Bharat Bandh in Jharkhand LIVE: शहरों को बंद कराने सड़कों पर उतरे JMM कार्यकर्ता; ओडिशा व प. बंगाल सीमा को किया जाम, देखें Photo
Bharat Bandh आरक्षण का लाभ पानेवालों में क्रीमी लेयर की पहचान करने से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। देशभर में भारत का असर देखने को मिल रहा है। झारखंड में भी भारत बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। सामाजिक संगठनों व राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर शहरों को बंद रहे।

जागरण टीम, रांची। Bharat Bandh in Jharkhand झारखंड में भारत बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। सुबह से ही झामुमो, कांग्रेस, वाम दल और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता शहरों को बंद कराने के लिए सड़कों पर उतर आए हैं।
सड़क से लेकर गलियों तक में सन्नाटा पसरा हुआ है। सड़कों पर वाहनों का परिचालन बिल्कुल ठप पड़ा हुआ है। सरकारी बस, ऑटो और सवारी वाहनों के नहीं चलने के कारण यात्रियों को वापस लौटना पड़ रहा है।
धनबाद जिले में भी भारत बंद का असर देखने को मिला है। शहर की सड़कों पर यातायात पूरी तरह से प्रभावित रहा। जगह-जगह बंद समर्थक सड़कों पर उतरे।
सड़क जाम किया, मोटरसाइकिल रैली निकाली और नारेबाजी की। बंद को देखते हुए धनबाद पुलिस के टीम जगह-जगह पर तैनात दिखी।
धनबाद में भारत बंद का असर
बंद को लेकर केंदुआपुल पर बंद समर्थकों ने अपने वाहन खड़े कर सड़क जाम कर दिया। केवल आपालकालीन सेवा से जुड़े वाहनों को आने-जाने दिया जा रहा है।
इसी तरह बैंक मोड़ से नया बाजार होते हुए श्रमिक चौक तक बंद समर्थकों ने बाइक रैली निकाली। श्रमिक चौक के पास गया पुल के नीचे सड़क को जमा कर दिया गया। धैया के रानी बांध के पास टायर जलाकर सड़क जाम किया गया।
कुछ ऐसा ही नजारा रणधीर वर्मा चौक से गोविंदपुर जाने वाली सड़क पर भी देखा गया। इसके अलावा बाघमारा नावागढ़ व फुलारीटांड में दुकानें खुली रहीं। झरिया के चांदकुइयां मोड़ में झामुमो के नेताओं ने दुकानों को बंद कराया। लोयाबाद में भीम आर्मी के लोगों ने सड़क जाम कर दिया और नारेबाजी की।
धनबाद के बरटांड और स्टेशन स्टैंड से बहुत ही कम यात्री बसों का परिचालन हुआ। लंबी दूरी की बसें नहीं चलीं। हालांकि सुबह में हजारीबाग, बोकारो, रांची और गिरिडीह के लिए बसों का परिचालन हुआ। वहीं दूसरी ओर शहर में आटो का भी परिचालन भी कम रहा।
साहिबगंज में भी बंद असरदार
साहिबगंज में भी भारत बंद असर दिखा। बरहेट-बोरियो में जहां व्यापक असर देखने मिल रहा, वहीं अन्य क्षेत्रों में असर आंशिक है। शहर में यातायात सामान्य है। हालांकि, अधिकतर दुकान बंद हैं। अधिकतर निजी स्कूलों में पहले ही छुट्टी की घोषणा कर दी गई थी।
बरहेट में झामुमो प्रखंड संयोजक सुनीराम हांसदा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तीनमुहानी, बोरियो बस स्टेशन चौक व बरहड़वा बस स्टेशन चौक को बांस बल्ला एवं टायर लगाकर जाम कर दिया। इससे साहिबगंज-गोविंदपुर मुख्य मार्ग वाहनों का परिचालन ठप हो गया।
भारत बंद का घाटशिला, चाईबासा में दिखने लगा असर
घाटशिला अनुमंडल व चाईबासा में बंद का असर दिखने लगा है। स्कूल, कालेज व व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद है। कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर बंद करवा रहे हैं।
जमशेदपुर शहर में इसका कोई खास असर नहीं है। स्कूल खुले हुए हैं, लेकिन एनएच 33 डिमना चौक व कांदरबेड़ा रोड़ को जाम कर दिया गया है। बहरागोड़ा में एनएच 18 को पूरी तरह से जाम कर दिया गया है।
झारखंड की सीमा जाम
झारखंड की सीमा में पश्चिम बंगाल व ओडिशा से कोई वाहन प्रवेश नहीं हो पा रहा है। लोग जाम में ही फंसे हुए है। आदित्यपुर में बंद समर्थक औद्योगिक प्रतिष्ठानों को बंद कराया जा रहा है।
पश्चिमी सिंहभूम में भी सड़कों पर उतरे झामुमो कार्यकर्ता
पश्चिमी सिंहभूम जिले के अनुमंडल मुख्यालय जगन्नाथपुर तथा आसपास क्षेत्र में बुधवार को असर रहा। यहां अहले सुबह से ही भारत बंद का दृश्य दिखना आरम्भ हो गया।
सुबह के उजाले के साथ धीरे धीरे बंद सर्मथकों व बंद को सर्मथन देने वाली झामुमो के कार्यकर्त्ताओं का जुटान मुख्य चौक पर हुआ।
क्यों है भारत बंद
क्रीमी लेयर को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति और भीम सेना और अन्य संगठनों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है।
क्रीमी लेयर की पहचान का विरोध करने वालों का तर्क है कि इससे हाशिये पर पड़े समूहों के सामूहिक अधिकारों को नुकसान पहुंच सकता है। आरक्षण तक उनकी पहुंच कम हो सकती है।
सत्तारूढ़ दलों ने किया बंद का समर्थन
राज्य में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, राजद और वाम दलों ने भारत बंद का समर्थन किया है।
झामूमो महासचिव विनोद पांडेय ने बताया कि बंद के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने के लिए संगठन की सभी इकाइयों को निर्देश दिया गया है।
कांग्रेस ने भी बंद का समर्थन करते हुए सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश जारी किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने जिला अध्यक्षों, अग्रणी संगठन एवं प्रकोष्ठों को निर्देश दिया है कि बंद के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने को कहा है।
आजसू ने भी बंद का किया समर्थन
एनडीए की सहयोगी पार्टी आजसू पार्टी ने भी बंद को नैतिक समर्थन दिया है। पार्टी ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का एससी, एसटी के आरक्षण के वर्गीकरण को लेकर दिया गया आदेश वंचित वर्ग के हितों के विरुद्ध है।
आजसू ने कहा कि यह आदेश एससी, एसटी समाज की प्रगति और उसके संवैधानिक अधिकारों के विरुद्ध है। बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर के संविधान में क्रीमी लेयर का कोई प्रविधान नहीं है।
सभी निजी स्कूल बंद
भारत बंद के दौरान बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए बुधवार को सभी निजी स्कूलों ने स्कूल बंद रखने की घोषणा की है। राज्य के अन्य शहरों में भी स्कूल बंद रहेंगे।
रांची में ये स्कूल बंद
रांची के कैराली स्कूल, डीपीएस, जेवीएम श्यामली, डीएवी ग्रुप के सभी स्कूल, आक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, नर्चर किड्स, सेक्रेड हार्ट स्कूल, बिशप स्कूल, सुरेंद्रनाथ सेंटेनरी स्कूल, संत थामस स्कूल धुर्वा, लारेटो स्कूल, विवेकानंद विद्या मंदिर स्कूल धुर्वा समेत अन्य स्कूलों ने भारत बंद को ले स्कूल बंद रखने की घोषणा की है।
प्राचार्यों ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया। सुबह में भारत बंद का सर्वाधिक असर देखने को मिलता है, इसलिए बच्चों को स्कूल लाने और भेजने में परेशानी हो सकती है। इस कारण बुधवार को स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। वहीं डीपीएस रांची के प्राचार्य डा. आरके झा ने बताया कि भारत बंद को लेकर यह निर्णय लिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।