीता कोड़ा पूरे राज्य में आदिवासी महिलाओं को भाजपा को वोट देने के लिए आक्रामक तरीके से प्रचार अभियान चलाएंगी।
बिहार और यूपी के ओबीसी नेता उतरेंगे प्रचार में
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य परिवर्तन यात्रा के दौरान भी भाजपा के पक्ष में प्रचार कर चुके हैं।
अब विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद बिहार, यूपी, छत्तीसगढ़ के बड़े ओबीसी नेताओं का झारखंड में बड़ा प्रचार अभियान चलाया जाएगा।
आदिवासी मतों के बड़े हिस्से में सेंधमारी और ओबीसी के साथ सामान्य जातियों के मजबूत समर्थन से भाजपा चुनाव जीतने की उम्मीद कर रही है।
यह भी पढ़ें
Jharkhand Election 2024: झारखंड भाजपा में नया जोश भर गया हरियाणा का रिजल्ट, क्या हेमंत सोरेन की बढ़ेगी टेंशन?
