50 से 60 वर्ष उम्र के 40 प्रतिशत लोगों में प्रोस्टेट की समस्या, समय पर कराएं इलाज
लगभग 30 से 40 प्रतिशत लोग प्रोस्टेट की समस्या से ग्रस्त होते हैं। वहीं 60 के बाद लगभग 50 प्रतिशत लोग इस बीमारी से ग्रस्त हो जाते हैं। अभी भी इस बीमारी को लेकर जागरूकता का अभाव है जिसके कारण सही समय पर बीमारी की पहचान नहीं हो पाती।

जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। रात में सोने के दौरान अगर आपको बार-बार पेशाब की समस्या होती है या फिर पेशाब में जलन होता है तो उसे नजरअंदाज नहीं करें। खासकर जिनकी उम्र 50 से अधिक हो चुकी है। क्योंकि यह प्रोस्टेट के प्रमुख लक्षणों में शामिल हैं। उक्त बातें शहर के जाने-माने पथरी, प्रोस्टेट एवं मूत्र रोग विशेषज्ञ डा. संजय जौहरी ने कहीं। वह दैनिक जागरण के लोकप्रिय कार्यक्रम प्रश्न-प्रहर में उपस्थित होकर लोगों को उनके सवालों का जवाब दे रहे थे। डा. संजय जौहरी ने कहा कि उम्र 50 के बाद प्रोस्टेट की समस्याएं शुरू हो जाती है। उम्र 50 से 60 के बीच
लगभग 30 से 40 प्रतिशत लोग प्रोस्टेट की समस्या से ग्रस्त होते हैं। वहीं, उम्र 60 के बाद लगभग 50 प्रतिशत लोग इस बीमारी से ग्रस्त हो जाते हैं। हालांकि लोगों में अभी भी इस बीमारी को लेकर जागरूकता का अभाव है, जिसके कारण सही समय पर बीमारी की पहचान नहीं हो पाती और प्रोस्टेट की समस्या और भी अधिक बढ़ जाती है। डा. संजय जौहरी से लोगों की बातचीत का प्रमुख अंश....।
सवाल : पेशाब पीला होता है। क्या करें। अरुण कुमार, मानगो
जवाब : पानी कम पीने से इस तरह की समस्या होती है। पानी की मात्रा बढ़ाएं। दिनभर में सात से आठ ग्लास पानी पीएं। इसके बावजूद भी ठीक नहीं हो फिर आप दिखाएं।
- दो साल पूर्व प्रोस्टेट का आपरेशन हुआ था। उसके बाद अब फिर से बार-बार पेशाब की शिकायत है। क्या करें। जयनंदन प्रसाद, मानगो।
जवाब : इलाज में देरी होने से इस तरह की परेशानी होती है। बेहतर होगा कि आप किसी मूत्र रोग विशेषज्ञ से दिखाएं। ठीक हो जाएगा। घबराने की जरूरत नहीं हैं।
- पेशाब करने के लिए काफी जोर लगाना पड़ता है। उसके बाद भी काफी धीरे-धीरे होता है। रामचंद्र प्रसाद, गाढ़ाबासा।
जवाब : यह प्रोस्टेट की समस्या है। किसी यूरोलाजिस्ट से दिखाएं। उसके बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है।
- गाल ब्लैडर में स्टोन था। इसका आपरेशन दो साल पूर्व हुआ था। उसके बाद से कब्ज की शिकायत शुरू हो गई है। साधना चक्रवर्ती, कदमा।
जवाब : आपरेशान के बाद किसी-किसी को यह समस्या होती है लेकिन इतने दिनों तक नहीं रहती है। आप एक बार इसबगोल का सेवन करें। इससे राहत मिलेगी। अगर ठीक न हो तो किसी चिकित्सक से दिखाएं।
- किडनी में पथरी हो गया है। क्या आपरेशन कराना होगा। कार्तिक प्रमाणिक, चांडिल
जवाब : पथरी का साइज देखकर ही कहा जा सकता है कि आपरेशन करना होगा या नहीं।
- पथरी की समस्या क्यों होती है। राधिका देवी, गम्हरिया।
जवाब : पथरी होने का दो प्रमुख कारण है। पहला कम पानी पीना और दूसरा मीट-मसाला का सेवन अधिक करना। इससे बचना चाहिए।
- पेशाब ठीक ढंग से नहीं हो पाता है। केएन ठाकुर, मानगो।
जवाब : यह प्रोस्टेट की समस्या है। दवा से ठीक हो जाएगा। आप एक बार आकर दिखाएं।
- पेट में हमेशा दर्द होता है। क्या करें। पपाई चक्रवर्ती, कदमा
जवाब : दर्द लगातार हो रहा है तो उसे नजरअंदाज नहीं करें। अल्ट्रासाउंड कर के देखना होगा।
- जयपुर में प्रोस्टेट का आपरेशन कराएं थे। अब फिर से पेशाब में जलन शुरू हो गया है।
जवाब : इंफेक्शन की वजह से भी पेशाब में जलन होता है। बेहतर होगा कि आप एक बार दिखा लेें।
- 12 साल का बच्चा है। वह रात में कई बार पेशाब करने जाता है। क्या करें। दिनेश सिंह, छोटा गोविंदपुर।
जवाब : अगर कुछ दिनों से यह परेशानी है तो उसका कारण इंफेक्शन भी हो सकता है। लेकिन लगातार हो रहा है तो वह देखना होगा। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
- पैर के तलवे में जलन की समस्या होती है। केसी मंडल, ट्राफिक कालोनी।
जवाब : विटामिन की कमी के कारण भी इस तरह की समस्या होती है।
- रोजाना कितने पानी पीना चाहिए। शालीग्राम दूबे, सोनारी
जवाब : एक सामान्य व्यक्ति को रोजाना सात से आठ ग्लास पानी पीने चाहिए। इसके अलावा साकची से प्रियंका सिंह, बिष्टुपुर से मनोज सिह, बारीडीह से बबलू श्रीवास्तव सहित अन्य लोगों ने भी पूछें सवाल।
- प्रोस्टेट क्या है
प्रोस्टेट एक ग्लैंड (ग्रंथि) है, जो व्यक्ति की पेशाब नली से जुड़ी होती है। प्रोस्टेट ग्रंथि के बढऩे से मरीज को पेशाब करने में परेशानी होने लगती है। पेशाब के दौरान उन्हें जलन होने लगती है। यह प्रोस्टेट समस्या का प्राथमिक लक्षण है। इस बीमारी के दौरान मरीज की पेशाब में कभी-कभी बदबू भी आने लगती है। अक्सर रात में मरीज को पेशाब का आना महसूस होता है, लेकिन जब मरीज पेशाब करने जाता है तो उसे बहुत कम या कभी-कभार पेशाब नहीं भी होती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।