विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 18, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

तीन दिन बैंक ने लौटाया, चौथे दिन कतार में ही महिला की मौत

By Sachin MishraEdited By:
Published: Sun, 18 Jun 2017 09:13 AM (GMT+05:30)Updated: Sun, 18 Jun 2017 03:32 PM (GMT+05:30)

रुपये निकालने आई महिला की बैंक परिसर में ही गिरकर मौत हो गई। इसके विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया।

तीन दिन बैंक ने लौटाया, चौथे दिन कतार में ही महिला की मौत
तीन दिन बैंक ने लौटाया, चौथे दिन कतार में ही महिला की मौत

जागरण संवाददाता, पाटन (पलामू)। पाटन प्रखंड मुख्यालय स्थित एसबीआइ की शाखा में शनिवार दोपहर रुपये निकालने आई सतहे गांव निवासी कैलाश राम की 40 वर्षीय पत्नी बैजयंती देवी की बैंक परिसर में ही गिरकर मौत हो गई। कैलाश राम मजदूरी करने राज्य से बाहर गए हुए हैं और उन्होंने परिवार के खर्चे के लिए पैसे भेजकर सूचित किया था। बैजयंती चार दिनों से 2000 रुपये निकालने के लिए बैंक का चक्कर काट रही थी।

शनिवार को चौथे दिन सुबह-सुबह वह बैंक खुलने से पहले ही पहुंच गई थी। उसके खाते में 6250 रुपये जमा थे। सबसे पहले पहुंचने के बावजूद बैंक में काउंटर के सामने उसे काफी देर तक खड़ा रहना पड़ा। इसी बीच, वह गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मौत की पुष्टि कर दी। इधर, पाटन एसबीआइ शाखा में व्याप्त कुव्यवस्था के खिलाफ आक्रोशित लोगों ने महिला के शव के साथ पाटन-मेदिनीनगर मुख्य पथ को जाम कर दिया।

यहां काफी देर तक धरना-प्रदर्शन चलता रहा। राजद के प्रखंड अध्यक्ष संजय सिंह के साथ अखिलेश पासवान, मुखिया सरोज रानी, नवलेश सिंह, राजेंद्र साव, विजय पासवान, श्यामलाल राम, आरती देवी, विमला देवी, अर्जुन राम, अनुज सिंह समेत दर्जनों लोग रोड पर बैठ गए। सभी ने बैंक के गेट पर बाहर से ताला लगा दिया और प्रबंधक पर प्राथमिकी दर्ज करने, मृतका को मुआवजा देने, बैंक की कार्यप्रणाली की जांच कराने, दलालों से बैंक को मुक्त कराने आदि की मांग की। पुलिस के पहुंचने पर बैंक परिसर से लोग निकले और तब प्रबंधक को भी मुक्त कराया गया।

---

परिजनों ने बैंक प्रबंधन के खिलाफ आवेदन दिया है। इस पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-हीरालाल रवि, डीएसपी, मेदिनीनगर।

यह भी पढ़ेंः किसान की आत्महत्या सरकार की विफलता

यह भी पढ़ेंः मोदी फेस्ट के बहाने मिशन 2019 में जुटी भाजपा