विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand News: हजारीबाग में जबरदस्त landslide, पत्थर खदान में गिरा बभनबे पहाड़ का हिस्सा, आपदा प्रबंधन टीम अलर्ट

Published: Tue, 12 Aug 2025 01:37 AM (IST)

हजारीबाग सदर प्रखंड के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनबे पहाड़ में सोमवार सुबह बड़ा भूस्खलन हुआ। मूसलाधार बारिश के चलते ...और पढ़ें

हजारीबाग में भूस्खलन, पत्थर खदान में गिरा बभनबे पहाड़ का हिस्सा। .
हजारीबाग में भूस्खलन, पत्थर खदान में गिरा बभनबे पहाड़ का हिस्सा। .

HighLights

  1. सुबह सैर पर निकले लोगों ने बनाया वीडियो, देखने वालों की लगी भीड़
  2. आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट

संस, हजारीबाग। सदर प्रखंड के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनबे पहाड़ में सोमवार सुबह बड़ा भूस्खलन हुआ। मूसलाधार बारिश के चलते पहाड़ का लगभग 10 हजार वर्गफीट हिस्सा खिसककर नीचे गिर गया।

इससे भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ। भूस्खलन का मलबा पहाड़ी की तलहटी स्थित बंद पत्थर खदान में गिरा।

इससे करीब 50 फीट गहरी खदान का तीन-चौथाई हिस्सा भर गया। पत्थर के टुकड़े 100 मीटर दूर सड़क तक लुढ़क कर पहुंच गए। सुबह की सैर पर निकले लोग इस घटना के चश्मदीद बने और उन्हें भी भागकर अपनी जान बचानी पड़ी।

पूर्व मुखिया राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि हादसा सुबह लगभग 6 बजे हुआ और इसके बाद से पहाड़ का हिस्सा धीरे-धीरे टूटता रहा। उन्होंने कहा कि पिछले 50 दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी कमजोर हो गई है। 

इससे यह हादसा हुआ। उन्होंने वन विभाग और जिला प्रशासन से तुरंत बैरिकेडिंग कराने की मांग की है। स्थानीय निवासी मोहम्मद मुरूल्ला ने बताया कि हजारीबाग में यह पहली बार है जब भूस्खलन हुआ है।

आमतौर पर सुबह के समय लोग सैर और व्यायाम के लिए यहां आते हैं, लेकिन घटना के वक्त क्षेत्र खाली था। दूर से मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाया, जिसमें पहाड़ का खिसकना और मलबे का गिरना बेहद भयावह दिख रहा है।

मासीपीढ़ी पहाड़ की ऊंचाई जमीन से करीब 200 मीटर है और भूस्खलन पांच सौ फीट की ऊंचाई से हुआ। इस दौरान करीब 300 पेड़ नष्ट हो गए। प्रशासन ने इलाके में लोगों की आवाजाही रोक दी है।

आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए आसपास के और हिस्सों में भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों लोग पहाड़ को देखने पहुंच गए। सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं और इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।