ट्रेनों के एसी कोच में वाइब्रेशन मोड पर रखें मोबाइल, तेज रिंग टोन बजने पर जुर्माना; रेलवे ने जारी किया नया नियम
भारतीय रेलवे ने ट्रेनों, खासकर एसी कोच में मोबाइल फोन के उपयोग के लिए नए नियम लागू किए हैं। अब तेज रिंगटोन, स्पीकर मोड पर बातचीत या संगीत बजाने पर जुर्माना और जेल हो सकती है।

ट्रेनों में स्पीकर मोड में नहीं कर सकेंगे अब बात।
HighLights
ट्रेनों में स्पीकर मोड पर बात करना प्रतिबंधित।
तेज रिंगटोन बजाने पर अब लगेगा भारी जुर्माना।
यात्रियों की सुविधा हेतु नियमों का सख्ती से पालन।
जागरण संवाददाता, धनबाद। ट्रेनों में सफर के दौरान अब आपको अदब से पेश आना होगा। तेज आवाज में म्यूजिक सुनने, स्पीकर मोड पर वीडियो चलाने पर पहले से ही रोक थी।
अब तेज आवाज में रिंग टोन भी नहीं बजा सकेंगे। मोबाइल के रिंग टोन की आवाज धीमी रखनी होगी या वाइब्रेशन मोड पर रखना होगा। इतना ही नहीं तेज आवाज में बात या स्पीकर मोड पर बात भी नहीं कर सकेंगे।
विशेष रूप से एसी कोच के यात्रियों को इसका विशेष ध्यान रचाना होगा। ऐसा नहीं करने पर इसे नियम तोड़ना माना जाएगा और रेलवे अधिनियम के तहत 1000 रुपये तक का जुर्माना चुकाना पड़ सकता है।
छह माह की जेल भी हो सकती है। रेल परिसर या ट्रेनों में तेज म्यूजिक या वीडियो चलाने पर रोक का नियम पहले से ही लागू है।
यात्रियों को होनेवाली असुविधा के मद्देनजर इसे अब सख्ती से लागू करने के निर्देश जारी किये गये हैं। पूर्व रेल ने सभी मंडलों को इससे जुड़ा पत्र जारी कर यात्रियों के बीच जागरुकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
जरूरी बातें
- यात्रियों को जागरूक करने को होंगी नियमित घोषणाएं
- स्टेशन प्रमुख जगहों एवं एसी कोच में चिपकाये जाएंगे नोटिस और स्टीकर
- यात्रियों को मोबाइल वाइब्रेशन मोड, साइलेंट या तेज आवाज में न रखने की दी जाएगी सलाह
- सक्षम वाणिज्य विभाग कर्मचारी रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें- कोहरे में ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन के लिए कवच और फॉग सेफ डिवाइस का सहारा, रांची-मुरी रेलखंड पर ठंड की तैयारियां