विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर हादसा: रात को साथ खाना खाया, सुबह बेटे के न रहने की खबर मिली, नमन के पिता का छलका दर्द

By Ch Rao Edited By: Sanjeev Kumar
Published: Fri, 25 Sep 2026 01:50 AM (IST)

जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव पर हुए सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। नमन और सार्थक जैसे ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सार्थक के माता-पिता केदारनाथ यात्रा छोड़ बेटे की मौत पर लौटे।

  2. नमन और सार्थक दोनों पढ़ाई व खेल में होनहार छात्र थे।

जासं, जमशेदपुर। सोनारी मरीन ड्राइव सड़क हादसे ने कई हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। सबकुछ एक पल में तिनके की तरह बिखर गया। 
 
रात तक जिस बेटे के साथ पिता ने दुकान बंद की, घर लौटकर खाना खाया और उसे ऑनलाइन क्लास में पढ़ाई करते देखा, वही बेटा सुबह इस दुनिया में नहीं रहा। इस असहनीय दर्द को बयां करते हुए मृतक छात्र नमन के पिता राजीव गुप्ता का कलेजा कांप उठा।
 

ऑनलाइन क्लास के बाद दोस्तों से मिलने निकला था नमन 

बिष्टुपुर में इलेक्ट्रिक व बेकरी शॉप चलाने वाले राजीव गुप्ता ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे उन्होंने बेटे नमन के साथ दुकान बंद की।
 
11:30 बजे घर पहुंचकर सबने साथ खाना खाया। इसके बाद नमन अपनी ऑनलाइन क्लास करने लगा। नमन और उसके सभी दोस्त पढ़ाई में काफी होनहार थे।
 
पढ़ाई के बाद परिवार सो गया, लेकिन नमन देर रात कब कार में दोस्तों से मिलने निकल गया, किसी को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब दुर्घटना की खबर मिली तो पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
 

केदारनाथ के रास्ते से लौटे सार्थक के माता-पिता 

हादसे में जान गंवाने वाले सोनारी कांट्रेक्टर एरिया निवासी सार्थक के पिता चेतन अग्रवाल और उनकी पत्नी केदारनाथ यात्रा के लिए निकले थे।
 
हरिद्वार पहुंचते ही जब उन्हें बेटे की मौत की सूचना मिली, तो वे तुरंत दिल्ली पहुंचे और वहां से फ्लाइट पकड़कर रांची आए। देर रात वे सड़क मार्ग से जमशेदपुर पहुंचे। शुक्रवार को सार्थक का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
 
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, सार्थक एक होनहार बास्केटबॉल और क्रिकेट खिलाड़ी था। वह कार्मेल स्कूल की ओर से आईसीएसई राष्ट्रीय जूनियर प्रतियोगिता और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व कर चुका था। 
 
सार्थक के पिता वाणिज्य कर अधिवक्ता हैं, जबकि उसके बड़े पिता का निधन कोविड काल में हो गया था। सार्थक का एक छोटा भाई भी कार्मेल स्कूल में पढ़ता है। एक होनहार खिलाड़ी और पढ़ाई में अव्वल बच्चों की इस अचानक विदाई ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। 

यह भी पढ़ें- एनएच 18 पर विधायक सोमेश सोरेन का कारकेड दुर्घटनाग्रस्त, 4 सुरक्षाकर्मी घायल; टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती

यह भी पढ़ें- जमशेदपुर हादसा: चार मेधावी छात्रों की मौत पर कार्मेल जूनियर कॉलेज में शोक, रांची में होगा मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी तृषा का अंतिम संस्कार

यह भी पढ़ें- स्ट्रेस बस्टर प्लान बना काल: परीक्षा के तनाव से राहत पाने निकले थे जमशेदपुर के 4 छात्र, दर्दनाक हादसे में गंवाई जान