झारखंड के इस जिले में तेजी से बढ़ रहे कुष्ठ रोग के मरीज, 5 दिन में 2896 संदिग्धों की हुई पहचान
पूर्वी सिंहभूम जिले में कुष्ठ रोग का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान के तहत पांचवें दिन कुष्ठ रोगी खोज अभियान के तहत कुल 8 लाख 32 हजार 920 लोगों की शारीरिक जांच हुई। इसमें 890 संदिग्ध मरीज मिले हैं। इन संदिग्धों को अब नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में जांच के लिए भेजा जाएगा। कुष्ठ रोग का लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। कुष्ठ रोग के खिलाफ सरकार लगातार लड़ रही है। कुष्ठ रोग को लेकर लोगों को लगातार जागरुक किया जा रहा है।
पूर्वी सिंहभूम जिले में भी कुष्ठ के खिलाफ अभियान जारी है। जिले में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान सह द्वितीय चरण कुष्ठ रोग खोज अभियान की शुरुआत की गई है। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर पांचवें दिन कुष्ठ रोगी खोज अभियान के तहत कुल 8 लाख 32 हजार 920 लोगों की शारीरिक जांच हुई।
इसमें 890 संदिग्ध मरीज मिले, जिन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में उचित जांच कराने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद कुछ मरीज जांच कराने पहुंचे तो 14 में कुष्ठ की पुष्टि हुई, जिन्हें एमडीटी दवा शुरू की गई। वहीं, बाकी संदिग्धों को भी जल्द से जल्द जांच कराने का निर्देश दिया गया है।
इस तरह पांच दिनों में कुल 2896 संदिग्ध मरीजों की पहचान हो चुकी है। शुक्रवार को जांच अभियान के दौरान सबसे अधिक चाकुलिया में 157 संदिग्ध मरीज मिले।
कुष्ठ के प्रति लोगों को जागरूक करते स्वास्थ्य विभाग की टीम।
इससे पूर्व भी पांच फरवरी को चाकुलिया में सबसे अधिक 134 संदिग्ध मरीज मिले थे। जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने कहा कि अभी कुष्ठ रोगी खोज अभियान जारी रहेगा।
ऐसे में जिन लोगों में भी लक्षण सामने आएं, उसकी जांच अवश्य कराएं। जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धाउड़िया ने बताया कि कुष्ठ रोगियों को उनके चिकित्सीय अवधि के दौरान प्रत्येक माह 500 रुपये उनके बैंक खाते में दिया जा रहा है।
वहीं, कुष्ठ रोगियों के घरवालों को भी डॉक्टर के द्वारा जांच कराने से 100 रुपये प्रति व्यक्ति दिया जा रहा है।
इन प्रखंडों में जांच तेज करने का निर्देश
कुष्ठ रोगी खोज अभियान की समीक्षा शुक्रवार को सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने की। उन्होंने कहा कि अभी तक कुल 14 कुष्ठ मरीजों की पुष्टि हुई है। वहीं, एक ग्रेड-1 के मरीज मिले हैं।
सिविल सर्जन ने कहा कि बहरागोड़ा, मुसाबनी, डुमरिया, पोटका, जुगसलाई तथा पटमदा में संदिग्ध कुष्ठ रोगियों की खोज एवं उनके स्क्रीनिंग बहुत धीमी गति से चल रही है।
उन्होंने सभी संबंधित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को सहियाओं के द्वारा संदिग्ध मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में भेजकर जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है।
शुक्रवार को किस प्रखंड में कितने मरीज मिले
प्रखंड | संदिग्ध मरीज |
चाकुलिया | 157 |
बहरागोड़ा | 17 |
धालभूमगढ़ | 133 |
घाटशिला | 85 |
मुसाबनी | 77 |
डुमरिया | 49 |
पोटका | 101 |
जुगसलाई | 108 |
पटमदा | 79 |
शहरी क्षेत्र | 84 |
किस दिन कितने संदिग्ध मरीज मिले
तिथि | कुल संदिग्ध मरीज |
पहला दिन | 96 |
दूसरा दिन | 465 |
तीसरा दिन | 669 |
चौथा दिन | 776 |
पांचवा दिन | 890 |
यह भी पढ़ें-
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।