विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी बॉर्डर पर झारखंड के इस जिले में मानो अभी चुनाव है...गढ़वा में पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक में सियासी जंग तेज

Published: Fri, 20 Nov 2026 05:56 PM (IST)

गढ़वा में भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी और झामुमो नेता मिथिलेश ठाकुर के बीच तीखी राजनीतिक जंग छिड़ी है। दोनों नेता एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, जिससे स्थानीय झामुमो जिलाध्यक्ष की कुर्सी भी चली गई है।

भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर पर लगातार हमलावर। (सांकेतिक तस्वीर: एआई जेनरेटेड)

भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर पर लगातार हमलावर। (सांकेतिक तस्वीर: एआई जेनरेटेड)

HighLights

  1. भाजपा विधायक सत्येंद्र तिवारी पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर पर हमलावर।

  2. तिवारी ने ठाकुर पर 5200 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया।

  3. राजनीतिक लड़ाई में झामुमो जिलाध्यक्ष शंभू राम की कुर्सी गई।

अश्विनी रघुवंशी, रांची। उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा पर आबाद गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक हालात ऐसे हैं मानो वहां कल चुनाव होना हो। राजधानी रांची से 225 किमी दूर गढ़वा के भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी झामुमो नेता पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर उर्फ मुन्नू ठाकुर पर लगातार हमलावर हैं।

मिथिलेश ठाकुर पिछली सरकार में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री थे। सत्येंद्र नाथ तिवारी उन पर लगातार आरोपों की झड़ी लगा रहे हैं। आरोप भी बेहद गंभीर। इन्हीं आरोपों के कारण ठाकुर ने तिवारी पर मानहानि का मुकदमा तक कर दिया है।

वैसे, मिथिलेश ठाकुर और उनके समर्थक भी जवाबी वार में पीछे नहीं हैं। हालात ऐसे हैं कि दो राजनेताओं की लड़ाई में गढ़वा के झामुमो जिलाध्यक्ष शंभू राम की भी कुर्सी चली गई है।

सत्येंद्र का प्रहार

महालेखाकार की रिपोर्ट देखिए, पानी के 52 सौ करोड़ पी गए

तीन बार विधायक चुने जा चुके सत्येंद्र नाथ तिवारी का आरोप है कि जनता को पानी पिलाने के 52 सौ करोड़ को तत्कालीन पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर खुद पी गए। यह बात महालेखाकार की रिपोर्ट बोल रही है। कुछ दिन पहले ठाकुर विदेश गए थे। लोग विदेश में काला धन रखते हैं। हो सकता है कि वही करने गए हों।

  • मिथिलेश ठाकुर को नेता नहीं कहिए। ऐसे लोगों को आपराधिक तत्व कहा जाता है। बोलना नहीं चाहता। चाईबासा का पूरा इतिहास पता है। सब कुछ बोलने लगेंगे तो चेहरा छिपाना मुश्किल हो जाएगा।
  • जो लोग मेरा गोत्र पूछते हैं, वे आजतक यही नहीं बता सके हैं कि कहां के रहने वाले हैं। कभी चाईबासा, कभी चतरा तो कभी गढ़वा को अपना बताते हैं। गलथेथरई करते रहते हैं।
  • बोलते हैं कि गढ़वा में विकास रूका है। बगल के भवनाथपुर में तो झामुमो विधायक हैं। वही काम दिखाइए ना। इस सरकार के पास बीड़ी पीने का भी पैसा नहीं है। सब दो नंबरिया होगा तो राजस्व कहां से आएगा।
  • मुझे दूसरे के घरों में झांकने का शौक नहीं है। किसी ब्राह्मण ने ईसाई महिला से विवाह किया। जनप्रतिनिधि के नाते जानना चाहिए कि धर्मांतरण हुआ है या नहीं। अवैध धर्मांतरण नहीं हो, इसके लिए नजर तो रखेंगे।

मिथिलेश ठाकुर का पलटवार

हजारों करोड़ खोज दीजिए और दो सौ करोड़ का ईनाम लीजिए

पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर का दावा है कि सत्येंद्र नाथ तिवारी से भाजपा के बड़े नेता भी खुश नहीं हैं। बेसिर-पैर की बातें बोलते रहते हैं। रात के सपने में भी उन्हें मुन्नू ठाकुर दिखते रहते हैं तो क्या किया जाय। हजारों करोड़ का आरोप लगा रहे हैं। इतनी बड़ी रकम को खोज दीजिए और उसमें से दो सौ करोड़ का ईनाम लीजिए।

  • विधायक रहते उन्होंने जो काम किया हैं, वो सब जानते हैं। धार्मिक उन्माद फैला कर भाजपा किसी तरह चुनाव जीत गई थी। सतेंद्र तिवारी ने झूठे वायदे किए थे, वो पूरा नहीं हो रहे है। अब झूठे आरोप लगाते रहते हैं।
  • सार्वजनिक तौर पर कई बार कहा हूं कि वो मूलत: बिहारी हैं। पैदाइशी झारखंडी हैं। सत्येंद्र तिवारी को अपना गोत्र बताना चाहिए। गोत्र बताने पर झामुमो नेता ने एक करोड़ का पुरस्कार देने की घोषणा की हुई है।
  • पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के शीर्ष नेताओं से लेकर सतेंद्र नाथ तिवारी ने गढ़वा के विकास को लेकर जो वायदे किए थे, लोग भूले नहीं हैं। इधर-उधर मत घुमाइए। जनता का काम कराइए।
  • सत्येंद्र तिवारी ऐसे जनप्रतिनिधि हैं जो दूसरे के घरों के भीतर झांकते रहते हैं। किसकी कितनी पत्नी है? कौन क्या कर रहा है? यही बोलते रहते हैं। इतनी निचले स्तर की राजनीति शायद ही कोई करेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।