यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 04, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
थाने में युवती ने काट ली अपनी कलाई, किया हंगामा
युवती ने थाने में अपनी कलाई ब्लेड से काट ली और जमकर हंगामा किया।

जमशेदपुर, जेएनएन। सोनारी थाना परिसर में सोमवार की शाम चटनी डॉन उर्फ प्रिया सिंह ने अपनी कलाई ब्लेड से काट ली, और पुलिस पर आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगी। पुलिस ने उसे अविलंब इलाज के लिए एमजीएम भिजवाया। बताया जाता है कि इसके पूर्व में भी वह कई बार अपनी कलाई ब्लेड से काट चुकी है और छिनतई व लूट के मामले में जेल भी जा चुकी है।
जानिए, क्या है मामला:
टाइगर मोबाइल के जवानों ने चटनी डॉन के भाई करण व संतोष को एक स्कूटी के साथ सोनारी ग्वाला बस्ती के समीप पकड़ लिया, लेकिन संतोष मौके से भागने में सफल हो गया। चोरी की स्कूटी होने का शक कर उसे सोनारी थाना लेकर पहुंचे। स्कूटी की डिक्की की जांच करने पर उसमें से गांजा व चिलम बरामद हुआ। सोनारी पुलिस द्वारा करण को पकड़े जाने की बात सुन चटनी डॉन भागते हुए थाना में आई और करण को छोड़ने के लिए पुलिस पर दबाव बनाने लगी।
जब पुलिस ने उससे कहा कि स्कूटी के कागजात व अन्य दस्तावेज देखने के बाद ही करण को छोड़ा जाएगा तो वह गुस्से में आ गई और पुलिस के सामने ही अपनी कलाई काट ली। पुलिस ने करण को नहीं छोड़ा और चटनी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
