Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अलकायदा का संदिग्ध आतंकी शहबाज लोहरदगा से गिरफ्तार, राजस्थान में ली थी आतंकी ट्रेनिंग

    Updated: Fri, 10 Jan 2025 08:54 PM (IST)

    अलकायदा से जुड़े संदिग्ध आतंकी शहबाज अंसारी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने झारखंड एटीएस के साथ मिलकर लोहरदगा से गिरफ्तार किया है। शहबाज राजस्थान में ...और पढ़ें

    Hero Image
    अलकायदा का संदिग्ध आतंकी शहबाज लोहरदगा से गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    राज्य ब्यूरो, रांची। अलकायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (एक्यूआईएस) आतंकी संगठन से जुड़े एक संदिग्ध अभियुक्त शाहबाज अंसारी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने झारखंड एटीएस के सहयोग से गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी लोहरदगा के सेन्हा थाना क्षेत्र स्थित चितरी गांव से हुई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शनिवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उसे कोर्ट में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाएगी। पूर्व में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने झारखंड पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के साथ मिलकर 22 अगस्त 2024 को रांची, लोहरदगा और हजारीबाग में छापेमारी की थी।

    उस छापेमारी में दिल्ली पुलिस ने अलकायदा मॉड्यूल के मास्टर माइंड डॉ. इश्तियाक अहमद को रांची से गिरफ्तार किया था। जो रांची के एक बड़े निजी अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत था। इसके अलावा, मदरसा चलाने वाले मुफ्ती रहमतुल्ला, मतीउर रहमान, रिजवान बाबर और फैजान अहमद भी गिरफ्तार हुए थे।

    हजारीबाग का फैजान अहमद लोहसिंघना में दवा का कारोबार करता था। इस मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में (कांड संख्या 301/24) मामला दर्ज हुआ था। गिरफ्तार डॉ. इश्तियाक, फैजान अहमद व अन्य से पूछताछ के बाद ही शाहबाज अंसार की गिरफ्तारी हुई है।

    राजस्थान में आतंकी प्रशिक्षण लेने में शामिल था शहबाज

    दिल्ली पुलिस की पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि राजस्थान के चौपानकी (भिवाड़ी) के पहाड़ी इलाके में अलकायदा मॉड्यूल का ट्रेनिंग कैंप चल रहा था। उक्त कैंप में शाहबाज अंसारी भी शामिल था। जिसे शुक्रवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया। इससे पहले राजस्थान के चौपानकी के पहाड़ी इलाके में प्रशिक्षण लेने वाले छह संदिग्धों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था।

    वहां से पुलिस को काफी मात्रा में गोला बारूद व हथियार मिले थे। पहाड़ी से एके-47 राइफल, एक .38 बोर रिवाल्वर, .38 बोर के छह कारतूस, .32 बोर के 32 कारतूस, एके-47 के 30 कारतूस, एक डमी इंसास, एक एयर रायफल, एक आयरन एल्बो पाइप, एक हैंड ग्रेनेड, बैटरी, तार, वाच, भड़काउ वीडियो व अन्य सामान बरामद किए थे। गिरफ्तार छह में से दो चान्हो के रहने वाले थे। लोहरदगा का एक और तीन झारखंड के ही अन्य जिले के थे।

    हजारीबाग से गिरफ्तार फैजान था प्रशिक्षण कैम्प का प्रशिक्षक

    हजारीबाग से गिरफ्तार फैजान अहमद को मास्टर माइंड डा. इश्तियाक ने ट्रेनर बनाया गया था। उसका काम था कि सेंटर में आने वाले युवकों को वह हथियार चलाने व बम बनाने का प्रशिक्षण देना। इसके लिए मॉड्यूल से जुड़े सभी संदिग्ध कई ग्रुप से भी जुड़े थे। इनमें कुछ सदस्य पाकिस्तान, अफगानिस्तान के भी थे।

    रांची के चान्हो में ट्रेनिंग सेंटर खोलने की तैयारी थी। इसके लिए चान्हो के नकटा पहाड़ इलाके में ट्रेनिंग कैंप के लिए जगह का भी चयन कर लिया गया था।

    ये भी पढ़ें- Indo-Nepal Border News: भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस की बढ़ी सख्ती, अवैध गतिविधियों पर लगेगी लगाम

    ये भी पढ़ें- Deoghar News: फर्जी वेबसाइट के जाल में फंसे बाबा के भक्त, ऑनलाइन पूजा के नाम पर ठगी; ऐसे हुआ खुलासा