विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाटा स्टील में स्थायी कर्मचारियों के लंच टाइम में बदलाव संभव, टाटा मोटर्स-कमिंस में रविवार को भी होगी ड्यूटी

Published: Fri, 20 Nov 2026 10:32 PM (IST)

टाटा स्टील प्रबंधन और यूनियन स्थायी कर्मचारियों के लिए अलग लंच टाइम पर विचार कर रहे हैं। यह कदम कैंटीन में भीड़ को नियंत्रित करने और कर्मचारियों को बेहतर सुविधा देने के लिए उठाया जा रहा है।

टाटा स्टील प्रबंधन-यूनियन नेतृत्व के बीच हुई ऑनलाइन बैठक।

टाटा स्टील प्रबंधन-यूनियन नेतृत्व के बीच हुई ऑनलाइन बैठक।

HighLights

  1. स्थायी कर्मचारियों के लिए अलग लंच टाइम पर टाटा स्टील में मंथन शुरू।

  2. कैंटीन में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने का है मुख्य उद्देश्य।

  3. टाटा स्टील प्रबंधन और यूनियन मिलकर समाधान पर कर रहे हैं विचार।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील में कार्यरत स्थायी कर्मचारियों के लिए लंच टाइम का समय अलग हो सकता है ताकि कैंटीन में लगने वाली भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। कंपनी प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन नेतृत्व इस पर मंथन शुरू कर दिया है।

टाटा स्टील में 15 बड़े कैंटीन व 104 ट्राली प्वाइंट हैं जहां हर दिन 15 हजार से अधिक स्थायी व ठेका कर्मचारी नाश्ता-खाना खाते हैं। पहले स्थायी व ठेका कर्मचारियों के लिए अलग-अलग कैंटीन की व्यवस्था थी लेकिन कुछ माह पूर्व स्थायी व ठेका कर्मचारियों के लिए एक ही कैंटीन कर दी गई है जिसके कारण भोजन के समय सबसे ज्यादा भीड़ रहती है।

इसके समाधान के लिए पिछले दिनों टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के शीर्षस्थ नेतृत्व ने आनलाइन बैठक की और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया। इसमें यह भी चर्चा हुई कि स्थायी कर्मचारियों के दोपहर का भोजन का समय अलग कर दिया जाए या उन्हें अतिरिक्त समय दिया जाए ताकि वे बाद में भोजन कर सकें।

बैठक में विभागीय चीफ व कमेटी मेंबर इसे लेकर आपसी सहमति से निर्णय भी ले सकते हैं। ऐसे विभिन्न पहलुओं पर प्रबंधन और यूनियन विचार कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही निर्णय लेकर उसे प्रभावी किया जाएगा।

बैठक में कंपनी प्रबंधन की ओर से वाइस प्रेसिडेंट, जमशेदपुर आपरेशंस चैतन्य भानु, चीफ पीपल आफिसर अत्रेयी सान्याल, ग्रुप चीफ आइआर जुबिन पालिया जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष संजीव चौधरी, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह व महासचिव सतीश सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

टाटा मोटर्स-कमिंस में रविवार को भी होगी ड्यूटी

टाटा मोटर्स व टाटा कमिंस के जमशेदपुर प्लांट में रविवार को साप्ताहिक अवकाश के दिन भी ड्यूटी होगी। कंपनी प्रबंधन ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। आदेश में कहा गया है कि बाजार की डिमांड व व्यावसायिक आवश्यकताओं को देखते हुए रविवार को सामान्य दिनों की तरह कर्मचारी ड्यूटी करेंगे।

इसके बदले में उन्हें बाद में छुट्टी दी जाएगी। आदेश के तहत रविवार को सभी डिवीजन व विभाग सामान्य दिनों की तरह कामकाज करेंगे। प्लांट हेड द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जनरल आफिस, कामन सर्विसेज सहित सभी विभाग आवश्यकताओं के अनुसार गतिविधियाें का समन्वय करें और इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें।

यह भी पढ़ें- ट्रेनों के एसी कोच में वाइब्रेशन मोड पर रखें मोबाइल, तेज रिंग टोन बजने पर जुर्माना; रेलवे ने जारी किया नया नियम

यह भी पढ़ें- टाटा स्टील में फेरबदल, लुधियाना प्लांट में 41 अधिकारियों का तबादला;शशांक शेखर बने हेड स्टील मेकिंग

यह भी पढ़ें- कोयला कर्मियों की ग्रेच्युटी 20 से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने की मांग, बांधवगढ़ में इंटक अधिवेशन में मजदूरों के हितों पर चर्चा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।