Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रामदास सोरेन के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर, मुख्यमंत्री समेत इन नेताओं ने जताया दुख

    Updated: Sat, 16 Aug 2025 12:29 AM (IST)

    झारखंड के स्कूली शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का दिल्ली के अस्पताल में निधन हो गया। वे बाथरूम में फिसलकर गिरने से घायल हो गए थे जिसके बाद उन्हें दिल्ली ले जाया गया था। झामुमो नेता सोरेन घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके निधन को राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।

    Hero Image
    रामदास सोरेन के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। झारखंड के स्कूली शिक्षा व निबंधन मंत्री और घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामदास सोरेन का शुक्रवार को दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में निधन हो गया।

    62 वर्षीय झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता दो अगस्त को अपने जमशेदपुर स्थित आवास के बाथरूम में फिसलकर गिर गए थे, जिसके कारण उनके सिर में गंभीर चोट लगी और मस्तिष्क में रक्तस्त्राव (ब्रेन हेमरेज) हुआ।

    इसके बाद उन्हें तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली के अपोलो अस्पताल ले जाया गया। वहां 13 दिनों तक जीवन रक्षक प्रणाली (लाइफ सपोर्ट) पर रहने के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और अंततः उन्होंने दम तोड़ दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने एक्स पर एक भावुक पोस्ट में उनके निधन की पुष्टि करते हुए कहा, "उनके लाखों चाहने वालों, शुभचिंतकों, कर्मठ कार्यकर्ताओं, स्कूली शिक्षा व निबंधन विभाग के सहयोगियों और हम सबके लिए यह एक व्यक्तिगत और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने सोरेन को बचाने के लिए दिन-रात प्रयास किया।"

    शोक की लहर और नेताओं की प्रतिक्रिया

    रामदास सोरेन के निधन की खबर से झारखंड की राजनीति और उनके गृह क्षेत्र घाटशिला में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, "रामदास सोरेन का जाना झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। वे एक जमीन से जुड़े नेता थे और शिक्षा के विकास के लिए हमेशा समर्पित रहे।"

    पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी और कहा था कि उन्होंने अपोलो अस्पताल के निदेशक से बात कर बेहतर इलाज सुनिश्चित किया।

    स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने एक्स पर लिखा, "हमारे बड़े भाई रामदास सोरेन की हालत गंभीर थी, लेकिन हमने उम्मीद नहीं छोड़ी थी। उनका जाना एक बड़ा नुकसान है।

    घाटशिला के पूर्व विधायक सह कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि ये अत्यंत दुखद समाचार है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। शोकाकुल परिवार को भगवान इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करे।

    जमशेदपुर लोकसभा के सांसद विद्वुत वरण महतो ने कहा कि झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के समाचार से गहरा दुख हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों, सहयोगियों और समर्थकों को यह दुख सहने की शक्ति दें। राज्य की शिक्षा व्यवस्था और जनसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान अमूल्य रहा है, जिसे झारखंड सदैव याद रखेगा।

    झारखंड के गवर्नर ने X पर लिखा, "स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री श्री रामदास सोरेन जी के आकस्मिक निधन का समाचार सुनकर मैं अत्यंत मर्माहत हूँ। उनका जाना राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।"

    अंतिम संस्कार की तैयारियां

    परिवार और पार्टी सूत्रों के अनुसार, रामदास सोरेन के पार्थिव शरीर को रांची लाया जाएगा, जहां अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद उनके पैतृक गांव घोड़ाबांधा से अंतिम संस्कार किया जाएगा

    झारखंड की राजनीति पर प्रभाव

    रामदास सोरेन का निधन झामुमो और झारखंड की राजनीति के लिए एक बड़ा झटका है। खासकर कोल्हान क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ और जनता के बीच लोकप्रियता ने उन्हें एक महत्वपूर्ण नेता बनाया था। चंपाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने के बाद झामुमो ने उन्हें कोल्हान में बड़ा नेतृत्व सौंपा था, जिसे अब भरना चुनौतीपूर्ण होगा।

    राज्य भर में उनके चाहने वालों और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उनके योगदान को शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में हमेशा याद रखा जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।

    यह भी पढ़ें- Ramdas Soren News: झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन, दिल्ली के अपोलो अस्पताल में ली अंतिम सांस