विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand Rain Photos: झारखंड में बीते 40 घंटे से तेज बारिश, कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराया

Published: Thu, 19 Jun 2025 11:16 AM (IST)Updated: Thu, 19 Jun 2025 01:44 PM (IST)

झारखंड के जमशेदपुर समेत दूसरे इलाकों में पिछले 40 घंटों से लगातार बारिश हो रही है जिससे स्वर्णरेखा और खरकाई ...और पढ़ें

बारिश से जलमग्न हुए कई निचले इलाके। (फोटो जागरण)
बारिश से जलमग्न हुए कई निचले इलाके। (फोटो जागरण)

जागरण टीम, जमशेदपुर/घाटशिला/चाईबासा। Jharkhand Weather Rain Photos: झारखंड में पिछले 40 घंटों से जमशेदपुर में लगातार बारिश हो रही है, जिससे स्वर्णरेखा और खरकाई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।

सोनारी, कदमा और बागबेड़ा के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। चांडिल डैम का जलस्तर भी चिंताजनक स्तर पर पहुंच गया है, जिसके चार गेट खोले गए हैं।

ओडिशा के व्यांगबिल डैम खुलने से स्थिति और गंभीर हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक भारी बारिश की चेतावनी दी है।

टाटानगर के आउटर लोको केबिन के आसपास के रेलवे ट्रैक पर जमा पानी।

जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और नदियों से दूर रहने की सलाह दी है। राहत टीमें तैयार हैं। 40 घंटे से जमशेदपुर में लगातार बारिश हो रही है।

जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। स्कूल खुले रहने से बच्चों एवं अभिभावकों की परेशानी बढ़ गई है। कई स्कूलों में पानी रिस रहा है। सड़के जलमग्न हो गई है।

जमशेदपुर में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने प्रशासन की पोल खोल दी है।

दो से पांच फीट तक जल जमाव हो गया है। सड़क पर चलत समय वाहन का आधा हिस्सा पूरी तरह डूब जा रहा है। निचले इलाकों में बने घरों में वर्षा का पानी घुस गया है। घरों में घुसे हुए पानी को लोग निकालने में लगे हैं।

घाटशिला: बारिश से गालूडीह बराज डैम का जलस्तर बढ़ा, रेड अलर्ट

बीते रोज से लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के नदी व पहाड़ी नाले उफान पर है। बारिश के कारण जनजीवन पर असर पड़ने लगा। कई मोहल्लों में जलजमाव से लोग घरों में रहने को मजबूर है।

रेलवे के कई अंडरपास के नीचे भारी जलजमाव के कारण यातायात में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा।

बारिश का यातायात व्यवस्था पर भी असर देखने को मिला। सड़कों पर छोटे वाहन नहीं के बराबर चले। तेज बारिश के कारण लोग घरों में ही दुबके हुए है।

चाईबासा शहर के गांधी टोला, राजस्थान भवन, मत्स्य विभाग, बड़ी बाजार, नीमड़ीह, रो रो नदी में लगातार हो रही बारिश के कारण जल जमाव की स्थिति। कई दुकानों में घुसा बरसात का पानी।

गालूडीह डैम के 18 में 17 फाटक खोले गए

लगातार हो रहे बारिश के कारण गालूडीह बराज डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। इसके कारण डैम के 18 में 17 फाटक को खोल दिया गया।

डैम के आसपास के गांव में रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। लोगों को डैम के नजदीक व स्वर्णरेखा नदी के किनारे न जाने की सलाह दी गई है।

सातगुरूम पुल के उपर पहुंचा पानी,झारखंड-बंगाल का संपर्क कटा

पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह के बार्डर क्षेत्र सातगुरूम में झारखंड-बगाल बार्डर पर अवस्थित सातगुरूम पुल के उपर से पानी बहने लगा है।

लगातार हो रहे बारिश के कारण पहाड़ों से तेजी से बारिश का पानी नीचे उतरने लगा है। इसके कारण सातगुरूम नाला में पानी का प्रवाह काफी तेज हो गया।

नाले के ऊपर बने पुल से होकर तेज बहाव में पानी जाने के कारण पुल से आवागमन बाधित हो गया। जिससे झारखंड व बंगाल का संपर्क उक्त मार्ग से कट गया।

दोनों छोर पर गाड़ियां खड़ी हुई है। चाकुलिया में रेलवे अंडरपास के नीचे पानी भर जाने के कारण आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है।

चाईबासा: बुधवार को 128MM और 3 दिन में 180 MM हुई बारिश

इधर, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब के कारण पश्चिम सिंहभूम जिले में पिछले 40 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण चाईबासा शहर की स्थिति अस्त-व्यस्त हो गई है। चाईबासा के निचले इलाके में रहने वाले लोगों के घरों और दुकानों में पानी भर गया है।

घाटशिला: भारी बारिश से चाकुलिया रेलवे अंडरपास में हुए जल जमाव में फंसी एंबुलेंस।

राजस्थान भवन के पास जल जमाव की स्थिति नजर आ रही है। आधा दर्जन से अधिक दुकानों और होटल में बरसात की पानी घुस गया है।

जिला मत्स्य विभाग कार्यालय के मुख्य द्वार समेत पूरे परिसर में पानी जमा हो गया है। जिससे विभाग आने वाले कर्मी 2 से 3 फिट पानी में चलकर कार्यालय पहुंच रहे हैं।

घाटशिला: मुसाबनी में मुख्य सड़क पर टूटकर गिरा विशाल पेड़।

गांधी टोला में पेयजल विभाग के पास सड़क पर 3 से 4 फीट पानी जमा हुआ है। पानी को निकालने के लिए नगर परिषद की ओर से जेसीबी लगाकर स्थिति को सुधारने का प्रयास किया जा रहा है। यही स्थिति नीमडीह, बड़ी बाजार, गुरुद्वारा रोड आदि क्षेत्र में भी देखने को मिल रही है।

लगातार हो रही वर्षा के कारण रो-रो नदी का जलस्तर भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। पैदल जाने के लिए इस्तेमाल होने वाले अंडरपास में भी पानी भर चुका है, उनके ऊपर भी नदी का पानी है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को जिला प्रशासन के द्वारा सुरक्षित स्थान जाने का निर्देश दिया गया है।

जिला प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के निर्देश भी दिए जा रहे हैं। साथ ही प्रशासन के के पदाधिकारी भी जल जमाव की स्थिति पर नजर जमाए हुए हैं।

जिला प्रशासन की ओर से निचले इलाके में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान में जाने के निर्देश देने के साथ-साथ लोगों को घरों से नहीं निकलने का निर्देश भी दिया गया है।

कृषि विभाग के अनुसार पिछले तीन दिन में 180 मिली मीटर वर्षा रिकार्ड की गई है। सिर्फ बुधवार को ही 129 मिली मीटर से अधिक वर्षा जिला में हुई है।

लगातार हो रही वर्षा के बीच बिजली विभाग की नाकामी भी दिख रही है। शहरी क्षेत्र में भी कट कट कर बिजली दी जा रही है। जबकि ग्रामीण क्षेत्र में बुधवार रात से ही बिजली गुल है।

झारखंड की राजधानी रांची समेत दूसरे जिलों के मौसम का ताजा हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें।