Maiya Samman Yojana: मंईयां सम्मान के पैसे खा रही विभागीय कर्मियों की 'लाडली' बहना, क्या है पूरा 'खेल'
मंईयां सम्मान योजना में बड़ा घोटाला सामने आया है। जामताड़ा के फतेहपुर में विभागीय कर्मियों की मिलीभगत से योजना की राशि को अपने चहेतों के खातों में ट्रांसफर किया जा रहा है। करीब 120 महिलाओं के साथ यह धोखाधड़ी हुई है। जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मामला संज्ञान में आते ही प्रखंड स्तर से इसकी जांच की जा रही है।

मनोज मिश्रा, फतेहपुर (जामताड़ा)। जामताड़ा के फतेहपुर में मंईयां सम्मान योजना (Maiya Samman Yojana) की राशि के गबन का बड़ा मामला उजागर हुआ है। महीनों से मंईयां सम्मान योजना के पैसे मिलने की आस लगाए बैठी सिर्फ फतेहपुर की तकरीबन 120 से ज्यादा महिलाओंं के मोबाइल पर पैसे आने के मैसेज तो आ रहे हैं, लेकिन यह राशि किसी और के खातों में ट्रांसफर हो रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद इसमें विभागीय कर्मियों की मिलीभगत भी सामने आ रही है। शुरुआती जांच से जो खुलासे हो रहे हैं वह और भी चौंकाने वाले हैं।
जांच में क्या पता चला?
जांच में पता चला है कि कुछ विभागीय कर्मियों ने मंईयां सम्मान योजना के नाम पर लाभुक का नाम तो जोड़ दिया, लेकिन यह राशि अपने चहेते और किसी करीबी 'लाडली बहना' के खातों में ट्रांसफर करवा दिए।
आरोप लग रहा कि यह गड़बड़ी प्रखंड के बानरनाचा पंचायत के भीएलई मृत्युंजय चौधरी की मिलीभत से की गई है। भीएलई के माध्यम से 17 लाभुकों के बैंक खाते का नंबर नहीं चढ़ाकर किसी अन्य का बैंक का खाता का नंबर चढ़ा दिया गया और सरकारी राशि का गबन कर लिया गया है।
मामला संज्ञान में आते ही प्रखंड स्तर से इसकी जांच की जा रही है। हालांकि, इस पर संबंधित भीएलई पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
वहीं, मामले में शामिल होने का आरोप लगने के बाद भी संबंधित के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर इस मामले में कई तरह के कयासों के बाजार गर्म होते जा रहे हैं। बताया गया कि भीएलई द्वारा बैंक खाता 476810110007198, 84042209792, 7387746560 व 33809797784 अकाउंट में फर्जी तरीके से राशि ट्रांसफर किए गए हैं।
मोबाइल पर मैसेज आने के बाद हुआ मामले का उद्भेदन:
मामला उजागर तब हुआ जब लाभुकों के मोबाइल में राशि निर्गत होने का मैसेज आया। लेकिन राशि उनके खाते में न जाकर किसी दूसरे व्यक्ति के अकाउंट में जा रहा है। दूमा गांव की एक महिला लाभुक ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि वह मंईयां सम्मान योजना की लाभुक हैं।
उन्होंने अपना खाता संख्या 84031276773 दिया था, लेकिन इस बैंक खाते में राशि नहीं जाकर किसी दूसरे खाते में चला जा रहा है। जिस वजह से उनके मोबाइल पर राशि मिलने का मैसेज तो आता है, लेकिन राशि नहीं मिलती है। महिला ने बताया कि इसकी जांच कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।
इसी तरह दूमा गांव की एक महिला रीता ने भी बताया कि उनके भी मोबाइल में राशि मिलने का मैसेज आया था, लेकिन आज तक उनके खाते में राशि नहीं आई है। जिस वजह से अभी तक मंईयां सम्मान योजना का लाभ से वह वंचित है।
इधर, भीएलई की माता शोभा देवी पति मदन चौधरी ग्राम छोटा आसना जो स्वास्थ्य सहिया है, उसे भी लाभुक बना दिया गया है। चर्चा यह भी है कि पंचायत में एक नाबालिग के नाम पर भी मंईयां सम्मान योजना की राशि जा रही है। इसके अलावा पंचायत के ही लाकड़चीपा गांव में पूजा महरा पति रंजीत महरा मंईयां सम्मान योजना का लाभुक तो है, लेकिन इस नाम की कोई भी महिला इस गांव में है ही नहीं।
क्या हजारों महिलाओं के साथ ऐसा हुआ?
इसी तरह दमयंती देवी ग्राम बावनबांधी पति मनोज महरा इस नाम का भी कोई लाभुक इस गांव में नहीं है। यह सिर्फ बानरनाचा पंचायत का ही मामला नहीं, बल्कि प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में करीब 120 से भी ज्यादा मंईयां सम्मान योजना के लाभुक बनाकर भीएलई के माध्यम राशि गबन करने की बात सामने आ रही है। विश्वस्त विभागीय सूत्रों की मानें तो सही तरीके से पड़ताल हुई तो जिलेभर में यह आंकड़ा हजारों में हो सकता है।
मामला मेरे संज्ञान में आते ही इसकी जांच शुरू कर दी गई है। जांच में अन्य कई मामले भी उजागर हुए हैं। संबंधित पंचायत सचिवों को आरोप लग रहे भीएलई पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। - प्रेम कुमार दास, बीडीओ, फतेहपुर
ये भी पढ़ें- Maiya Samman Yojana: क्या मंईयां सम्मान योजना को लेकर माफी मांगेंगे हेमंत सोरेन? इस महिला नेता ने लगाए कई आरोप
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।