कोहरे में ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन के लिए कवच और फॉग सेफ डिवाइस का सहारा, रांची-मुरी रेलखंड पर ठंड की तैयारियां
रांची-मुरी रेलखंड पर कोहरे में ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन के लिए कवच प्रणाली और फॉग सेफ डिवाइस का उपयोग किया जा रहा है। कम दृश्यता में लोको पायलटों को सहायता देने के लिए तकनीकी उपाय अपनाए जा रहे हैं।

सिग्नल के पास रिफ्लेक्टिव बोर्ड, जरूरत पड़ने पर पटरी पर डेटोनेटर और ट्रेनों के अंतिम डिब्बे में फ्लैशर टेल लाइट की व्यवस्था।
HighLights
कवच प्रणाली रांची-मुरी रेलखंड पर लागू करने की तैयारी।
फॉग सेफ डिवाइस लोको पायलट को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करता है।
कोहरे में ट्रेनों की गति दृश्यता के अनुसार नियंत्रित की जाएगी।
जागरण संवाददाता, रांची। ठंड के मौसम में घना कोहरा रेलवे के लिए ट्रेनों के सुरक्षित और समयबद्ध परिचालन की बड़ी चुनौती बन जाता है। कम दृश्यता के कारण लोको पायलट को दूर से सिग्नल और ट्रैक की स्थिति देखने में परेशानी होती है। इसका असर ट्रेनों की गति और समयबद्धता पर भी पड़ता है।
ऐसे में रेलवे की ओर से कोहरे के दौरान सुरक्षित परिचालन के लिए तकनीकी उपकरणों, परिचालन संबंधी सावधानियों और कर्मचारियों की विशेष निगरानी पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में रांची-मुरी रेलखंड पर कवच प्रणाली लागू करने की तैयारी चल रही है।
इस रेलखंड पर ट्रैक के स्लीपर पर आरएफआइडी टैग लगाए गए हैं और इंजनों में इन्हें पढ़ने के लिए रीडर लगाए जा रहे हैं। इसका ट्रायल भी किया जा चुका है। ट्रैक और इंजन से संबंधित कार्य के बाद स्टेशन स्तर पर जरूरी व्यवस्था तैयार की जाएगी। सभी आवश्यक कार्य और परीक्षण पूरे होने के बाद कवच का नियमित परिचालन शुरू होगा।
कोहरे में सुरक्षित परिचालन के लिए रेलवे फाग सेफ डिवाइस का भी इस्तेमाल करता है। यह जीपीएस आधारित उपकरण है, जिसमें आगे आने वाले सिग्नल, रेलवे क्रासिंग, स्टेशन, गति प्रतिबंध और न्यूट्रल सेक्शन की जानकारी रहती है।
डिस्प्ले के साथ इसमें वायस अलर्ट की सुविधा भी होती है। इससे कम दृश्यता के दौरान लोको पायलट को आगे आने वाले महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी मिलती है। हालांकि, यह उपकरण सिग्नल का रंग नहीं बताता। लोको पायलट को वास्तविक सिग्नल देखकर ही निर्धारित परिचालन नियमों का पालन करना होता है।
कोहरे में दृश्यता के अनुसार नियंत्रित होगी रफ्तार
घने कोहरे में रेलवे ट्रेनों की गति को दृश्यता और निर्धारित परिचालन नियमों के अनुसार नियंत्रित करता है। फाग सेफ डिवाइस उपलब्ध और चालू रहने की स्थिति में निर्धारित अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। डिवाइस उपलब्ध नहीं होने या खराब होने पर अधिकतम गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे कम रखी जाती है।
वास्तविक गति संबंधित सेक्शन की स्थिति और लागू सुरक्षा नियमों पर निर्भर करती है। इसका उद्देश्य कम दृश्यता में सिग्नल की अनदेखी और किसी संभावित दुर्घटना की आशंका को कम करना है।
सिग्नल से पहले लगाए जाते हैं रिफ्लेक्टिव बोर्ड
कोहरे में सिग्नल की पहचान आसान बनाने के लिए रेलवे ट्रैक के किनारे रेट्रो-रिफ्लेक्टिव सिग्मा बोर्ड लगाए गए हैं। इसके अलावा सिग्नल साइटिंग बोर्ड, व्हिसल बोर्ड और फाग सिग्नल पोस्ट पर पीले-काले रंग की चमकीली पट्टियां लगाई गई है।
इन पर पड़ने वाली रोशनी से लोको पायलट को कम दृश्यता में भी संकेतों की पहचान करने में मदद मिलती है। कुछ स्थानों पर सिग्नल के पास ट्रैक पर चूने से निशान भी बनाए गए हैं।
जरूरत पड़ने पर पटरी पर लगाए जाते हैं डेटोनेटर
घने कोहरे में जहां आवश्यक होता है, वहां रेलवे कर्मचारी पटरी पर डेटोनेटर लगाते हैं। इंजन के पहिये से दबने पर इसमें तेज आवाज होती है, जिससे लोको पायलट को आगे सावधान रहने का संकेत मिलता है। इसके बाद उसे निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई करनी होती है। फाग सेफ डिवाइस उपलब्ध और सही तरीके से काम करने की स्थिति में लागू नियमों के अनुसार डेटोनेटर लगाने की आवश्यकता नहीं रहती।
अंतिम डिब्बे पर फ्लैशर टेल लाइट की व्यवस्था
कोहरे के दौरान ट्रेनों की सुरक्षा के लिए अंतिम डिब्बे पर लाल रंग की फ्लैशर टेल लाइट का भी इस्तेमाल किया जाता है। इससे पीछे से आने वाली ट्रेन के लोको पायलट को आगे ट्रेन होने का संकेत मिलता है। जरूरत के अनुसार दिन में भी इसका उपयोग किया जाता है।
इसके साथ ही कोहरे से प्रभावित कुछ रेलखंडों में सिग्नलिंग व्यवस्था और ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने को लेकर विशेष परिचालन निर्देश लागू किए जाते हैं।
रेलवे की ओर से सर्दी शुरू होने से पहले सिग्नल, ट्रैक और फाग सेफ उपकरणों की जांच भी की जाती है। लोको पायलट और सहायक लोको पायलट की काउंसलिंग के साथ परिचालन कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए जाते हैं।
अधिकारियों और सुपरवाइजरों की ओर से निरीक्षण तथा कंट्रोल रूम से ट्रेनों की आवाजाही पर निगरानी रखी जाती है। इन सभी उपायों का उद्देश्य कोहरे के दौरान ट्रेनों का सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करना है।
कोहरे में सुरक्षित परिचालन के लिए फॉग सेफ डिवाइस, रिफ्लेक्टिव सिग्नल बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय किए जाते हैं। दृश्यता के अनुसार ट्रेनों की गति नियंत्रित रखी जाती है। कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। कंट्रोल रूम से निगरानी भी होती है। इसके अलावा रांची-मुरी रेलखंड पर कवच लागू करने की तैयारी चल रही है। आरएफआइडी टैग लगाने और ट्रायल का काम किया गया है।
-करुणा निधि सिंह, डीआरएम, रांची रेल मंडल
यह भी पढ़ें- यूपी बॉर्डर पर झारखंड के इस जिले में मानो अभी चुनाव है...गढ़वा में पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक में सियासी जंग तेज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।