Shibu Soren News: शिबू सोरेन का चाकुलिया से था गहरा नाता, इस कार्यक्रम में हर साल होते थे शामिल
चाकुलिया और बहरागोड़ा से दिशोम गुरु शिबू सोरेन का गहरा नाता था। वे अक्सर चाकुलिया में शहीद साबुआ हांसदा की याद में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होते थे। 2018 में उन्होंने केरुकोचा हाट मैदान में जनसभा को संबोधित किया था जहाँ उन्होंने जल जंगल और जमीन बचाने का आह्वान किया। 1997 में शिबू सोरेन ने चाकुलिया के पुराना बाजार चौक का नामकरण बिरसा मुंडा के नाम पर किया था।

संवाद सूत्र, चाकुलिया। झारखंड आंदोलन के पुरोधा दिशोम गुरु शिबू सोरेन का चाकुलिया एवं बहरागोड़ा क्षेत्र से काफी लगाव था। वे अक्सर चाकुलिया प्रखंड के केरुकोचा में प्रतिवर्ष 12 सितंबर को जंगल बचाओ आंदोलन के प्रणेता शहीद साबुआ हांसदा की याद में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेने आते थे।
इसके अलावा चुनावी जनसभाओं एवं झारखंड आंदोलन के दौरान भी कई बार गुरुजी का इस क्षेत्र में आगमन हुआ था। उनसे जुड़ी स्मृतियां बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के लोगों के जेहन में आज भी तैर रही हैं। आखिरी बार गुरुजी वर्ष 2018 में झामुमो के तत्कालीन विधायक कुणाल षाड़ंगी के विशेष आग्रह पर चाकुलिया के केरुकोचा हाट मैदान पहुंचे थे।
यहां उन्होंने साबुआ हांसदा की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित किया था। तब उनके साथ पार्टी के दिग्गज नेता चंपाई सोरेन, पुत्र बसंत सोरेन एवं सोरेन परिवार के करीबी झामुमो नेता विनोद पांडे आदि भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। हालांकि उस कार्यक्रम में भी गुरुजी की सेहत ठीक नजर नहीं आ रही थी।
जल, जंगल, जमीन बचाने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान मंच पर बैठे गुरुजी उंघते दिखाई पड़े थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने लोगों से जल, जंगल, जमीन बचाने का आह्वान किया था। इसके साथ ही अपने हक एवं अधिकार के लिए एकजुट होने की बात कही थी। ग्रामीणों को नशा से दूर रहने की नसीहत भी गुरुजी ने दी थी।
इसके साथ ही उन्होंने तत्कालीन विधायक कुणाल षाड़ंगी को जनता की सेवा में लगे रहने का मंत्र भी दिया था। कार्यक्रम के दौरान शिबू सोरेन ने शहीद साबुआ हांसदा की पत्नी बाल्ही हांसदा को सम्मानित भी किया था।
दिशोम गुरु ने किया था बिरसा चौक का नामकरण
वर्ष 1997 में चाकुलिया के पुराना बाजार चौक का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर किया गया था। इस मौके पर आयोजित समारोह में दिशोम गुरु शिबू सोरेन चाकुलिया के बिरसा चौक पहुंचे थे। झारखंड मुक्ति मोर्चा के तत्कालीन प्रखंड अध्यक्ष एवं वर्तमान विधायक समीर मोहंती की पहल पर वह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें गुरु जी ने बिरसा चौक पर लोगों को संबोधित भी किया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।