विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand Politics: टिकट वितरण के बाद BJP में बढ़ी अफरा-तफरी, स्थिति संभालने के लिए पार्टी ने इस नेता को भेजा झारखंड

Published: Tue, 22 Oct 2024 09:00 AM (IST)

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष मंगलवार को रांची आ रहे हैं। उनका दौरा टिकट वितरण के बाद बढ़ते ...और पढ़ें

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष

HighLights

  1. पहले चरण की सीटों पर 25 लोग दाखिल कर चुके हैं पर्चा
  2. पहले चरण की 43 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया जारी

राज्य ब्यूरो, रांची। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष मंगलवार को रांची आ रहे हैं। टिकट वितरण के बाद बढ़ते असंतोष के बीच बीएल संतोष का दौरा महत्वपूर्ण है।

बीएल संतोष पार्टी नेताओं संग बैठक करेंगे और नेताओं के पार्टी छोड़ने की घटना रोकने के उपाय करेंगे। प्रदेश कार्यालय में बीएल संतोष, बाबूलाल मरांडी समेत अन्य नेताओं संग बैठक करेंगे।

सरयू राय जमशेदपुर पश्चिमी से और तमाड़ से पीटर लडेंगे 

जदयू ने झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए दोनों सीटों पर उम्मीदवार तय कर दिए हैं। हाल ही में पार्टी में सम्मिलित होनेवाले सरयू राय जमशेदपुर पश्चिमी से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, पूर्व मंत्री राजा पीटर को तमाड़ से टिकट दिया गया है। पूर्व में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके पीटर ने हाल ही में जदयू में वापसी की थी।

सोमवार को जदयू के नेता शैलेंद्र महतो, उपेंद्र सिंह, सागर कुमार आदि ने पीटर को सिंबल प्रदान किया। भाजपा ने एनडीए गठबंधन के तहत जदयू को ये दोनों सीटें प्रदान की है।

हालांकि, प्रदेश नेतृत्व कुछ और सीटों को लेकर अपने राष्ट्रीय नेताओं से दबाव बनाए हुए था। इसमें उन्हें सफलता नहीं मिली। जदयू ने झारखंड में 11 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपा था।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो मांडू से अपने बेटे दुष्यंत पटेल को चुनाव लड़ाना चाह रहे थे, लेकिन इसमें वह सफल नहीं रहे। केवल जमशेदपुर पश्चिमी और तमाड़ सीट मिलने से प्रदेश पार्टी इतनी निराश है कि दोनों सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय होने का न ही प्रदेश स्तर पर घोषणा की गई और ना ही कोई विज्ञप्ति जारी हुई।

दूसरे चरण की 38 सीटों पर चुनाव की आज जारी होगी अधिसूचना, शुरू होगा नामांकन

झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत पहले चरण की 43 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया जारी है। सोमवार को नामांकन में तेजी भी आई। मंत्री मिथिलेश ठाकुर, पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, पूर्व विधायक अनंत प्रताप देव, निर्वतमान विधायक शशिभूषण मेहता सहित 21 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।

सोमवार को कोडरमा, बरकट्ठा, हजारीबाग, पोटका, सिमडेगा, कोलेबिरा, जुगसलाई, लोहरदगा, गढ़वा, जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक, चाईबासा तथा मझगांव में दो-दो, पांकी में तीन तथा भवनाथपुर में चार नामांकन हुआ।

अबतक पहले चरण की सीटों पर कुल 25 लोग अपनी उम्मीदवारी का पर्चा दाखिल कर चुके हैं। झामुमो प्रत्याशी मिथिलेश ठाकुर ने गढ़वा तथा अनंत प्रताप देव ने भवनाथपुर सीट से नामांकन दाखिल किया। इसी तरह, भाजपा प्रत्याशी भानुप्रताप शाही ने भवनाथपुर तथा शशिभूषण मेहता ने पांकी से पर्चा भरा।

सोमवार को कई निर्दलीयों ने भी अपना पर्चा भरा। इधर, दूसरे चरण की 38 सीटों पर चुनाव की अधिसूचना मंगलवार को जारी होगी। इसी के साथ इन सीटों पर नामांकन शुरू हो जाएगा। इन सीटों पर नामांकन की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर निर्धारित है, जबकि 30 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी।

इन सीटों पर एक नवंबर तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। इन सीटों पर 20 नवंबर को मतदान होना है। पहले चरण की सीटों की बात करें तो यहां 25 अक्टूबर तक नामांकन होना है।

यहां 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा 30 अक्टूबर तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। पहले चरण की इन सीटों पर 13 नवंबर को वोट पड़ेंगे। दोनों चरणों की सीटों पर पड़नेवाले वोटों की गणना 23 नवंबर को होगी। 

आज से इन सीटों पर भी शुरू होगा नामांकन 

राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी,मधुपुर, सारठ, देवघर, पौड़ेयाहाट, गोड्डा, महगामा, रामगढ़, मांडू, धनवार, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, गोमिया, बेरमो, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा, सिल्ली तथा खिजरी।

यह भी पढ़ें-

कांग्रेस ने 21 सीटों पर उम्मीदवारों का किया एलान, यहां देखें कहां-किसे चुनाव मैदान में उतारा?

OBC के लिए सारे दांव लगाएगी मोदी सरकार, सालों से अटके पड़े मामलों को निपटाने की तैयारी