NIT Jamshedpur में रिकार्ड 94.49 प्रतिशत प्लेसमेंट, यूके की कंपनी ने जमशेदपुर की फैजा को किया 60 लाख के पैकेज में लॉक
NIT Jamshedpur एनआईटी जमशेदपुर में ऑनलाइन व ऑफलाइन प्लेसमेंट हुआ इसमें 210 कंपनियों ने भाग लिया। इसमें यूजी में सर्वाधिक पैकेज 60 लाख का मिला तथा पीजी में 45 लाख का। एनआईटी निदेशक ने चयनित स्टूडेंट्स को बधाई दी।

वेंकटेश्वर राव, जमशेदपुर। एनआईटी जमशेदपुर में शैक्षणिक सत्र 2018-22 में यूजी में रिकार्ड प्लेसमेंट हुआ है। कोविड के बावजूद इस संस्थान में यूजी के छात्रों का 94.49 प्रतिशत प्लेसमेंट हुआ। इस सत्र के छात्रों की परीक्षा भी समाप्त हो गई है। एक माह के अंदर इनके परिणाम भी आ जाएंगे।
549 छात्रों को विभिन्न कंपनियाें ने लॉक किया
एनआईटी में ओवरआल प्लेसमेंट की बात करें तो 581 छात्रों ने प्लेसमेंट के लिए इस शैक्षणिक वर्ष 2021-22 में निबंधन कराया था। इसमें 549 छात्रों को विभिन्न कंपनियाें ने लॉक किया। इन छात्रों को कुल 753 ऑफर मिले। ओवरआल उच्चत्तम पैकेज 60 लाख रहा। इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग की छात्रा फैजा आनम को यह पैकेज यूके की कंपनी गोल्डमेन सैश ने दिया है। यह फाइनांस कंपनी है। फैजा जमशेदपुर की रहने वाली है। इसके बाद कंप्यूटर साइंस के एक छात्र को सर्वाधिक 56 लाख का पैकेज यूएसए की कंपनी अटलासियन ने दिया है। भारत में इसका मुख्यालय बेंगलुरू में हैं। यूजी का औसत पैकेज 13.2 लाख प्रतिशत वर्ष है।
पीजी में 45 लाख का पैकेज
पीजी शैक्षणिक सत्र 2020-22 के छात्रों का अंतिम वर्ष चल रहा है। इसमें अब तक एमसीए का एक छात्र 45 लाख प्रति वर्ष के पैकेज पर लाक हुआ है। पीजी अब तक 302 छात्रों ने प्लेसमेंट के लिए निबंधन कराया था। इसमें से 142 छात्रों का प्लेसमेंट हो चुका है। इन चयनित छात्रों को कुल 190 ऑफर आए थे। अब तक के प्लेसमेंट का प्रतिशत 47.33 प्रतिशत है। इस सत्र के 40 प्रतिशत इंटर्नशिप भी कर रहे हैं। एनआइटी जमशेदपुर के प्लेसमेंट प्रभारी प्रोफेसर अनिल कुमार चौधरी ने कहा- इस वर्ष कई नामी गिरामी कंपनियों ने संस्थान पर भरोसा जताया है। पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत प्लेसमेंट में बढ़ोत्तरी भी हुई है।
निदेशक ने दी चयनित छात्र छात्राओं को शुभकामनाएं
प्लेसमेंट में बढ़ोत्तरी और नामी-गिरामी कंपनियों के आने से संस्थान का आत्मविश्वास बढ़ा है। छात्रों के लिए यह फायदेमंद है। 95 प्रतिशत प्लेसमेंट के लिए प्लेसमेंट विभाग व हमारे छात्र व प्राध्यापक बधाई के पात्र है। छात्रों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं। - प्रोफेसर करुणेश कुमार शुक्ला, निदेशक, एनआइटी जमशेदपुर।
210 कंपनियों ने एनआईटी जमशेदपुर में किया ऑफलाइन व ऑनलाइन प्लेसमेंट
एनआईटी जमशेदपुर में वर्ष 2021-22 में 210 कंपनियों ने ऑनलाइन व ऑफलाइन प्लेसमेंट किया। इसमें अटलासियन, गोल्डमेन शेख्स, अमेजन, टाटा ग्रुप की कंपनियां, डंजो, बजाज, माइक्रोसाफ्ट, जिंदल जैसी नामी गिरामी कंपनियां शामिल थी। इसमें यूजी में सर्वाधिक पैकेज 60 लाख का मिला तथा पीजी में 45 लाख का। यूजी की बात करें तो सभी ब्रांच में 90 प्रतिशत से उपर प्लेसमेंट हुआ है। सिविल व मेकेनिकल ब्रांच के छात्रों को भी अच्छी खासी पैकेज मिली है।
यूजी प्लेसमेंट की मुख्य बातें
प्लेसमेंट के लिए निबंधित छात्रों की संख्या : 581
चयनित छात्रों की संख्या : 549
ऑफर करने वाली कंपनियों की कुल संख्या : 753
ओवरआल प्लेसमेंट का प्रतिशत : 94.49
ओवरआल उच्चतम सीटीसी : 56 (लाख प्रति वर्ष)
ओवरआल औसत सीटीसी : 13.2 (लाख प्रति वर्ष)
ओवरआल मीडियन सीटीसी : 9.50 (लाख प्रति वर्ष)
50 लाख प्रति वर्ष पाने वाले छात्रों की कुल संख्या : 06
30 लाख प्रति वर्ष पाने वाले छात्रों की कुल संख्या : 27
10 लाख प्रति वर्ष पाने वाले छात्रों की कुल संख्या : 252
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।