Ranji Trophy: कीनन में झारखंड की करारी हार, हरियाणा ने एक पारी और 205 रन से हराया; जयंत यादव-निशांत चमके
Ranji Trophy जयंत यादव और निशांत की घातक गेंदबाजी की बदौलत हरियाणा ने कीनन स्टेडियम में खेले गए रणजी ट्रॉफी के मुकाबले में मेजबान झारखंड को एक पारी व 205 रन से पराजित कर सात अंक हासिल कर लिया। हरियाणा ने पहली पारी में 509 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में पहली पारी में झारखंड की टीम 119 रन पर सिमट गई।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जयंत यादव और निशांत की घातक गेंदबाजी की बदौलत हरियाणा ने कीनन स्टेडियम में खेले गए रणजी ट्रॉफी के मुकाबले में मेजबान झारखंड को एक पारी व 205 रन से पराजित कर सात अंक हासिल कर लिया।
हरियाणा ने पहली पारी में 509 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में पहली पारी में झारखंड की टीम 119 रन पर सिमट गई। फॉलोआन के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुई। दूसरी पारी में भी 185 रन में सिमट गई।
शुरुआत से ही बैकफुट पर दिखी झारखंड टीम
रविवार को भी झारखंड की दूसरी पारी की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज विकास विशाल को अंशुल कंबोज ने पारी के तीसरे ही ओवर में अंकित कुमार के हाथों पेवेलियन भेज दिया। उसके बाद उत्कर्ष सिंह व कुमार सूरज ने मिलकर दूसरे विकेट की साझेदारी में 56 रन जोड़कर पारी को आगे बढ़ाने का प्रयास किया।
हालांकि, सात चौके के साथ 53 रन बनाने वाले उतकर्ष को जयंत यादव ने बोल्ड कर दिया। इस झटके से झारखंड उबर भी नहीं पाया था कि कुमार सूरज (43) को राहुल तेवतिया ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद झारखंड की टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई।
सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए
अनुकूल राय व शाहबाज नदीम ने 21-21 रन बनाकर पारी को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। वहीं, सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा स्पर्श करने का साहस भी नहीं जुटा पाए।
हरियाणा की ओर से जयंत यादव सबसे घातक गेंदबाज साबित हुए, जिन्होंने 21 ओवर में 55 रन देक पांच विकेट लिए। निशांत सिंधू ने जयंत का अच्छा साथ दिया और 12.4 ओवर में 39 रन देकर तीन विकेट लिए। अंशुल कंबोज व राहुल तेवतिया को एक-एक विकेट मिला।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।